How To Clean TV Screen: अक्सर हम टीवी साफ करने के लिए गीला कपड़ा, टिशू पेपर या कांच साफ करने वाला स्प्रे इस्तेमाल कर लेते हैं। यही सबसे बड़ी गलती है। एक बार स्क्रीन पर स्क्रैच आ गया या कोटिंग उतर गई, तो टीवी नया जैसा कभी नहीं लगेगा।
टीवी को साफ नहीं, बल्कि बचाकर साफ करना होता है। स्क्रीन कोई कांच की खिड़की नहीं है, यह एक नाजुक लेयर होती है। इसलिए इसे साफ करने का तरीका भी अलग होता है।
TV Screen साफ करने का सही तरीका
टीवी की स्क्रीन को सही से साफ करना काफी जरूरी होता है। आइए यहां जानते हैं सही तरीका-
1. पहले TV बंद करें और ठंडा होने दें
टीवी को बंद करके प्लग निकाल दें। 5-10 मिनट ठंडा होने दें। बंद स्क्रीन पर धूल और दाग साफ-साफ दिख जाते हैं, जिससे सफाई आसान हो जाती है।
2. सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से धूल हटाएं
साफ, सूखा और मुलायम माइक्रोफाइबर कपड़ा लें। हल्के हाथ से ऊपर से नीचे की तरफ धूल साफ करें। जोर से रगड़ें नहीं। पहले सूखी धूल हटाना सबसे जरूरी है, नहीं तो धूल के कण ही स्क्रैच का कारण बन जाते हैं।
image credit- Pinterest (Madge Yurko)
3. जरूरत हो तो हल्का गीला कपड़ा इस्तेमाल करें
अगर उंगलियों के निशान लगे हैं, तो दूसरे साफ माइक्रोफाइबर कपड़े पर हल्का सा डिस्टिल्ड पानी स्प्रे करें। ध्यान रखें, पानी सीधे स्क्रीन पर कभी न छिड़कें। कपड़े को हल्का गीला करके गोल-गोल या सीधी लाइन में धीरे से साफ करें।
4. जिद्दी दाग के लिए यह तरीका अपनाएं
अगर चिकनाई वाला दाग है, तो एक कप डिस्टिल्ड पानी में सिर्फ एक बूंद माइल्ड डिश सोप मिलाएं। इस पानी को कपड़े पर लगाकर सिर्फ दाग वाली जगह साफ करें। बाद में सादे पानी वाले कपड़े से फिर से पोंछ लें।
5. आखिर में सूखे कपड़े से चमकाएं
सफाई के तुरंत बाद सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से हल्के हाथ से पोंछें। इससे पानी के धब्बे नहीं पड़ेंगे और स्क्रीन एकदम साफ दिखेगी।
image credit- Pinterest (Mixbugg)
TV साफ करते समय ध्यान रखने वाली बातें
टीवी को साफ करने का मतलब यह नहीं है कि बस चमका दें, फिर चाहे जो हो। टीवी को साफ करते वक्त कुछ बातों का ध्यान देना भी जरूरी है।
- टिशू पेपर, न्यूजपेपर, तौलिया या टॉयलेट पेपर कभी इस्तेमाल न करें। इनमें लकड़ी के छोटे-छोटे कण होते हैं, जो स्क्रीन पर बारीक स्क्रैच डाल देते हैं।
- कांच साफ करने वाला स्प्रे, अल्कोहल, अमोनिया, एसीटोन या कोई भी तेज केमिकल स्क्रीन की एंटी-ग्लेयर कोटिंग को खराब कर देता है।
- स्क्रीन पर सीधे पानी छिड़कने से पानी किनारों से अंदर जाकर टीवी के पार्ट्स खराब कर सकता है।
- माइक्रोफाइबर कपड़े को धोते समय फैब्रिक सॉफ्टनर न डालें। इससे कपड़े पर मोम जैसी परत जम जाती है, जो स्क्रीन पर धब्बे छोड़ती है।
- रोज-रोज स्क्रीन पोंछने से भी कोटिंग घिसती है। हफ्ते में एक बार हल्की सफाई काफी है।
- ज्यादातर दाग बच्चों के हाथों से ही लगते हैं। टीवी के पास खाने की चीजें न रखें।
यह भी पढ़ें- महंगे टीवी क्लिनर की जगह रसोई की इन 5 चीजों से मिनटों में साफ करें Tv Screen, जानें डस्ट से बचाने के ट्रिक्स
टीवी स्क्रीन को साफ करने के लिए महंगे प्रोडक्ट की जरूरत नहीं है, सही तरीके की जरूरत है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- Pinterest (Audre Levy)
