भारत देश में नवरात्रि, दशहरा और दिवाली जैसे कई बड़े-बड़े त्योहार मनाए जाते हैं। इन त्योहारों पर लोग अपने घर को एक से बढ़कर एक खूबसूरत डेकोरेशन की चीजों से सजाते हैं। वे घर में रोशनी, फूलों की लड़ियां, सुंदर रंगोली और कई नए-नए तरीके आजमाते हैं, लेकिन जैसे ही त्योहार खत्म होते हैं, वैसे ही घर समेटने में बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है। घर के कोनों में बिखरे पड़े सामान और ढेर सारी सजावट की चीजें महिलाओं को परेशान कर सकती हैं। ऐसे में अब आप स्मार्ट डी-क्लटरिंग रूल अपनाकर इस परेशानी को काफी हद तक कम कर सकती हैं। आइए जानते हैं इस खास रूल के बारे में।

क्या है तीन डिब्बों वाला स्मार्ट डी-क्लटरिंग रूल?

अगर आप भी इस रूल को लेकर कंफ्यूज हैं, तो आइए जानते हैं कि आखिर यह है क्या। त्योहार के बाद घर समेटने के लिए यह रूल सबसे असरदार माना जाता है। इसमें जब भी आप डेकोरेशन का सामान समेटने लगें, तो अपने पास तीन अलग-अलग डिब्बे रख लें। इन तीनों डिब्बों पर तीन नाम लिख दें: रियूज, रिपेयर और डोनेट।

तीनों डिब्बों का इस्तेमाल कैसे करें?

सजावट की हर एक चीज को हाथ में लें और तय करें कि इनमें से कौन सी चीज किस डिब्बे में रखनी है। इस रूल को अपनाने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपके घर में कोई भी बेकार या टूटी-फूटी चीज दोबारा जगह नहीं घेरेगी और सामान बाद में ढूंढने पर आसानी से मिल जाएगा।

1. पहला डिब्बा: रियूज

इस डिब्बे में केवल उन सामानों को रखें जो अगले साल भी त्योहारों या छोटे-मोटे फंक्शन में काम आ सकें। जैसे - सही चलती हुई लाइट्स, साफ-सुथरी मूर्तियां, मेटल की झालरें और अन्य सजावटी चीजें।

2. दूसरा डिब्बा: रिपेयर

जिस डिब्बे पर 'रिपेयर' लिखा हो, उसमें ऐसे सामान रखें जो थोड़े टूट-फूट गए हैं या बंद पड़े हैं और जिन्हें आप ठीक करवाना चाहती हैं। जैसे - खराब या टूटी हुई लड़ियां और खराब लाइटिंग वाली चीजें इस बॉक्स में रख सकती हैं, ताकि समय रहते आप उन्हें रिपेयर करवा सकें।

3. तीसरा डिब्बा: डोनेट

इस डिब्बे में उन सभी चीजों को रख दें जो आपके काम नहीं आने वाली हैं और त्योहार के बाद आपके लिए उनका कोई इस्तेमाल नहीं है। इन चीजों को डोनेट बॉक्स में रखने के बाद आप किसी जरूरतमंद को दे सकती हैं या फिर कबाड़ में बेच सकती हैं। इससे आपके घर में फालतू सामान जगह नहीं घेरेगा।

त्योहारों के बाद घर को हमेशा व्यवस्थित रखने के आसान टिप्स

त्योहारों के बाद भी अगर आप लंबे समय तक अपने घर को व्यवस्थित और साफ-सुथरा रखना चाहती हैं, तो कुछ बातों का खास ध्यान रखें -

  • जो सामान आपने 'रियूज' वाले डिब्बे में रखा है, उसकी एक छोटी सी लिस्ट अपने फोन में या किसी डायरी में लिख लें, ताकि अगले साल आपको सामान ढूंढना न पड़े।
  • पूरे घर का सामान एक साथ फैलाकर न रखें। इसके बजाय आप एक बार में केवल एक कमरे या एक अलमारी की सफाई करें।
  • हर साल नया सामान खरीदने के बजाय पहले से घर में रखे पुराने सामानों की जांच कर लें।

निष्कर्ष: त्योहारों के बाद घर की सफाई और सामान समेटना अब आपके लिए कोई सिरदर्द नहीं बनेगा। ऊपर बताए गए इस 3-बॉक्स डी-क्लटरिंग रूल को अपनाकर आप अपने घर को कम समय में बेहद आसानी से साफ, सुंदर और व्यवस्थित बना सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से। 

(Image credit: magnific)