त्योहार के मौके पर लोग नए कपड़े खरीदते हैं और पहनते हैं। इतना ही नहीं बल्कि घर की सजावट से लेकर खाने-पीने हर चीज की खास तैयारी की जाती है। ऐसे में अक्सर महिलाएं कपड़ों लेकर परेशान हो जाती हैं। अलमारी में कई सूट होने के बावजूद लगता है कि पहनने के लिए कुछ नया नहीं है। हर बार त्योहार के लिए नया आउटफिट खरीदना कई बार बजट पर भी भारी पड़ सकता है। इस स्थिति में समझ नहीं आता है क्या करें। अगर आप इस त्योहार नया सूट नहीं खरीद पा रही हैं, तो पुराने सूट को सही तरीके से स्टाइल करके भी बिल्कुल नया लुक पा सकती हैं? इसकी खास बात यह है कि इसके लिए आपको महंगे कपड़े खरीदने की जरूरत नहीं है।

पुराने सूट को इस त्योहार ऐसे करें स्टाइल

अगर आप त्योहार के मौके पर नया एथनिक वियर नहीं खरीद पा रही हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप अपने पुराने सूट के साथ कुछ बदलाव करके नया लुक क्रिएट कर सकती हैं।

1. पुराने सूट के साथ नया दुपट्टा करें कैरी

पुराने सूट को नया लुक देने का सबसे आसान तरीका उसके साथ अलग दुपट्टा पहनना है। अगर आपके पास एक ही रंग का साधारण सूट है, तो उसके साथ कंट्रास्ट रंग का दुपट्टा कैरी कर सकती हैं। उदाहरण के लिए, सफेद सूट के साथ लाल या गुलाबी दुपट्टा अच्छा लगेगा। वहीं, गहरे रंग के सूट के साथ हल्के रंग का दुपट्टा भी खूबसूरत दिखाई दे सकता है। त्योहार के लिए गोटा-पट्टी, कढ़ाई या हल्की चमक वाला दुपट्टा चुन सकती हैं। दुपट्टे को कभी एक कंधे पर खुला रखें, तो कभी प्लीट्स बनाकर पिन करें। इससे एक ही सूट का लुक अलग नजर आएगा।

Image Credit-Pinterst/Amazon.in

2. ज्वेलरी बदलकर पाएं फेस्टिव लुक

कई बार कपड़े वही होते हैं, लेकिन ज्वेलरी बदलने से पूरा लुक अलग दिखाई देने लगता है। अगर आपका सूट साधारण है, तो उसके साथ ऑक्सीडाइज्ड झुमके, चांदबाली या स्टेटमेंट नेकलेस पहन सकती हैं। हल्के रंग के सूट के साथ मोती वाली ज्वेलरी अच्छी लगती है, जबकि गहरे रंग के आउटफिट के साथ गोल्डन टोन के झुमके त्योहार वाला अंदाज दे सकते हैं। ध्यान रखें कि अगर सूट पर पहले से भारी कढ़ाई है, तो ज्वेलरी हल्की रखें। इससे आपका लुक संतुलित और आकर्षक लगेगा।

Image Credit-pinterest

3. सूट के साथ बदलें बॉटम वियर

अगर आप पुराने सूट को अलग अंदाज में पहनना चाहती हैं, तो उसके साथ पहने जाने वाले बॉटम वियर को बदल सकती हैं। सीधे पैंट वाले सूट के साथ प्लाजो पहनने से लुक थोड़ा अलग हो सकता है। वहीं, छोटे कुर्ते के साथ शरारा या घर में मौजूद अच्छी फिटिंग वाली पैंट भी पहनी जा सकती है। अनारकली सूट के साथ चूड़ीदार या फिटेड बॉटम अच्छा ऑप्शन है। बस कपड़ों की लंबाई, फिटिंग और रंग का ध्यान रखें, ताकि पूरा आउटफिट एक-दूसरे के साथ अच्छा लगे।

Image Credit-ai

4. बेल्ट और दुपट्टे की ड्रेपिंग से बदलें स्टाइल

सूट को नया लुक देने के लिए स्टाइलिंग के छोटे प्रयोग भी काम आ सकते हैं। अगर आपका कुर्ता थोड़ा ढीला है, तो उसके ऊपर कपड़ों के हिसाब से पतली बेल्ट लगाकर अलग लुक क्रिएट कर सकती हैं। हालांकि, यह तरीका हर तरह के कुर्ते पर अच्छा नहीं लगेगा, इसलिए पहले पहनकर देखें। इसी तरह आप दुपट्टे को भी अलग-अलग तरीके से सेट कर सकती हैं। इसके लिए दोनों कंधों पर रखने के बजाय एक कंधे पर पिन कर सकती हैं या सामने खुला छोड़ सकती हैं। इससे आपका सूट नया लुक देगा।

Image Credit-ai

5. फुटवियर और हेयरस्टाइल पर दें ध्यान

कपड़ों के साथ फुटवियर और हेयरस्टाइल भी पूरे लुक को बदलते हैं। पुराने सूट के साथ जूती, सैंडल या ब्लॉक हील्स पहन सकती हैं। अगर आप लंबे समय तक त्योहार की तैयारियों या पूजा में व्यस्त रहने वाली हैं, तो कंफर्टेबल फुटवियर चुनें।

हेयरस्टाइल में खुले हल्के कर्ल, लो बन या गजरे वाला बन आजमा सकती हैं। इसके साथ छोटी बिंदी और हल्का मेकअप आपके लुक को पूरा कर सकता है। बहुत सारी चीजें एक साथ इस्तेमाल करने के बजाय दो-तीन चीजों पर ध्यान दें।

अगर आप त्योहार के मौके पर कुछ नया नहीं खरीद पाई हैं, तो आप ऊपर बताए गए स्टाइल को फॉलो करके नया और स्टाइलिश लुक क्रिएट कर सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI (Main Image)