सर्दियों में अक्सर हर घर में गर्म पानी के लिए गीजर का इस्तेमाल होता है। ऐसे में अगर गीजर की इंडिकेटर लाइट जल रही हो, लेकिन फिर भी पानी गर्म न हो रहा हो, तो इसे मामूली खराबी समझकर नजरअंदाज न करें। कई बार इसकी वजह हीटिंग एलिमेंट का खराब होना, थर्मोस्टेट में गड़बड़ी या गीजर के अंदर जमा पानी की परत होती है। कुछ मामलों में यह समस्या बिजली से जुड़े खतरे का संकेत भी हो सकती है। आइए जानते हैं कि गीजर चालू होने के बावजूद पानी गर्म क्यों नहीं होता?

गीजर पानी गर्म नहीं कर रहा? ये 5 कारण हो सकते हैं

गीजर ऑन होने के बाद भी अगर पानी गर्म नहीं हो रहा है, तो गलती से भी इग्नोर न करें। आइए जानते हैं यहां।

1. हीटिंग एलिमेंट खराब होने पर नहीं गर्म होगा पानी

गीजर में लगा हीटिंग एलिमेंट ही पानी को गर्म करता है। अगर यह जल जाए, खराब हो जाए या इसमें शॉर्ट सर्किट हो जाए, तो इंडिकेटर लाइट जलने के बाद भी पानी गर्म नहीं होता। ऐसी स्थिति में गीजर का इस्तेमाल जारी रखने से घर का सर्किट ब्रेकर ट्रिप हो सकता है और बिजली के झटके का खतरा भी बढ़ सकता है। इसलिए इस समस्या को नजरअंदाज न करें और सही करवाएं।

image credit-magnific

2. थर्मल कट-आउट स्विच भी हो सकता है वजह

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गीजर में सेफटी के लिए थर्मल कट-आउट स्विच लगाया जाता है। जब उपकरण जरूरत से ज्यादा गर्म होने लगता है, तो यह स्विच बिजली की सप्लाई रोक देता है। ऐसा तब भी हो सकता है, जब टंकी खाली हो और में गीजर चालू कर दिया जाए। इसे ड्राई हीटिंग कहा जाता है।

अगर सुरक्षा स्विच बार-बार बंद हो रहा है, तो बिना खराबी का कारण पता किए उसे रीसेट करने की कोशिश न करें। ऐसा करने से गीजर के अंदर के हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है और आग लगने का जोखिम भी बढ़ सकता है।

3. थर्मोस्टेट में खराबी से भी आ सकती है दिक्कत

थर्मोस्टेट गीजर में पानी का तापमान कंट्रोल होता है। अगर यह खराब हो जाए या इसके संपर्क वाले हिस्सों पर कार्बन जमा हो जाए, तो हीटिंग एलिमेंट को पानी गर्म करने का सही संकेत नहीं मिल पाता। कई बार थर्मोस्टेट पानी का तापमान गलत मापने लगता है, जिससे गीजर ठीक से काम नहीं करता। ऐसे में थर्मोस्टेट को चेक कराना पड़ता है

4. हार्ड वॉटर  

अगर आपके घर में हार्ड वॉटर यानी कठोर पानी आता है, तो गीजर के अंदर हीटिंग एलिमेंट पर धीरे-धीरे खनिजों और चूने की परत जम सकती है। यह परत गर्मी को पानी तक पहुंचने से रोकती है। नतीजतन, पानी गर्म होने में ज्यादा समय लगता है और हीटिंग एलिमेंट पर दबाव बढ़ जाता है।

5. जली हुई वायरिंग  

गीजर के अंदर तार ढीले होने, कनेक्शन खराब होने या गलत क्षमता वाली वायरिंग इस्तेमाल करने से बिजली की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। ऐसी स्थिति में गीजर चालू होने के बावजूद पानी गर्म नहीं होता। इसके अलावा, तारों के गर्म होने से जलने की गंध आ सकती है, चिंगारी निकल सकती है या बार-बार सर्किट ब्रेकर ट्रिप हो सकता है।

image credit-magnific

अगर इनमें से कोई संकेत दिखाई दे, तो तुरंत गीजर की बिजली बंद कर दें और प्रशिक्षित तकनीशियन से जांच करवाएं।

गीजर की लाइट जलने के बाद भी पानी गर्म न हो, तो क्या करें?

अगर गीजर की लाइट जल रही हो और फिर भी पानी गर्म न हो रहा हो, तो नीचे दी गई इन बातों का पालन करें।

  • अगर जलने की गंध आए, चटकने जैसी आवाज सुनाई दे या सर्किट ब्रेकर तुरंत ट्रिप हो जाए, तो गीजर की बिजली सप्लाई बंद कर दें।
  • गीजर का इलेक्ट्रिकल कवर खोलकर खुद ही तारों, हीटिंग एलिमेंट या थर्मोस्टेट की मरम्मत करने की कोशिश न करें।
  • बार-बार एमसीबी चालू करके गीजर चलाने से बचें। पहले खराबी का कारण पता करवाएं।
  • किसी योग्य तकनीशियन से हीटिंग एलिमेंट, थर्मोस्टेट, वायरिंग और सुरक्षा स्विच की जांच करवाएं।
  • गीजर की नियमित सर्विस करवाएं, खासकर अगर आपके घर में कठोर पानी आता है।

सर्दियों से पहले गीजर की सर्विस क्यों जरूरी है?

सर्दियों का मौसम आते ही गीजर की सर्विस करा लेनी चाहिए, वरना बाद में बहुत सी दिक्कतें होने लगती हैं।

  • ज्यादातर लोग गीजर तभी ठीक करवाते हैं जब वो खराब हो जाता है।
  • सर्दी शुरू होने से पहले सर्विस करवाना फायदेमंद है।
  • सर्विस से हीटिंग एलिमेंट पर जमी परत और ढीले कनेक्शन का पता चलता है।
  • इससे सेफ्टी स्विच की खराबी भी पहले ही पकड़ी जा सकती है।
  • टाइम पर जांच से गीजर अचानक खराब नहीं होता और बिजली का खतरा भी कम रहता है।
  • सर्विस के बाद भी सिर्फ इंडिकेटर लाइट पर भरोसा न करें।

सर्दियों में गीजर रोजमर्रा की जरूरत बन जाता है, लेकिन इंडिकेटर लाइट जलने के बावजूद पानी गर्म न होना एक आम और जोखिम भरी समस्या हो सकती है। इसे हल्के में न लें और एक्सपर्ट से जांच करवाएं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

main image credit-ai