Chhath Puja At Home: हर साल छठ पूजा पर नदी किनारे सजे घाट, सूप लेकर खड़ी महिलाएं और डूबते-उगते सूरज को अर्घ्य देता पूरा परिवार, यह नजारा दिल को छू लेता है, लेकिन जो लोग बड़े शहरों में फ्लैट में रहते हैं, उनके लिए हर साल घाट तक पहुंचना आसान नहीं होता। भीड़, ट्रैफिक और जगह की कमी की वजह से कई परिवार घर पर ही पूजा करना चाहते हैं। अच्छी खबर ये है कि अगर आपके पास छत या बालकनी है, तो आप घर पर ही पूरे विधि-विधान से छठ पूजा कर सकती हैं। आइए जानते हैं इसका आसान तरीका।

छत पर ऐसे बनाएं छोटा पूजा घाट

छठ पूजा के लिए छत सबसे अच्छी जगह मानी जाती है, क्योंकि वहां खुला आसमान और सूरज की सीधी रोशनी मिल जाती है।

  • सबसे पहले छत को अच्छे से झाड़-पोंछकर साफ कर लें।
  • अब एक कोने में बांस और कपड़े की मदद से छोटा सा मंडप या पूजा स्थल सजा लें।
  • सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए किसी बड़े टब या चौड़े और साफ बर्तन में पानी भर लें।
  • बर्तन को ऐसी जगह रखें जहां, वह हिले-डुले नहीं और आसपास पानी फैलकर फिसलन न हो।

image credit-gemini

बालकनी में भी हो जाएगी पूजा

अगर आपके पास छत का एक्सेस नहीं है, तो बालकनी भी पूजा के लिए काफी है।

  • बालकनी को पहले अच्छे से साफ करें, फिर फूल, केले के पत्ते और आम के पत्तों से सजा दें।
  • अर्घ्य के लिए पानी से भरा बड़ा और साफ बर्तन रखें।
  • यह जरूर देखें कि बालकनी में व्रती के साथ परिवार के 2-3 लोग आराम से खड़े हो सकें।

पूजा का सामान रखने के लिए अलग जगह बनाएं

छठ में ठेकुआ से लेकर सूप और दूसरी पूजन सामग्री का खास महत्व होता है। इसलिए घर में एक साफ और पवित्र कोना चुनकर सारा सामान वहीं व्यवस्थित करके रखें। फल और प्रसाद को साफ सूप या टोकरी में सुंदर तरीके से सजाएं और ध्यान रहे कि इस जगह पर जूते-चप्पल बिल्कुल न रखें।

image credit-gemini

ध्यान रखने वाली बातें

घर पर छठ पूजा करते समय इन बातों का खास ध्यान रखें, ताकि पूजा बिना किसी परेशानी के पूरी हो जाए।

  • पूजा स्थल की सफाई एक दिन पहले ही कर लें, पूजा वाले दिन जल्दबाजी न करें।
  • फर्श पर पानी फैलने से फिसलन हो सकती है, इसलिए फर्श को सूखा रखें।
  • छत या बालकनी की रेलिंग के पास ज्यादा भीड़ न लगाएं।
  • पानी से भरे भारी टब या बर्तन को ऐसी जगह रखें, जहां से उसके गिरने का डर न हो।
  • बिजली के तारों और स्विच बोर्ड से पूजा स्थल को दूर रखें।
  • बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें, उन्हें रेलिंग से दूर रखें।
  • पूजा के बाद बचे हुए पानी और फूलों को सम्मान के साथ विसर्जित करें।

घर पर छठ पूजा करना अब मुश्किल नहीं है। अगर आपके पास छत या बालकनी है, तो थोड़ी सी तैयारी, साफ-सफाई और सही व्यवस्था के साथ आप घर पर ही घाट बना सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

main image credit- gemini