आजकल हर किसी के घर में कोई न कोई ऑनलाइन पार्सल आता ही है। जैसे ही डिलीवरी बॉय पैकेट देकर जाता है, वैसे ही हम खुशी-खुशी प्रोडक्ट निकालकर डिब्बा फेंक देते हैं, लेकिन क्या आप जानती हैं कि जल्दबाजी में डिब्बा फेंकना आपको भारी पड़ सकता है? डिब्बे पर लगी कुछ छोटी डिटेल्स और अंदर रखा सामान आपके बहुत काम का होता है। फेंकने से पहले इन बातों को जरूर चेक कर लें, वरना बाद में पछताना पड़ सकता है। कुछ चीज तो ऐसी होती है, जिसका अगर ध्यान न दिया जाए तो आप ठगी का शिकार हो सकती हैं।

डिब्बा फेंकने से पहले चेक करें ये डिटेल्स

ऑनलाइन पार्सल आने के बाद अगर आप भी डिब्बा फेंक देती हैं, तो ये जरूरी बातें आपके लिए हैं। इन बातों को न अपनाने से आपका बड़ा नुकसान हो सकता है। आइए जानते हैं यहां।

1. रिटर्न और वारंटी का सारा खेल इसी डिब्बे पर है

बहुत बार ऐसा होता है कि हमने जो प्रोडक्ट मंगाया है वो पसंद न आने पर हम वापस करना चाहते हैं। ज्यादातर बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों की पॉलिसी है कि प्रोडक्ट को ओरिजिनल पैकेजिंग में ही वापस किया जाना चाहिए। ऐसे में डिब्बा फेंक देने से रिटर्न या एक्सचेंज रिक्वेस्ट कैंसिल हो सकती है। इसी तरह मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक आइटम और जूतों के साथ वारंटी कार्ड और बिल जैसी चीजें डिब्बे में होती है। डिब्बा फेंकने के साथ वो भी चली जाती है और बाद में सर्विस सेंटर पर आपको दिक्कत होती है।

2. डिब्बे पर लगी है आपकी जरूरी डिटेल

आपने कभी गौर किया है कि पार्सल पर एक सफेद स्टीकर लगा होता है जिस पर आपका नाम, पूरा पता, मोबाइल नंबर और कभी-कभी ऑर्डर की कीमत भी लिखी होती है? इस चीज को 'शिपिंग लेबल' कहते हैं। अगर आप डिब्बे को ऐसे ही कूड़े में फेंक देती हैं तो आपकी ये पर्सनल जानकारी किसी के भी हाथ लग सकती है। आजकल बहुत से स्कैम चल रहे हैं और स्कैमर्स इस जानकारी का इस्तेमाल करके आपको फर्जी कॉल या मैसेज कर सकते हैं।

3. अंदर का सामान चेक करना न भूलें

बहुत बार ऐसा होता है कि प्रोडक्ट को देखने की जल्दी में हम बॉक्स के अंदर नहीं देखते हैं। कई प्रोडक्ट्स के साथ छोटे-छोटे एक्स्ट्रा पार्ट्स, जैसे मोबाइल का सिम इजेक्टर पिन, चार्जर, वारंटी कार्ड, यूजर मैनुअल या कपड़ों के साथ एक्स्ट्रा बटन, बेल्ट आते हैं जो डिब्बे में ही रह जाते हैं। बाद में जब जरूरत पड़ती है तो वो मिलते ही नहीं हैं। इसलिए प्रोडक्ट निकालने के बाद डिब्बे को एक बार अच्छे से उलट-पलट कर जरूर देख लें।

डिब्बा कितने दिन में फेंके?

कोई भी डिब्बा तुरंत न फेंके। उसे कम से कम रिटर्न पीरियड यानी 7 से 10 दिन तक जरूर संभाल कर रखें। प्रोडक्ट पसंद आ जाए तब ही उसे रीसायकल करें। साथ ही फेंकने से पहले काले मार्कर से आपका नाम और नंबर काट दें या लेबल को फाड़ दें। अगर डिब्बा बड़ा और गत्ते का हो तो मोड़कर कबाड़ी वाले को दें।

अगली बार जब भी ऑनलाइन शॉपिंग का डिब्बा खोलें तो उसे कूड़ा समझकर तुरंत न फेंके, बल्कि एक बार ऊपर दी गई इन बातों पर ध्यान जरूर दें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।