पुरानी पीढ़ी को अक्सर यह लगता है कि नई पीढ़ी, जिसे हर कोई जेन जी के नाम से पुकारता है, गैर जिम्मेदार या लापरवाह है, लेकिन सामान को व्यवस्थित रखने के मामले में तस्वीर कुछ अलग है। आज के युवा अपनी चीजों को लेकर काफी सचेत हैं। समय और जगह की बचत करते हुए वे सामान को सही और सुरक्षित तरीके से रखना पसंद करते हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर वह आसानी से मिल जाए। हां, उनका तरीका पुरानी पीढ़ी से थोड़ा अलग जरूर है। वे चीजों को बिखेरकर रखने के बजाय स्मार्ट तरीके से समेटना पसंद करते हैं। आप भी इनके ये तरीके अपना सकते हैं।

जो दिखे, वह आसानी से मिले

छोटी एक्सेसरीज के लिए पारदर्शी पाउच, एक्रिलिक बॉक्स या अलग-अलग खानों वाले ऑर्गनाइजर उपयोगी हैं। ईयरबड्स, घड़ी, चार्जर या दूसरी छोटी चीजों को अलग-अलग खाने में रखें। पारदर्शी स्टोरेज में सामान एक नजर में दिखाई देता है, इसलिए उसे ढूंढने में समय नहीं लगता।

दीवार और दरवाजे को बनाएं जगह

कमरे में जगह कम है तो खाली दीवार और दरवाजे के पीछे की जगह का इस्तेमाल किया जा सकता है। स्टाइलिश हुक या हैंगिंग आर्गनाइजर में बैग, टोपी, बेल्ट और स्कार्फ रखे जा सकते हैं। इससे सामान बिखरा नहीं रहेगा और अलमारी में भी जगह बचेगी।

गैजेट्स की सुरक्षा भी है जरूरी

स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच और ईयरबड्स जैसी महंगी चीजों को सुरक्षित रखने के लिए मोबाइल कवर और पाउच का इस्तेमाल करें। चार्जर और यूएसबी तारों को केबल ऑर्गनाइजर में अलग रखें ताकि वे उलझें नहीं। गैजेट्स के लिए एक तय जगह बनाना उन्हें जल्दी खोजने में भी मदद करता है।

स्कार्फ और दुपट्टों के लिए मल्टी-टियर हैंगर

स्कार्फ, टाई और दुपट्टों के लिए मल्टी-टियर हैंगर कम जगह में कई चीजें रखने का आसान तरीका है। इन्हें कलर या इस्तेमाल के हिसाब से क्रम में रखने से अलमारी ज्यादा व्यवस्थित दिखती है और पसंद की एक्सेसरी तुरंत मिल जाती है।

ट्रैवल के लिए अलग टेक ऑर्गनाइजर

चार्जर, ईयरफोन, पावर बैंक और केबल यात्रा के दौरान अक्सर बैग में उलझ जाते हैं। छोटे पोर्टेबल टेक ऑर्गनाइजर में इन्हें अलग-अलग खानों में रखें। यात्रा से लौटने के बाद भी इन्हें उसी पाउच में रखने की आदत अगली यात्रा में काम आती है।

ज्वेलरी को सलीके से रखें

आभूषणों को यूं ही रखने से वे आपस में उलझ जाते हैं या छोटी बालियां या अंगूठियां खो सकती हैं। ज्वेलरी स्टैंड, ट्री-होल्डर या सजावटी ट्रे का इस्तेमाल करें। रोज पहनने वाले गहने अलग रखें, ताकि मैचिंग एक्सेसरीज तलाशने में समय न लगे।

यह भी पढ़ें- उलझी और बिखरी हुई ज्वेलरी रहेगी सेफ, इन ऑर्गनाइजर्स से ऐसे करें मैनेज

चाबी और वॉलेट की तय जगह

घर आते ही चाबी, वॉलेट, घड़ी या सनग्लासेज रखने के लिए दरवाजे के पास छोटी ट्रे या की-हुक लगाएं। हर बार सामान उसी जगह रखने की आदत बना लें। इसी तरह कपड़े, जूते और जरूरी दस्तावेजों के लिए भी अलग जगह तय करें।

स्मार्ट ऑर्गनाइजिंग का आसान नियम

जेन जी का तरीका भले पुरानी पीढ़ी से अलग हो, लेकिन मकसद वही है, सामान सुरक्षित और व्यवस्थित रहे। इसके लिए महंगे ऑर्गनाइजर से ज्यादा जरूरी है कि हर चीज की एक तय जगह हो और इस्तेमाल के बाद उसे वहीं वापस रखा जाए। यही छोटी आदत समय भी बचाती है और कमरे को भी व्यवस्थित रखती है।

यह भी पढ़ें- किचन कैबिनेट में फैल जाते हैं मसाले के डिब्बे, तो आजमाएं ये ऑर्गनाइजिंग टिप्स

पर्सनैलिटी कोच अंचल शाह बताती हैं कि आज के युवाओं के पास एक तो समय कम होता है, ऐसे में वे अपनी चीजों को ऐसे सेट करके रखती है जिससे काम के वक्त ढूंढने की जरूरत ना पड़े। यही नहीं, वे सादगी से अपनी जिंदगी जीना पसंद करती है, इसकी झलक उनकी रोजमर्रा की आदतों में भी झलकती है। एक और बात, आज के युवाओं के दिमाग में किसी तरह की अस्त व्यस्तता नहीं रहती है इसलिए उनकी सोच भी स्पष्ट रहती है।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक- सुमन अग्रवाल

Images: magnific