आजकल लोग घरों की सुंदरता बढ़ाने के ल‍िए कई सारे पौधे जरूर लगाते हैं। इनकी देखभाल में पूरा समय भी देते हैं तभी ये अच्‍छे से फलते-फूलते भी हैं। इसके ल‍िए लोग बाजार से खाद और वर्मीकंपोस्‍ट खरीदकर लाते हैं, लेक‍िन क्‍या आप जानती हैं क‍ि घर में आप जब आलू उबालती हैं, तो उसका पानी भी पौधों की देखभाल कर सकता है? आमतौर पर लोग आलू उबालने के बाद इसका पानी स‍िंक में फेंक देते हैं, लेक‍िन अब आप इसका इस्‍तेमाल पौधों में नेचुरली खाद के रूप में कर सकती हैं।

बस उबले आलू के पानी का सही तरीके से इस्‍तेमाल करना जरूरी है। हम आपको अपने इस लेख में इस बात की पूरी जानकारी दे रहे हैं। आइए जानते हैं-

उबले आलू का पानी पौधों के ल‍िए कैसे फायदेमंद है?

आपको बता दें क‍ि जब हम आलू उबालते हैं, तो उसका स्‍टार्च और पानी में घुलने वाले दूसरे पोषक तत्व पानी में आ जाते हैं। इसी वजह से उबले आलू का बचा पानी पौधों की देखभाल में इस्तेमाल किया जाता है, लेक‍िन ध्‍यान रखें क‍ि पौधों के लिए इस्तेमाल करने वाला पानी सादा उबला हुआ आलू का पानी होना चाहिए। इसमें नमक, मसाला, तेल या दूसरी चीजें नहीं मिली होनी चाहिए। अगर आलू उबालते समय पानी में नमक डाला गया है, तो उस पानी को पौधों में न डालें।

पानी को सीधे पौधे में न डालें

अगर आप इस पानी का पौधों में इस्‍तेमाल करना चाहती हैं, तो सबसे पहले उबले आलू के पानी को ठंडा होने दें। इसके बाद आप इसे पौधों की म‍िट्टी में डाल सकती हैं। अगर पानी गाढ़ा हो चुका है, तो उसमें अलग से आप थोड़ा सा पानी म‍िला सकती हैं। बस ध्‍यान रहे क‍ि गमले में उतना ही पानी डालें जि‍तना जरूरत हो।

पौधों में कैसे डालें उबले आलू का पानी?

अब आपके मन में यही सवाल आ रहा होगा क‍ि पौधे में आलू का पानी कैसे डालना है? बता दें क‍ि सबसे पहले आलू उबालने के बाद बचे हुए पानी को सबसे पहले अलग कर लें। इसके बाद पानी को गमले की म‍िट्टी में धीरे-धीरे डालें। इसे पत्तियाें पर डालने की जरूरत नहीं है। इसे एक ही गमले में न डालें, थोड़ा-थोड़ा करके सभी गमलाें में इसका पानी यूज कर सकती हैं।

क्या उबले आलू के पानी से पौधे तेजी से हरे-भरे हो जाएंगे?

उबले आलू का पानी पौधों की देखभाल में मदद कर सकता है, लेकिन ऐसा ब‍िल्‍कुल नहीं है क‍ि इससे पौधे तुरंत हरे-भरे हो जाएंगे। पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए मिट्टी, पानी, रोशनी और उसकी दूसरी जरूरतों का भी ध्यान रखना होगा।

फूल वाले पौधों में भी कर सकती हैं आलू के पानी का इस्तेमाल

अगर आपके घर में गुलाब, गेंदा या दूसरे फूल वाले पौधे लगे हैं, तो सादा और ठंडा किया हुआ उबले आलू का पानी मिट्टी में डाल सकती हैं। साथ ही पौधों की सफाई भी करती रहें। साथ ही सूखी हुई पत्तियों को भी समय-समय पर हटाएं। इसके अलावा कटाई-छंटाई भी करते रहना जरूरी होता है।

इन बातों का जरूर रखें ध्यान

अगर आप पौधों में उबले आलू के पानी का यूज कर रही हैं, तो कुछ बातों का ध्‍यान रखना जरूरी होता है। जैसे-

  • पानी में नमक या मसाला नहीं होना चाहिए।
  • पानी को हमेशा ठंडा करके ही पौधों में डालें।
  • जरूरत से ज्यादा पानी एक साथ गमले में न डालें।
  • पानी को पत्तियों पर डालने के बजाय मिट्टी में डालें।
  • इस पानी का इस्‍तेमाल हर पौधों में महीने में एक बार ही करें।

अगली बार आलू उबालने के बाद पानी सिंक में डालने की बजाय उसे ठंडा करके अपने पौधों में इस्तेमाल कर सकती हैं। यह पौधों की देखभाल का एक आसान नुस्‍खा है। हालांक‍ि, यह लेख सामान्‍य जानकारी पर आधारित है। अगर आप इसका इस्‍तेमाल पौधों में करना चाहती हैं ताे माली या क‍िसी एक्‍सपर्ट से एक बार पूछ लें।

साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik