शादी की सालगिरह चाहे पहली हो या कई साल हो गए हो, यह हमेशा हर कपल के लिए बेहद खास होती है। लेकिन हर बार इस दिन को यादगार बनाने के लिए महंगे होटल या रेस्टोरेंट में जाना जरूरी नहीं है। आप कुछ आसान DIY आइडियाज, रंग-बिरंगे गुब्बारों, फूलों, मोमबत्तियों और खूबसूरत लाइट्स की मदद से अपने घर को रोमांटिक अंदाज में सजा सकते हैं। 

5 DIY आइडियाज के साथ करें रोमांटिक एनिवर्सरी डेकोरेशन

इन 5 DIY आइडियाज में आपके पैसे भी ज्यादा खर्च नहीं होंंगे और पर्सनल टच की वजह से आपके पार्टनर को भी ज्यादा अच्छा लगेगा। 

1. रोमांटिक कोना बनाने के लिए करें गुब्बारों का इस्तेमाल

किसी भी तरह की सजावट में गुब्बारों का अपना अलग ही भूमिका होता है। एनिवर्सरी पर डेकोरेशन के लिए आप लाल, गोल्डन और गुलाबी रंग के गुब्बारों का इस्तेमाल करके घर के किसी एक कोने को खूबसूरत बना सकते हैं। दीवार पर हार्ट शेप में गुब्बारे लगाकर उनके बीच में Happy Anniversary का छोटा-सा बैनर लगा सकते हैं। अगर आप सजावट को थोड़ा और खास बनाना चाहते हैं, तो गुब्बारों के साथ अपने पार्टनर के साथ बिताए खूबसूरत पलों की छोटी-छोटी तस्वीरें भी लगा सकते हैं इससे आप दोनों की पुरानी और प्यारी यादें ताजा हो जाएगी।

2. पुरानी तस्वीरों से बनाएं खूबसूरत मेमोरी वॉल

शादी की सालगिरह पर पुरानी यादों को दोबारा जीने से बेहतर सरप्राइज शायद ही कुछ हो सकता है। इसके लिए आप अपनी शादी, घूमने-फिरने और साथ बिताए खास पलों की तस्वीरों का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे में आप दीवार पर फोटोज को हार्ट शेप में लगा सकते हैं या फिर उन्हें छोटी क्लिप की मदद से फेयरी लाइट्स के साथ भी टांगा जा सकता है। आप चाहे तो हर फोटो के नीचे एक प्यारा और छोटा-सा मैसेज या उस दिन की कोई खास याद लिख सकते हैं। इसकी मदद से आपके डेकोरेशन को पर्सनल टच भी मिलेगा।

3. सरप्राइज डिनर कॉर्नर बनाने के लिए DIY केक टेबल है परफेक्ट

सालगिरह का जश्न केक और स्वादिष्ट खाने के बिना भला कैसे पूरा हो सकता है? इसलिए इस दिन आप अपने डाइनिंग टेबल को एक रोमांटिक डिनर डेट कॉर्नर में बदल सकते हैं। इसके लिए आप टेबल पर क्लॉथ या टेबल रनर बिछाकर उसके बीच में केक रख सकते हैं। साथ ही, टेबल के आसपास फूल, छोटी लाइट्स और कुछ कैंडल्स लगाकर इसे और आकर्षक बनाया जा सकता है। आप चाहें तो अपने पार्टनर की पसंदीदा डिश घर पर ही तैयार कर सकते हैं या उनका पसंदीदा खाना बाहर से मंगवा सकते हैं। टेबल पर दो प्लेट्स, सुंदर ग्लास और एक छोटा-सा लव नोट रखकर इसे और भी खास बनाया जा सकता है।

4. फेयरी लाइट्स और कैंडल्स से कमरे में तैयार करें जादुई माहौल

देखा जाए तो, रोमांटिक माहौल बनाने के लिए लाइटिंग सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होती है। आप घर में मौजूद फेयरी लाइट्स या छोटी LED स्ट्रिंग लाइट्स से कमरे को खूबसूरती से सजा सकते हैं। आप इन्हें दीवार, पर्दों, बेड के आसपास या फोटो कॉर्नर पर लगाकर Home Decoration को खास बना सकते हैं। इसके अलावा, टेबल या कमरे के किसी कोने में सेंटेड कैंडल्स भी रखा जा सकता है जो माहौल को खुशनुमा बनाने में मदद करेगा। हल्की रोशनी और सुकून भरा माहौल आपकी सालगिरह की शाम को हमेशा के लिए खास बना देगा।

5. DIY फ्लावर डेकोरेशन और रोमांटिक बेड सेटअप से एनिवर्सरी को बनाए खास

फूलों के बिना रोमांटिक सजावट अक्सर अधूरी-सी लगती है। आप ताजे गुलाब, गेंदा या आर्टिफिशियल फूलों की मदद से अपने कमरे को खूबसूरत बना सकते हैं। इसके लिए आप बेड पर गुलाब की पंखुड़ियों से हार्ट शेप बनाकर उसके आसपास कुछ छोटे फूल सजा सकते हैं। इसके साथ बेड पर साफ-सुथरी सफेद या लाल बेडशीट बिछाएं और कुशन को भी मैचिंग रंगों में रख सकते हैं। अगर आपका बजट कम है, तो महंगे फ्लावर बुके की जगह बाजार से कुछ खुले फूल खरीदकर खुद ही सजावट कर सकते हैं। आपकी मेहनत और प्यार से तैयार किया गया यह सेटअप किसी महंगे होटल की सजावट से कम खूबसूरत नहीं लगेगा।

इस साल अपनी शादी की सालगिरह को खास बनाने के लिए ये रोमांटिक डेकोरेशन के आइडिया ट्राई कर सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।