हम अक्सर बाथरूम में इस्तेमाल होने के बाद कई चीजों को बेकार समझकर फेंक देते हैं, जबकि वे चीजें हमारे घर के कई मुश्किल और थकाऊ कामों को चुटकियों में आसान बना सकती हैं। चाहे पुराने टूथब्रश हों, शैंपू की खाली बोतलें या फिर बेकार पड़े प्लास्टिक के डिब्बे, ये सभी घरेलू जुगाड़ के रूप में बेहद कमाल की चीजें साबित हो सकती हैं। इनके इस्तेमाल से न सिर्फ आपके पैसे बचते हैं, बल्कि घर की सफाई और रख-रखाव का काम भी बहुत आसान हो जाता है। आइए जानते हैं बाथरूम में रखी ऐसी ही 5 चीजों के बारे में, जिन्हें बेकार समझने की भूल बिल्कुल न करें और उनका बेहतरीन इस्तेमाल घर के कामों में करें।
बाथरूम की इन 5 चीजों को न समझें बेकार
आज के समय हम सभी के बाथरूम में एक से ज्यादा प्रोडक्ट रखे होते हैं। फिर चाहे वह शैंपू हो या फिर नहाने वाला साबुन। अब ऐसे में कई बार कुछ सामान रखे-रखे खराब हो जाते हैं, जिन्हें हम बिना सोचे-समझें उठाकर फेंक देते हैं। मगर आगे से यह भूलकर भी मत कीजिएगा। नीचे जानें क्यों?
इसे भी पढ़ें- टूट गई सब्जी वाली प्लास्टिक की टोकरी? फेंकने के बजाय लगाएं ये जुगाड़
पुराना टूथब्रश
पुराने टूथब्रशको आमतौर पर हम सभी बेकार समझकर फेंक देते हैं। मगर आपको जानकर हैरानी होगी कि आप इसका इस्तेमाल घर के जिद्दी दागों को हटाने के लिए कर सकती हैं।
इसकी बारीक ब्रिसल्स से आप गैस चूल्हे के कोने, नल के आस-पास जमी गंदगी, सिंक के छेद और जूतों के किनारों पर जमी मैल को बहुत आसानी से साफ कर सकती हैं। यह टाइल्स के बीच की गैप को चमकाने में भी असरदार साबित होता है।
शैंपू की खाली बोतलें
शैंपू खत्म होने के बाद अक्सर प्लास्टिक की बोतलें कूड़ेदान में फेंक दी जाती हैं। आप इन्हें काटकर किचन में सिंक के पास रख सकती हैं और इसमें स्क्रबर या स्पंज रख सकती हैं। इसके अलावा, प्लास्टिक की इन बोतलों को बीच से काटकर उनमें छोटे-छोटे पौधे लगाकर घर की बालकनी में एक खूबसूरत हैंगिंग गार्डन भी तैयार कर सकती हैं।
एक्सपायर्ड या बचा हुआ शैंपू
अगर आपका कोई शैंपू एक्सपायर हो गया है या आपको पसंद नहीं आया, तो इसे फेंकने के बजाय सफाई के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं। शैंपू में क्लींजिंग एजेंट्स होते हैं। इसकी मदद से आप घर के ऊनी कपड़ों, सिल्क के डेलिकेट कपड़ों या बर्तनों पर लगे जिद्दी चिकनाई के दाग को आसानी से साफ कर सकती हैं। इसके अलावा, बाथरूम के टाइल्स और फर्श को धोने के लिए भी यह एक अच्छा क्लीनर है।
पुराना लूफा या शावर स्पंज
आज के समय अधिकतर लोग नहाने के लिए लूफा का इस्तेमाल करते हैं। मगर जैसे ही यह पुराना होने लगता है, लोग इसे बदल देते हैं। मगर क्या आप जानती हैं कि आप पुराने लूफे का इस्तेमाल कांच के शीशों, खिड़कियों और कार के शीशे साफ करने के लिए भी कर सकती हैं। इसके लिए इस पर थोड़ा सा लिक्विड डिटर्जेंट डालकर शीशे रगड़ें। अब आप देखेंगी कि वे एकदम चमक उठे हैं।
नहाने के साबुन के छोटे टुकड़े
नहाते-नहाते साबुन के छोटे-छोटे टुकड़े बच जाते हैं, जिन्हें हम सभी रैक पर फेंक देते हैं। मगर आप इन टुकड़ों को इकट्ठा करके कपड़े की पोटली में बांधें। अब इसे आप अपने वार्डरोब, शू-रैक या बाथरूम में रख सकती हैं। यह नेचुरल रूम फ्रेशनर का काम करता है और बंद जगहों से आने वाली सीलन या बदबू को दूर करके भीनी-भीनी खुशबू फैलाता है।
इसे भी पढ़ें- चटके हुए Beer Glass को डस्टबिन में डालने की बजाय, इन स्मार्ट ट्रिक्स से करें इस्तेमाल
अगर आपके बाथरूम में ये चीजे मौजूद हैं, तो आप उन्हें भी दोबारा इस्तेमाल में ला सकती हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Shutterstock, Magnific
