हमारे यहां भारतीय घरों में ज्यादातर घरों में आपने ढेर सारे पेड़-पौधे लगे हुए देखें होंगे। कुछ लोग बालकनी में ढेर सारे पौधे लगाते हैं, ताे वहीं जिनके पास स्पेस होता है, उनके यहां गार्डन में खूब हरियाली देखने को मिलती है। घर के बालकनी की बात करें तो यह छोटी हो या बड़ी, अगर यहां थोड़ी सी हरियाली हो तो पूरा कोना खूबसूरत लगने लगता है। खासकर सुबह की चाय पीते समय या शाम को कुछ देर बैठने के लिए हरी-भरी बालकनी से अच्छी जगह शायद ही कोई हो।
हालांकि, कई बार बालकनी में जगह कम होने की वजह से लोग ज्यादा पौधे नहीं लगा पाते हैं। वहीं, कुछ लोगों की बालकनी में सिर्फ ग्रिल खाली पड़ी रहती है। ऐसे में आप फर्श पर ढेर सारे गमले रखने के बजाय ग्रिल पर चढ़ने वाली बेलें लगा सकती हैं। इनकी खासियत है कि ये कम जगह में भी फैल जाती हैं और कुछ बेलों पर सुंदर रंग-बिरंगे फूल भी खिलते हैं।
बालकनी की ग्रिल पर लगाएं ये सुंदर बेलें
हम आपको ऐसी ही 5 बेलों के बारे में बता रहे हैं, जो आपकी बालकनी को हरा-भरा और सुंदर बना सकती हैं। आइए जानते हैं-
image credit- shutterstock
1. कृष्णकमल की बेल
अगर आपको कुछ अलग और खूबसूरत फूल पसंद हैं, तो बालकनी की ग्रिल पर कृष्णकमल की बेल लगा सकती हैं। इसके फूल दूसरी बेलों से काफी अलग होते हैं। देखने में ये इतने सुंदर लगते हैं कि खाली ग्रिल भी फूलों से सजी हुई नजर आएगी।
- इस बेल को ग्रिल के सहारे आसानी से चढ़ाया जा सकता है।
- पौधे को ऐसी जगह रखें, जहां रोज कुछ घंटे धूप आती हो।
- मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए जरूरत के हिसाब से पानी दें।
2. मॉर्निंग ग्लोरी की बेल
बालकनी में रंग-बिरंगे फूल देखना पसंद है, तो मॉर्निंग ग्लोरी अच्छा ऑप्शन है। इस बेल पर नीले, बैंगनी और गुलाबी रंग के फूल खिलते हैं। इसकी खास बात यह है कि इसकी बेल तेजी से फैलती है और ग्रिल का सपोर्ट मिलने पर उस पर अच्छी तरह चढ़ जाती है। इसे एक गमले में लगाकर ग्रिल के पास रख सकती हैं। इसकी देखभाल करने के लिए-
- पौधे को ऐसी जगह रखें, जहां अच्छी धूप आती हो।
- जब गमले की मिट्टी सूखने लगे, तभी पानी दें।
- बेल को ग्रिल की तरफ बढ़ने के लिए सपोर्ट दें।
3. संक्रांति बेल
अगर आप अपनी बालकनी में हरे पत्तों के साथ नारंगी रंग के फूल भी चाहती हैं, तो संक्रांति बेल लगा लें। इसे फ्लेम वाइन और ऑरेंज ट्रंपेट वाइन के नाम से भी जाना जाता है। इस पर खिलने वाले नारंगी फूल दूर से ही नजर आ जाते हैं। इसकी बेल तेजी से बढ़ती है और आसपास की जगह पर भी अपनी हरियाली फैला सकती है।
- संक्रांति बेल को अच्छी धूप वाली जगह पर लगाएं।
- गमले को ग्रिल के पास रखें, ताकि बेल को ऊपर चढ़ने का सहारा मिल सके।
- इसकी बढ़ती हुई बेल को ग्रिल की तरफ फैलाती रहें।
image credit- vecteezy
4. पीली अलमांडा
पीले रंग के फूल बालकनी को एक अलग ही लुक देते हैं। इसके लिए आप पीली अलमांडा लगा लें। इस पौधे पर बड़े और सुंदर पीले फूल खिलते हैं। इसकी बेल वाली किस्म को ग्रिल या दीवार के सहारे आसानी से फैलाया जा सकता है। अगर बालकनी में ज्यादा जगह नहीं है, तो इसे एक गमले में लगाकर किसी धूप वाले कोने में रख दें। बस पौधे को हरा-भरा रखने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना होगा। जैसे-
- समय-समय पर पौधे में पानी डालें।
- इसकी सूखी टहनियों को हटाती रहें।
- बेल को ग्रिल या दीवार का सपोर्ट देकर ऊपर की तरफ बढ़ाएं।
यह भी पढ़ें- Pollution से कैसे बचाएं अपने लंग्स? घर के लिए बेस्ट एयर प्यूरीफाइंग प्लांट्स और मास्क की पूरी गाइड
5. क्लाइंबिंग रोज
अगर आपको गुलाब के फूल पसंद हैं, तो बालकनी की खाली ग्रिल पर क्लाइंबिंग रोज भी लगा सकती हैं। इसकी बेल पर खूबसूरत गुलाब खिलते हैं। इसे लगाने के लिए ऐसी जगह चुनें, जहां पौधे को अच्छी धूप मिल सके। आपको बता दें कि क्लाइंबिंग रोज की कुछ जानी-पहचानी किस्में भी हैं, जिन्हें आप अपनी पसंद के हिसाब से देख सकती हैं। जैसे-
- आइबर्ग (Iceberg)
- न्यू डॉन (New Dawn)
- लेडी बैंक्स (Lady Banks)
- ऑल्टिसिमो (Altissimo)
इस पौधे को अच्छी तरह बढ़ाने और फूलों के लिए समय-समय पर इसकी कटाई-छंटाई करते रहना भी जरूरी है।
image credit- dreamsite
बालकनी की ग्रिल पर बेल लगाते समय इन बातों का रखें ध्यान
बेल वाले पौधे लगाने से पहले कुछ छोटी बातों पर ध्यान देना जरूरी है। इससे पौधों को बढ़ने में आसानी होती है और आपकी बालकनी भी अच्छी दिखती है। जैसे-
- गमले को ऐसी जगह रखें, जहां पौधे को उसकी जरूरत के हिसाब से धूप मिल सके।
- बेल को ग्रिल पर चढ़ाने के लिए उसे सपोर्ट जरूर दें।
- मिट्टी सूखने पर ही जरूरत के हिसाब से पानी डालें।
- पौधे की सूखी टहनियों को समय-समय पर हटाती रहें।
इस तरह बिना ज्यादा जगह घेरें आप अपनी बालकनी की खाली ग्रिल को सुंदर बना सकती हैं। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Cover Image Credit- Vecteezy
