Rice Cooking Tips Without Sticking In Cooker: दाल-चावल, बिरयानी या राजमा-चावल का मजा तभी है जब चावल खिला-खिला हो, लेकिन अक्सर चावल या तो नीचे से जल जाते हैं, या फिर आपस में चिपककर हलवा बन जाते हैं।

अगर आप भी चाहती हैं कि चालव चिपके न और एक दम खिले-खिले बने तो चावल को धोने से लेकर ढककर रखने तक का सही तरीका सीखना होगा। आइए जानते हैं।

खिले-खिले चावल बनाने के 4 नियम

इस बार चावल बनाते समय इन 4 नियमों को जरूर अपनाएं। ऐसा करने से आपको खिले हुए चावल मिलेंगे।

1. चावल को 2-3 बार अच्छे से धोएं

चावल को ठंडे पानी में 2 से 3 बार हल्के हाथ से रगड़कर धोएं। जब तक पानी एकदम साफ न दिखने लगे, तब तक धोते रहें। इससे चावल के ऊपर जमा एक्स्ट्रा स्टार्च निकल जाता है, जो चिपकने का सबसे बड़ा कारण होता है।

2. थोड़ा सा घी या तेल जरूर डालें

1 कप चावल में आधा से 1 चम्मच घी, तेल या मक्खन डाल दें। यह घी चावल के हर दाने पर एक पतली परत बना देता है, जिससे दाने आपस में चिपकते नहीं और नीचे भी नहीं लगते।

image credit-pinterest (tito group)

3. पकने के बाद 10 मिनट ढककर रखें

चावल बनने के बाद गैस बंद करके उसे 10 मिनट तक ढका हुआ ही छोड़ दें। इसे दम पर रखना कहते हैं। इस समय में चावल के अंदर की भाप बराबर फैल जाती है और दाने सख्त होकर अलग-अलग हो जाते हैं।

4. चम्मच से नहीं, कांटे से चलाएं

चावल को कभी भी बड़े चम्मच से जोर से न चलाएं। इससे दाने टूट जाते हैं। हमेशा कांटे या हल्के चम्मच से किनारे से धीरे-धीरे चावल को ऊपर उठाकर फुलाएं।

प्रेशर कुकर में चावल बनाने का तरीका

अगर आप कुकर में चावल बनाती हैं, तो यहां जानें आसान तरीका-

  • सबसे पहले 1 कप चावल को साफ पानी से धोकर छान लें। 
  • अब कुकर में चावल, 1 से सवा कप पानी, चुटकी भर नमक और आधा चम्मच घी डालें।
  • कुकर का ढक्कन बंद करके तेज आंच पर 1 सीटी आने तक पकाएं। 
  • गैस बंद करके कुकर को 10 मिनट तक ऐसे ही रखा रहने दें। जब प्रेशर अपने आप निकल जाए, तब ढक्कन खोलें और कांटे से हल्के हाथ से चावल फुलाएं।

एक्स्ट्रा टिप: अगर चावल नीचे लगता है, तो कुकर के अंदर एक छोटी स्टील की कटोरी में चावल और पानी रखकर पकाएं। नीचे 1 कप पानी डाल दें। इससे चावल कभी नहीं जलेगा।

भगोने (पतीले) में चावल बनाने का तरीका

अगर आप कुकर में चावल नहीं बनाती हैं और हमेशा से पतीले में बना रही हैं, तो यह तरीका अपनाएं।

  • 1 कप धुले हुए चावल को भगोने में डालें। इसमें करीब डेढ़ से 2 कप पानी और आधा चम्मच तेल डालें। अब इसे तेज आंच पर उबाल आने तक रखें।
  • उबाल आते ही इसे सिर्फ एक बार चलाएं, आंच को सबसे धीमा कर दें और ढक्कन कसकर बंद कर दें। अब 10 से 12 मिनट तक ढक्कन बिल्कुल न खोलें।
  • गैस बंद करके भगोने को 10 मिनट तक ढका रहने दें। फिर ढक्कन खोलकर कांटे से चावल फुलाएं। आपका एक-एक दाना अलग दिखेगा।

image credit-pinterest (ava jones)

चावल बनाते वक्त ध्यान रखने वाली बातें

चावल बनाते समय कुछ बातों का ध्यान रखने से एक दम खिला हुआ चावल बनता है।

  • नए चावल में पानी कम लगता है और पुराने बासमती में थोड़ा ज्यादा। इसलिए पहली बार थोड़ा कम पानी डालकर ट्राई करें।
  • ढक्कन खोलने से भाप बाहर निकल जाती है और चावल कच्चा रह जाता है। दम पर रखे चावल को बीच में चेक न करें।
  • ज्यादा पानी से चावल गीला और कम पानी से कच्चा हो जाएगा। बासमती के लिए 1 कप चावल में 1.5 कप पानी काफी होता है।
  • अगर आपने चावल को 20 मिनट भिगोया है, तो पानी थोड़ा कम डालें, नहीं तो चावल चिपक जाएंगे।
  • पकते हुए चावल में बीच में ठंडा पानी डालने से दाने टूट जाते हैं और स्वाद भी खराब हो जाता है।

खिला-खिला चावल बनाना कोई जादू नहीं है। बस चावल को अच्छे से धोना, सही पानी डालना, धीमी आंच पर पकाना और दम पर रखना, यही चार बातें याद रखिए।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

main image credit-pinterest (jane kimberling)