Winter Plant Care Tips: दिन में धूप में पौधे एकदम हरे-भरे और खिले-खिले लगते हैं, पर सुबह उठकर देखते हैं तो पत्तियां मुरझाई हुई, किनारों से सूखी हुई लगती हैं। इसे देख लोगों के मन में एक ही सवाल आता है कि रात भर में ये क्या हो गया? दरअसल, गलती पौधे की नहीं है, गलती मौसम की है। सर्दियों में दिन तो अच्छा लगता है, पर रात को तापमान एकदम गिर जाता है। ऊपर से सुबह की ओस और ठंडी हवा, पौधों को अंदर से कमजोर कर देती है। आज हम आपको 4 ऐसे आसान काम बताएंगे, जिन्हें करके आप अपने छत, बालकनी या गार्डन के पौधों को पूरी सर्दी हरा-भरा रख सकती हैं। इसके लिए आपको कोई महंगा सामान भी नहीं खरीदना पड़ेगा।

सर्दियों में पौधों को क्या-क्या दिक्कत होती है?

पहले ये समझ लीजिए कि ठंड में पौधों के साथ होता क्या है।

1. पत्तियां मुरझा जाती हैं: रात की ठंड से पत्तियों का पानी सूख जाता है और वो मुरझाने लगती हैं।
2. पत्तियों पर काले धब्बे आ जाते हैं: ज्यादा पाला पड़ने पर पत्तियों पर काले-भूरे धब्बे पड़ जाते हैं।
3. बढ़त रुक जाती है: ठंड में पौधा बढ़ना लगभग बंद कर देता है।
4. जड़ें सड़ जाती हैं: सर्दियों में मिट्टी देर तक गीली रहती है, जिससे जड़ों में सड़न लग जाती है।

पौधों को मुरझाने से बचाने के लिए क्या करें?

अगर ठंड में आपके घर में भी पौधे मुरझा जाते हैं, तो बस ये 4 काम करना शुरु कर दीजिए।

1. रात में छोटे पौधों को कपड़े से ढक दीजिए

ये सबसे जरूरी और सबसे आसान काम है। रात को जैसे हम रजाई ओढ़ते हैं, वैसे ही छोटे पौधों को भी ठंड से बचाने के लिए ढकना पड़ता है। रात को किसी पुरानी सूती चादर, दुपट्टे या हल्के कपड़े से पौधों को ढक दीजिए। अगर ग्रीन नेट है, तो वो और भी अच्छा रहेगा। सुबह जैसे ही धूप निकले, कपड़ा हटा दीजिए, ताकि पौधे को हवा और धूप मिल सके।

ध्यान रखें: पौधों को प्लास्टिक की पॉलीथिन से मत ढकिए। प्लास्टिक के अंदर नमी जम जाती है और पौधा और ज्यादा खराब हो जाता है।

2. शाम या रात में पौधों को पानी बिल्कुल मत दीजिए

सर्दियों में पौधों को मारने की सबसे बड़ी वजह गलत समय पर पानी देना है। शाम या रात में पानी देने से मिट्टी पूरी रात गीली रहती है। ऊपर से ठंड, तो जड़ें सड़ने लगती हैं।

पानी हमेशा सुबह 9-11 बजे के बीच दीजिए, जब हल्की धूप निकल आई हो। पानी देने से पहले उंगली से मिट्टी चेक कीजिए। अगर मिट्टी ऊपर से 1 इंच तक सूखी है, तभी पानी दीजिए। अगर मिट्टी गीली है, तो पानी मत दीजिए।

3. गमलों को ठंडी हवा से बचाकर रखें

अगर आपके गमले खुले में रखे हैं, जहां रात को सीधी ठंडी हवा लगती है, तो उन्हें वहां से हटा दीजिए। गमलों को दीवार के पास, किसी कोने में या छत की मुंडेर के सहारे रख दीजिए, जहां हवा सीधे ना लगे।

साथ ही गमले की मिट्टी के ऊपर सूखी पत्तियों की हल्की सी परत बिछा दीजिए। इससे मिट्टी की नमी बनी रहती है और जड़ों को ठंड भी कम लगती है। इसे मल्चिंग कहते हैं।

4. धूप वाली जगह पर रखिए

सर्दियों में पौधों को धूप बहुत पसंद होती है। कोशिश कीजिए कि दिन में पौधों को कम से कम 3-4 घंटे की धूप जरूर मिले। जिन पौधों को धूप कम मिल रही है, उन्हें उठाकर धूप वाली जगह पर रख दीजिए, लेकिन रात को खुले आसमान के नीचे पाला पड़ता है, तो पौधों को पाला से बचाना भी जरूरी है। इसलिए रात को ढकना मत भूलिए।

सर्दियों में पौधों के साथ ये गलतियां मत करना

ठंड के मौसम में पौधे लगाते वक्त ये गलतियां बिल्कुल भी मत करिए।

1. सर्दियों में ज्यादा खाद मत दीजिए: ठंड में पौधा बढ़ता नहीं है, इसलिए उसे ज्यादा खाद की जरूरत नहीं होती। ज्यादा खाद देने से पौधा जल सकता है। महीने में एक बार हल्की खाद ही काफी है।

2. पौधों की कटाई-छंटाई मत कीजिए: सर्दियों में पौधों की कटिंग करना सही नहीं है। इस समय कटिंग करने से पौधा कमजोर हो जाता है। कटिंग के लिए फरवरी के आखिर का इंतजार कीजिए।

3. पत्तियों पर पानी का छिड़काव रात में मत कीजिए: कई लोग पत्तियों पर पानी छिड़क देते हैं। सर्दियों में रात में ऐसा करने से पत्तियों पर ओस जम जाती है और वो सड़ने लगती हैं। छिड़काव करना ही है तो सुबह की धूप में कीजिए।

4. गमले के नीचे प्लेट में पानी जमा मत होने दीजिए: गमले के नीचे रखी प्लेट में अगर पानी भरा रहेगा, तो जड़ें हमेशा गीली रहेंगी और सड़ जाएंगी। पानी देने के 30 मिनट बाद प्लेट का पानी फेंक दीजिए।

5. नए पौधे रात को बाहर मत रखिए: अगर आपने अभी-अभी नर्सरी से नया पौधा लाया है, तो उसे 3-4 दिन तक रात को अंदर ही रखिए। नया पौधा ठंड को जल्दी सहन नहीं कर पाता।

ऊपर बताए गए तरीकों को अपनाने से आपके पौधे पूरी सर्दी हरे-भरे और खिले-खिले रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।