हम सभी के घर में शैंपू का इस्तेमाल जरूर होता है। आमतौर पर लोग सिर्फ बाल धोने के लिए ही करते हैं, लेकिन अगर घर का कोई भी क्लीनिंग प्रोडक्ट खत्म हो जाए, तो यही शैंपू छोटी-मोटी सफाई में भी काम आ सकता है। दरअसल, शैंपू का काम बालों से तेल, पसीना और गंदगी हटाना होता है। इसमें मौजूद क्लीनिंग एजेंट ग्रीस और मैल को हटाने में भी मदद करते हैं। इसी वजह से इसे घर की सफाई में इस्तेमाल किया जा सकता है।
हलांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि घर की हर चीज पर शैंपू ही डाल दिया जाए। हम आपको बता रहे हैं कि आप इसका इस्तेमाल कैसे और कहां-कहां कर सकती हैं। आइए जानते हैं-
1. कपड़ों से तेल के दाग हटाने में मदद करता है शैंपू
खाना बनाते समय अक्सर कपड़ों पर तेल या ग्रीस गिरना तो हो ही जाता है। ऐसे में अगर आपके पास स्टेन रिमूवर नहीं है, तो थोड़ा शैंपू आजमा सकती हैं। इसके लिए-
- साफ कपड़े पर थोड़ा शैंपू लें।
- उसे थोड़ा सा गीला कर लें।
- अब दाग वाली जगह पर रगड़ने के बजाय धीरे-धीरे इसे थपथपाएं।
- जरूरत लगे तो इसे दोहरा भी सकती हैं।
हालांकि, यह तरीका पुराने जिद्दी दाग पर काम नहीं करेगा।
2. छोटे कारपेट और रग की सफाई
अगर आपके घर में छोटे कारपेट या रग पर गंदगी या दाग लग गई है, तो शैंपू का इस्तेमाल यहां पर भी किया जा सकता है। इसके लिए थोड़े शैंपू को गुनगुने पानी में मिला लें। अब इसे दाग वाली जगह पर बहुत कम मात्रा में लगाएं। इसके बाद साफ कपड़े से हल्के हाथ से ब्लॉट करें और बाद में पानी से साफ कर दें। ध्यान रखें कि बड़े और बहुत ज्यादा गंदे कारपेट की डीप क्लीनिंग के लिए शैंपू काम नहीं करेगा।
3. टाइल्स वाले फर्श की सफाई
आजकल ज्यादातर लोग घर की जमीन पर टाइल्स लगवाते हैं। ऐसे में अगर टाइल्स के फर्श पर गंदगी या मैल जमा हो गया है, तो पानी में शैंपू की कुछ बूंदें मिलाकर भी आप सफाई कर सकती हैं। बस ध्यान रखें कि शैंपू ज्यादा डालने से फर्श साफ होने के बजाय चिपचिपा हो सकता है। इसलिए पानी में बस थोड़ी मात्रा में ही शैंपू मिलाएं।
4. मेकअप ब्रश की सफाई
मेकअप ब्रश को लंबे समय तक साफ न करने पर उसमें तेल, धूल और मेकअप प्रोडक्ट की लेयर तो जमा हो ही जाती है। ऐसे में इन्हें साफ करने के लिए आप पानी में थोड़ा शैंपू मिलाकर ब्रश को साफ कर सकती हैं। ब्रश साफ करने के बाद उसे साफ पानी से अच्छी तरह धो लें, वरना बाद में यह चिपचिपा हो सकता है।
5. हेयर ब्रश भी कर सकती हैं साफ
जिस तरह मेकअप ब्रश पर प्रोडक्ट जमा हो जाते हैं, उसी तरह हेयर ब्रश में भी बालों के साथ तेल और धूल जमा होती है। पानी में थोड़ी मात्रा में शैंपू मिक्स कर लें और फिर इसी पानी से हेयर ब्रश को साफ कर लें। धोने के बाद हेयर ब्रश का अच्छी तरह पानी से साफ कर लें और पूरी तरह सूखने दें।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik
