क्या आप भी इस साल दुल्हन बनने वाली हैं और अपने लहंगा लुक को लेकर कन्फ्यूज हैं? तो इसमें हम आपकी मदद कर सकते हैं। आमतौर पर लड़कियां लहंगे का रंग और डिजाइन तो पसंद कर लेती हैं, मगर इसके दुपट्टे की स्टाइलिंग को लेकर अक्सर भ्रमित रहती हैं। सालों से ज्यादातर दुल्हनें ब्राइडल लुक के साथ वही 2-3 तरीकों से दुपट्टे स्टाइल करती आ रही हैं, लेकिन इस साल आप कुछ नया ट्राई कर सकती हैं। आजकल ये 5 Dupatta Draping स्टाइल काफी ट्रेंड में हैं, जो सोशल मीडिया पर भी छाए हुए हैं। ये ट्रेडिशनल लुक में मॉडर्न का तड़का लगते हुए एक खूबसूरत और ग्रेसफुल ब्राइडल लुक पाने में आपकी मदद कर सकते हैं। इन्हें लहंगे के साथ कम समय में आसानी से स्टाइल किया जा सकता है। इस तरह आप लहंगे के साथ दुपट्टे को आसानी से मैनेज कर सकती हैं।

1. दुपट्टे को बेल्ट या कमरबंद के साथ स्टाइल करें

अगर अपनी शादी पर सामान्य से हटकर कुछ अलग तरीके से लहंगा स्टाइल करना चाहती हैं, तो ब्राइडल लहंगा लुक के लिए अपने दुपट्टे की प्लेटिंग बनाएं, फिर इन्हें आगे की ओर थोड़ा छोटा और पीछे कि ओर लंबा रख कर कंधे पर पिन कर लें। अब कमर में बेल्ट या कमरबंद लगाकर दुपट्टे की आगे की प्लेटिंग को सुरक्षित कर लें। और पीछे बचे दुपट्टे को एक छोर से पकड़कर साइड की ओर से कमर के पास पिन कर लें। अगर जरूरी हो तो दूसरे दुपट्टे को सिर पर रखें और पिन से सिक्योर कर लें। इस तरह आपको मॉडर्न ट्रेडिशनल लुक पाने में मदद मिलती है।

2. ओपन सिंगल दुपट्टा स्टाइलिंग

ब्राइडल लुक को यादगार बनाने के लिए दुपट्टा बांधने का यह यूनिक तरीका देख सकती हैं। खासकर अगर आप पेस्टल या सिंगल बोल्ड रंग का लहंगा पहन रही हैं, जिसके साथ डिजाइनर ब्लाउज बनवाया है, तो दुपट्टा बांधने का यह तरीका सबसे अच्छा रहेगा। सिंगल दुपट्टे को दोनों ओर से बराबर करके माथे पर पिन कर लें, फिर एक तरफ से दुपट्टे को कंधे से आगे कि ओर ले आएं और दूसरी ओर से इसे पीछे रखें। इसके साथ खुले बाल अधिक आकर्षक लग सकते हैं। इसमें ब्लाउज और लहंगे का घाघरा दोनों पूरी तरह दिखते हैं और आकर्षण का मुख्य केंद्र होते हैं।

3. फ्रंट फ्लो दुपट्टा ड्रेपिंग

दुपट्टे को फ्लो करवाने के लिए इसे दोनों ओर कंधे पर पिन कर लें और आगे कि ओर से प्लेटिंग जैसा V-आकार का फ़्लो बनाने की कोशिश करें। दुपट्टे को पहले से सामने की तरफ ढीला छोड़ दें, इस तरह आपके लिए यह स्टाइल बनाना बहुत आसान हो जाएगा। अगर जरूरत हो तो इसके साथ दूसरे दुपट्टे से सिर पर ओपन पल्ला रख सकती हैं। दुपट्टा बांधने का यह डिजाइन पंजाबी ब्राइड्स का पसंदीदा है। कम मेहनत में जल्दी बंध जाने वाला यह डिजाइन बेहद आकर्षक लगता है और ट्रेडिशनल से हटकर आपको मिनटों में यूनिक और आकर्षक लहंगा लुक दे सकता है।

4. सिंगल दुपट्टे से करें चेस्ट और हेड ड्रेपिंग

अगर आपकी शादी के दिन भी नजदीक आ गए हैं और अभी तक लहंगे के साथ दुपट्टा कैसे पहनना है यह नहीं सोच पा रही हैं, तो यह स्टाइल सबसे अच्छा रहेगा। यह दुपट्टा लेने का बहुत पारंपरिक तरीका है। पुराने सिंपल दुपट्टा ड्रेपिंग से हटकर इस बार यह ट्राई कर सकती हैं। इस तरह की दुपट्टा ड्रेपिंग डिजाइन सिखों में खूब पसंद की जाती है। इसे बनाने के लिए एक बड़ा दुपट्टा चाहिए, जिसे बीच में से सिर पर रखना होता है। इसे अलग-अलग तरह से पिन कर सकती हैं। जैसे एक तरफ से आगे की ओर लाकर कंघे से लटकता हुआ छोड़ दें और दूसरी तरफ से दुपट्टे का एक छोर पकड़कर उसे आगे कि ओर ओढ़ते हुए दूसरे कंधे पर पिन कर लें।

5. फ्रंट सिंगल शोल्डर सिक्योर फ्लोई दुपट्टा स्टाइल

सिंगल शोल्डर सिक्योर फ्लोई दुपट्टा स्टाइल आमतौर पर रिसेप्शन और एंगेजमेंट लुक के लिए अधिक आकर्षक साबित हो सकता है। यह दुपट्टा बांधने का सबसे आसान तरीका हो सकता है। इसके लिए एक कंधे पर दुपट्टे को पिन कर लें और दूसरी ओर से इसे हाथ पर फ्लो होने दें। आप चाहें तो हाथ के पास प्लेट्स बनाकर अपने दुपट्टे को सिक्योर कर सकती हैं। इस तरह आप लहंगे और दुपट्टे को आसानी से मैनेज कर सकती हैं। यह तरीका आपके ट्रेडिशनल लुक में मॉडर्न टच जोड़ सकता है।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।