चंपा के फूलों की खुशबू बहुत लोगों को पसंद आती है। घर के गार्डन या बालकनी में कोई इसे लगा लें तो खूबसूरती चार गुना ज्‍यादा बढ़ जाती है। अगर आपके घर में पहले से चंपा का पौधा लगा हुआ है और उससे और पौधे तैयार करना चाहती हैं, तो आपको हर बार नर्सरी जाने की जरूरत नहीं है। चंपा यानी प्‍लूमेर‍िया को तने की कट‍िंग से भी उगाया जा सकता है।

चंपा की कट‍िंग से कैसे उगाएं नया पौधा?

अगर सही तरीके से कट‍िंग तैयार की जाए और उसे ऐसी म‍िट्टी में लगाया जाए जि‍समें पानी जमा न हो, तो उससे जड़ें न‍िकल सकती हैं। तो अगर आप भी कट‍िंग से चंपा का नया पौधा तैयार करना चाहती हैं, तो हम आपको आसान तरीका बता रहे हैं। आइए जानते हैं-

सबसे पहले सही कटिंग लें

चंपा की कटिंग के लिए सबसे पहल पौधे की मजबूत टहनी लें। टहनी न बहुत पतली हो और न बहुत ज्‍यादा मोटी। आप 30 से 45 सेंटीमीटर लंबी टहनी ले सकती हैं। अब इसकी पत्तियां हटाकर कटिंग को तैयार किया जाता है। कटिंग के लिए साफ और तेज कैंची या प्रूनिंग शीयर का इस्तेमाल करें।

कटिंग को तुरंत मिट्टी में न लगाएं

यह चंपा की कटिंग का सबसे जरूरी स्टेप है। अब इस टहनी काे कुछ दिनों तक सूखी जगह पर रख दें। इससे कटा वाला हिस्सा सूख जाएगा। अब कटे हुए हिस्से पर एक सूखी लेयर बन जाएगी। ऐसे में जब आप इसे म‍िट्टी में लगाएंगी तो इससे सड़ने के चांस कम रहेंगे।

यह भी पढ़ें- Jade Plant Care Tips in Monsoon: बारिश शुरू होने से पहले जेड प्लांट के साथ कर लें ये 3 काम, पौधा रहेगा हरा भरा

मिट्टी का सही करें चुनाव

आपको बता दें क‍ि चंपा को ऐसी मिट्टी पसंद है जिसमें पानी आसानी से निकल जाए। वहीं गमले के नीचे ड्रेनेज होल भी जरूर होना चाहिए। बहुत ज्यादा पानी रुकने वाली मिट्टी न लें। वरना इससे पौधा सड़ सकता है। आप गमले में अच्छी क्वालिटी की पॉटिंग मिट्टी के साथ रेत मिला सकती हैं। जब आप कटिंग लगाएं, तो उससे पहले मिट्टी को थोड़ा नम कर लें, लेकिन उसे पानी से पूरी तरह गीला न करें।

यह भी पढ़ें- Jade Plant Care: जेड प्लांट की पत्तियां होने लगी हैं पीली? इन आसान टिप्स से पौधे में बनी रहेगी हर‍ियाली

अब कटिंग को गमले में लगाएं

इतना सब करने के बाद कटिंग का नीचे वाला जो ह‍िस्‍सा है, उसे कुछ सेंटीमीटर तक मि‍ट्टी के अंदर लगाएं और उसे सीधा रखें। चंपा की कटिंग को बहुत ज्यादा गहराई में दबाने की जरूरत नहीं है। कटिंग लगाने के बाद मिट्टी को थोड़ा सा पानी दें। जब म‍िट्टी पूरी तरह से सूख जाए तभी दोबारा पानी दें।

गमले को कहां रखें?

कटिंग वाले गमले को अच्छी रोशनी वाली जगह पर रखना चाह‍िए। चंपा को धूप पसंद होता है, लेकिन नई कटिंग को शुरुआत में तेज गर्मी और बहुत ज्यादा पानी से बचाना बेहतर रहता है। जैसे-जैसे कटिंग में जड़ें और नई ग्रोथ आने लगे, पौधे को धीरे-धीरे ज्यादा धूप वाली जगह पर रख सकती हैं।

यह भी पढ़ें- Jade Plant को हार्ट या बॉल शेप देने के ल‍िए अपनाएं ये तरीका, घर को मिलेगा लग्जरी लुक

जड़ें बनने के बाद क्या करें?

अगर कटिंग के ऊपर नई पत्तियां या नई ग्रोथ दिखने लगे तो यह अच्छा संकेत हो सकता है, लेकिन सिर्फ पत्तियां निकलने का मतलब यह नहीं है क‍ि अंदर पूरी तरह से जड़ बन गई है। कुछ समय बाद जब कटिंग अच्छी तरह जड़ पकड़ ले और पौधा तैयार होने लगे, तब मान लेना चाह‍िए क‍ि जड़ें मजबूत हो गई हैं।

फूल आने में लगता है समय

आपको बता दें क‍ि चंपा की कटिंग से तैयार पौधे को फूल आने में काफी समय लग सकता है। इसल‍िए अगर आप कट‍िंग से पौधे उगा रही हैं, तो थोड़ा समय देना होगा।

इन गलतियों से बचें

अगर आप कट‍िंग से चंपा उगाने का सोच रही हैं, तो कुछ गलति‍यों से बचना चाहि‍ए-

  • बहुत पतली टहनी से कटिंग न लें।
  • कटिंग को काटते ही बहुत गीली मिट्टी में न लगाएं।
  • गमले में पानी जमा न होने दें।
  • कटिंग को रोज निकालकर जड़ें चेक न करें।
  • शुरुआत में जरूरत से ज्यादा खाद देने की जल्दबाजी न करें।
  • बिना ड्रेनेज वाले गमले में चंपा की कटिंग लगाने से बचें।

इस तरह घर में पहले से लगे चंपा के पौधे की एक अच्छी टहनी से नया पौधा आप तेयार कर सकती हैं। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik/amazon