शारदीय नवरात्रि में अगर आप साड़ी पहनने की सोच रही हैं, लेकिन नया ब्लाउज खरीदना नहीं चाहती हैं तो अपनी अलमारी में रखे सिंपल ब्लाउज को ही नया लुक दे सकती हैं। इसके लिए आपको ज्यादा पैसे खर्च करने या किसी डिजाइनर के पास जाने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। बस ब्लाउज के साथ कुछ छोटे-छोटे बदलाव करने होंगे।
सिंपल ब्लाउज को नया लुक कैसे दें?
कभी बाजुओं पर लेस लगाकर, तो कभी बैक पर डोरी या लटकन लगाकर आप अपने पुराने ब्लाउज को भी नया और स्टाइलिश लुक दे सकती हैं। आइए जानते हैं ऐसे 5 आसान तरीके, जिनसे नवरात्रि में आपका सिंपल ब्लाउज भी सुंदर और स्टाइलिश लगेगा।
क्विक स्टाइलिंग गाइड: सिंपल ब्लाउज को दें फेस्टिव लुक
| ब्लाउज का टाइप | क्या बदलाव करें | कौन सी साड़ी के साथ जंचेगा |
| एकदम प्लेन या सादा ब्लाउज | गले, स्लीव्स या बैक पर मिरर वर्क (शीशे) चिपकाएं | प्लेन साड़ी या नेट साड़ी |
| सिंपल कॉटन या सिल्क ब्लाउज | स्लीव्स के किनारों पर गोल्डन गोटा-पट्टी या लेस लगाएं | प्रिंटेड, कॉटन या सिल्क साड़ी |
| प्लेन बैक वाला ब्लाउज | पीछे रंग-बिरंगी डोरी और मोतियों/घुंघरू की लटकन लगवाएं | ट्रेडिशनल पूजा या गरबा लुक के लिए |
| बिना डिजाइन वाला ब्लाउज | हैवी ऑक्सीडाइज्ड चोकर या लंबे झुमके पहनें | बॉर्डर वाली या प्रिंटेड साड़ी |
| एक ही कलर के ब्लाउज | रेड को क्रीम, व्हाइट और ग्रीन को पिंक साड़ी के साथ कॉन्ट्रास्ट करें | किसी भी अलग रंग की सादा साड़ी |
image credit- pinterest/anoos jewellery
यह भी पढ़ें: फेस्टिव वियर में आउटडेटेड हुए पुराने कलर्स, इस त्योहार वार्डरोब में शामिल करें ये 8 ट्रेंडी और रॉयल शेड्स
1. सिंपल ब्लाउज पर लगाएं मिरर वर्क
अगर आपका ब्लाउज सिंपल यानी सादा है, तो उस पर छोटे-छोटे शीशे लगवाकर उसे फेस्टिव लुक दे सकती हैं। आप चाहें तो गले के पास, स्लीव्स पर या ब्लाउज के पीछे शीशे लगवा सकती हैं। इससे ब्लाउज में चमक आएगी और वह नवरात्रि के लिए अच्छा लगेगा। रेड, ग्रीन, येलो और ब्लू कलर के ब्लाउज पर मिरर वर्क खास तौर पर अच्छा लगता है। इसे आप प्लेन साड़ी के साथ पहन सकती हैं। अगर घर पर खुद ब्लाउज को डेकोरेट कर रही हैं तो कपड़े के लिए सही गोंद और लाइट मिरर वर्क का इस्तेमाल करें, ताकि ब्लाउज खराब न हो।
image credit- pinterest/Jothi Prakash
2. ब्लाउज की स्लीव्स पर लगाएं लेस या गोटा-पट्टी
सिंपल ब्लाउज को सुंदर बनाने का एक आसान तरीका उसकी स्लीव्स को नया लुक देना भी है। इसके लिए आप स्लीव्स के किनारे पर गोल्डन कलर का गोटा-पट्टी या सुंदर लेस लगवा सकती हैं। अगर ब्लाउज की स्लीव्स छोटी हैं, तो पतली लेस अच्छी लगेगी। वहीं, तीन-चौथाई स्लीव्स पर थोड़ी चौड़ी लेस भी अच्छी लगेगी। अगर आप नवरात्रि में पूजा के लिए साड़ी पहन रही हैं, तो गोल्डन लेस वाला ब्लाउज अच्छा रहेगा। इसे कॉटन, सिल्क या प्रिंटेड साड़ी के साथ पहन सकती हैं। बस ध्यान रखें कि साड़ी पर पहले से हैवी बॉर्डर है, तो ब्लाउज पर बहुत ज्यादा सजावट न करें।
image credit- pinterest/punams fashion
3. ब्लाउज के पीछे लगवाएं डोरी और सुंदर लटकन
अगर आपके ब्लाउज का आगे वाला हिस्सा सिंपल है, तो उसके पीछे डोरी और लटकन लगवाकर इसे सुंदर लुक दे सकती हैं। कलरफुल डोरी, मोतियों वाली लटकन या छोटे-छोटे घुंघरू ब्लाउज को अलग लुक देंगे। रेड ब्लाउज पर गोल्डन लटकन और ग्रीन ब्लाउज पर मोतियों वाली डोरी अच्छी लगेगी। अगर आप ज्यादा चमक-धमक नहीं पसंद है तो सिंपल कपड़े की डोरी भी चुन सकती हैं। इस तरह ब्लाउज का पीछे का हिस्सा भी सुंदर लगेगा और आपको नया ब्लाउज खरीदने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
image credit- pinterest/haries choices
4. ब्लाउज के साथ पहनें स्टाइलिश नेकलेस और झुमके
कई बार ब्लाउज को नया लुक देने के लिए उसमें कोई बदलाव करने की जरूरत नहीं होती है। आप सही ज्वेलरी पहनकर भी अपने सिंपल ब्लाउज को खास बना सकती हैं। अगर ब्लाउज का गला गोल है, तो उसके साथ चोकर या छोटा नेकलेस पहनें। वहीं, गले का डिजाइन थोड़ा खुला है, तो लंबा नेकलेस भी अच्छा लगेगा। नवरात्रि में ऑक्सीडाइज्ड झुमके, गोल्डन ईयररिंग्स और कलरफुल चूड़ियां भी साड़ी के साथ अच्छी लगेगी। अगर ब्लाउज और साड़ी दोनों ही सिंपल हैं, तो थोड़ी हैवी ज्वेलरी पहन सकती हैं।
image credit- pinterest/lavanya
5. सिंपल ब्लाउज को कॉन्ट्रास्ट साड़ी के साथ करें स्टाइल
अगर आपके पास एक ही कलर के कई सिंपल ब्लाउज हैं, तो उन्हें अलग-अलग कलर की साड़ियों के साथ पहनकर नया लुक पा सकती हैं। जैसे रेड ब्लाउज को क्रीम या व्हाइट साड़ी के साथ पहनें। ग्रीन ब्लाउज के साथ गुलाबी या गोल्डन कलर की साड़ी अच्छी लगेगी। वहीं, ब्लैक ब्लाउज को कलरफुल प्रिंटेड साड़ी के साथ पहन सकती हैं। बस कॉन्ट्रास्ट कलर चुनते समय ध्यान रखें कि साड़ी और ब्लाउज के कलर एक-दूसरे के साथ अच्छे लगें।
नवरात्रि में सिंपल ब्लाउज पहनते समय ध्यान रखें ये बातें
अगर आप नवरात्रि पर सिंपल ब्लाउज से भी अट्रैक्टिव लुक पाना चाहती हैं, तो कुछ बाताें का ध्यान रखना होगा। जैसे-
- ब्लाउज की फिटिंग सही रखें, क्योंकि अच्छी फिटिंग से पूरा लुक परफेक्ट लगता है।
- ब्लाउज को डेकोरेट करने के लिए एक या दो चीजें ही चुनें, ताकि ब्लाउज बहुत भरा हुआ न लगे।
- पूजा या गरबा के लिए ऐसा ब्लाउज पहनें जिसमें हाथ आसानी से हिला सकें।
- साड़ी के कलर और ब्लाउज की सजावट का ध्यान रखें।
तो इस शारदीय नवरात्रि में अपने सिंपल ब्लाउज को नया लुक देने के लिए महंगे कपड़े खरीदने की जरूरत नहीं है। बस थोड़ी-सी क्रिएटिविटी, सही ज्वेलरी और साड़ी के साथ अच्छी मैचिंग से आप अपने पुराने ब्लाउज को भी फेस्टिव और एलिगेंट बना सकती हैं।
साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Cover Image Credit- AI
