तुलसी का पौधा आपको लगभग सभी भारतीय घरों में मिल जाएगा। इसे एक पवित्र पौधे के रूप में पूजा जाता है। हालांकि, अगर आपको लगता है कि इसका सिर्फ धार्मिक महत्व है, तो आप गलत हैं। इसका इस्तेमाल कई घरेलू नुस्खों में भी किया जाता है। सर्दी-जुकाम से लेकर गले की खराश तक, कई छोटी-मोटी परेशानियों में तुलसी का इस्तेमाल किया जाता है। तुलसी के पत्ते इम्यूनिटी को मजबूत करके कई बीमारियों से हमें बचा सकते हैं। अगर आप रोजाना एक महीने तक तुलसी के 7 पत्ते पानी में उबालकर पिएंगी, तो इससे आपको शरीर में कई बदलाव महसूस हो सकते हैं। चलिए इस बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं। यह जानकारी आयुर्वेदिक डॉक्टर नीतिका कोहली दे रही हैं। उन्होंने आयुर्वेद में एमडी किया है और उन्हें इस फील्ड में लगभग 18 सालों का अनुभव है।

रोज सुबह खाली पेट तुलसी के 7 पत्ते पानी में उबालकर पीने से क्या होता है?

एक्सपर्ट का कहना है कि अगर आप रोज सुबह खाली पेट तुलसी के 7 पत्ते पानी में उबालकर पिएंगी, तो इससे इम्यूनिटी मजबूत होगी, पाचन बेहतर होगा और सेहत में सुधार देखने को मिल सकता है।

1. इम्यूनिटी मजबूत होती है

अगर आप 1 महीने तक रोजाना सुबह खाली पेट तुलसी के 7 पत्ते पानी में उबालकर पिएंगी, तो बीमारियां दूर रहेंगी। इसमें मौजूद एंटीबैक्टीरियल और एंटीऑक्सीडेंट गुणों के कारण यह मौसमी इंफेक्शंस से बचाव करता है।

2. सर्दी-जुकाम और गले की परेशानी में मिल सकती है राहत

तुलसी के पत्तों को पानी में उबालकर पीने से गले की खराश, जुकाम और खांसी कम हो सकती है। खासकर, बदलते मौसम में यह बहुत फायदेमंद होता है। एक्सपर्ट का कहना है कि इस समय मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है और ठंड की शुरुआत हो रही है, ऐसे में आप इसे डाइट का हिस्सा जरूर बनाएं।

3. पाचन बेहतर होता है

तुलसी के पत्तों का पानी पाचन को दुरुस्त करने में मदद करता है। यह डाइजेस्टिव एंजाइम्स के सीक्रेशन को बढ़ाता है और गैस, अपच व एसिडिटी जैसी दिक्कतों से बचाव करता है।

4. तनाव कम होता है

तुलसी एडाप्टोजेन की तरह काम करती है। यह मानसिक थकान और कोर्टिसोल (स्ट्रेस हार्मोन) के स्तर को नियंत्रित रखती है। इसका पानी पीने से स्ट्रेस कम करने और अच्छी नींद लाने में मदद मिलती है।

5. ब्लड शुगर कंट्रोल हो सकता है

तुलसी के पत्तों को पानी में उबलाकर रोजाना पीने से एक महीने में ब्लड शुगर लेवल में कुछ अंतर दिख सकता है। इसके नियमित सेवन से शरीर में इंसुलिन का स्तर संतुलित रहता है। हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आप डायबिटीज की दवाई की जगह इसका सेवन करें।

6. शरीर को डिटॉक्स करता है

तुलसी के पत्तों का पानी शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है। इससे एजिंग के साइन्स कम होते हैं और शरीर में मौजूद टॉक्सिन्स बाहर निकलते हैं, जिससे स्किन पर निखार आता है।

सुबह खाली पेट तुलसी का पानी पीते समय रखें इन बातों का ध्यान

  • ऐसा जरूरी नहीं है कि आपको 7 पत्तों का ही इस्तेमाल करना है। आप इसे कम भी कर सकती हैं।
  • अगर आप कोई दवाई ले रही हैं, तो इसके सेवन से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
  • तुलसी बेशक औषधीय गुणों से भरपूर होती है, लेकिन प्रेग्नेंसी में इसके इस्तेमाल से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।


नोट- यह केवल एक घरेलू नुस्खा है। इसे किसी बीमारी का इलाज या किसी दवाई का विकल्प नहीं माना जा सकता है।

हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।