आज के समय में ज्यादातर लोग अपने वॉशरूम में टॉयलेट पेपर रोल जरूर लगाते हैं, लेकिन शायद ही कोई इस बात पर ध्यान देता होगा कि रोल किस तरफ से लटकाना चाहिए? कुछ लोगों को राेल का खुला हिस्सा आगे की तरफ यानी ओवर रखना अच्छा लगता है, जबकि कुछ लोग इसे पीछे की तरफ यानी अंडर लगाते हैं। सुनने में यह भले ही छोटी सी बात लगे, लेकिन इसका सही तरीका भी जानना जरूरी है।
खास बात तो यह है कि टॉयलेट पेपर रोल बनाने वाले शुरुआती डिजाइन में भी इसे आगे की तरफ ही लटकते हुए दिखाया गया था। तो आखिर ओवर और अंडर में से कौन-सा तरीका बेहतर है और इसके पीछे क्या वजह है? आइए जानते हैं-
टॉयलेट पेपर रोल लगाने का सही तरीका क्या है?
टॉयलेट पेपर को लगाने का सही तरीका ओवर माना जाता है। इसका मतलब है कि पेपर का खुला हिस्सा आगे की तरफ हो और कागज ऊपर से गिरकर नीचे लटके। क्योंकि-
- जब आप रोल के सामने खड़ी होती हैं, तो कागज का सिरा तुरंत दिख जाता है और इसे खींचना आसान होता है।
- 1891 में सेठ व्हीलर ने जब टॉयलेट पेपर रोल का पेटेंट कराया था, तब उसके फोटो में भी कागज को आगे की तरफ ही लटका हुआ दिखाया गया था।
- हालांकि, यह कोई नियम नहीं है, लेकिन इससे पता चलता है कि इसे इस्तेमाल करने के लिए असल में कैसे डिजाइन किया गया था।
ओवर रखने के क्या फायदे हैं?
टॉयलेट पेपर को ओवर रखने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि उसका सिरा आसानी से दिखाई देता है। आपको पेपर ढूंढने के लिए रोल को बार-बार छूने की जरूरत नहीं पड़ती है। इसके कुछ और फायदे भी हैं। जैसे-
- पेपर का खुला हिस्सा तुरंत नजर आ जाता है।
- एक हाथ से पेपर को आसानी से खींचा जा सकता है।
- पेपर को फाड़ने में आसानी होती है।
- दीवार या होल्डर को बार-बार छूने की जरूरत नहीं पड़ती है।
- नया रोल लगाना भी आसान रहता है।
- रोल ज्यादा ऑर्गनाइज्ड नजर आता है।
टॉयलेट पेपर को अंडर रखने पर क्या होता है?
टॉयलेट पेपर को अंडर रखने का मतलब है कि कागज का खुला हिस्सा पीछे दीवार की तरफ लटकता है। आमतौर पर कम ही लोग इस तरीके को अपनाते हैं। क्योंकि-
- कागज का सिरा आसानी से दिखाई नहीं देता, जिससे उसे ढूंढना पड़ता है।
- सिरा ढूंढने के चक्कर में हाथ बार-बार दीवार या होल्डर से टच होता है, जिससे बैक्टीरिया वहां भी लग सकते हैं।
- हालांकि, इस तरह रोल लगाने में कोई बड़ी रुकावट नहीं है, लेकिन यह ओवर रखने जितना आसान नहीं है।
हाइजीन के हिसाब से कौन-सा तरीका बेहतर है?
आपको बता दें कि टॉयलेट पेपर को ओवर रखना ज्यादा हाइजीनिक और बेहतर माना जाता है। क्योंकि ओवर रखने से कागज दीवार से दूर रहता है। इसे निकालते समय आपके हाथ दीवार या होल्डर से नहीं टकराते, जिससे इंफेक्शन का खतरा कम होता है। इसके अलावा कागज का सिरा भी सीधे सामने दिखता है, जिससे इसे खींचना और फाड़ना आसान होता है।
यह भी पढ़ें- कभी Toilet Paper खरीदना भी माना जाता था अजीब, आज बना हर घर की जरूरत; जानें कैसे हुई इसकी शुरूआत
हालांकि अंडर तरीका अपनाना कोई बड़ी गलती नहीं है, लेकिन सुविधा और साफ-सफाई दोनों के लिहाज से ओवर ही सबसे सही तरीका माना जाता है।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik
