आजकल गलत खानपान, फिजिकल एक्टिविटी की कमी और मोटापे के कारण फैटी लिवर की समस्या तेजी से बढ़ती जा रही है। फैटी लिवर में लिवर की कोशिकाओं में जरूरत से ज्यादा फैट जमा होने लगता है। इसकी वजह से लिवर ठीक तरह से फंक्शन नहीं कर पाता है और शरीर में टॉक्सिन्स जमा होने लगते हैं। फैटी लिवर के लक्षण शुरुआत में नजर नहीं आते हैं, लेकिन अगर लंबे समय तक इस पर ध्यान न दिया जाए तो फैटी लिवर का ग्रेड बढ़ सकता है और इसका सीधा असर आपकी सेहत पर होता है। फैटी लिवर के लक्षणों को रिवर्स करने में सबसे अहम भूमिका आपके खान-पान और लाइफस्टाइल की होती है। अगर आपकी रिपोर्ट में फैटी लिवर आ गया है, तो आपको क्या खाना चाहिए और क्या नहीं, चलिए इसका जवाब डाइटिशियन से जानते हैं। इस बारे में डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट राधिका गोयल जानकारी दे रही हैं।

फैटी लिवर डाइट चार्ट

क्या खाएं? क्या न खाएं?
हरी पत्तेदार सब्जियां, लहसुन, चुकंदर और ब्रॉकली आलू, अचार और तली-भुनी चीजें
सूरजमुखी के बीच, चिया सीड्स, बादाम, काजू और फ्लैक्स सीड्स पीनट बटर, भुने हुए या शुगर कोटेड नट्स
ऑलिव ऑयल, घी या सरसों का तेल मक्खन, रिफाइंड ऑयल, पाम ऑयल और बेकरी आइटम्स
बेरीज, सेब, किवी और पपीता फलों का जूस, पैकेज्ड जूस, बहुत पके हुए और मीठे फल
खजूर और स्टेविया आइस्क्रीम, रिफाइंड शुगर और शुगर वाली ड्रिंक्स
हल्की, आंवला जूस, ग्रीन टी और ब्लैक कॉफी बहुत अधिक चाय और कॉफी

फैटी लिवर में क्या खाना चाहिए?

डाइटिशियन के मुताबिक, फैटी लिवर में ऐसा खाना चुनना चाहिए जो वजन और ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद करे और लिवर पर अतिरिक्त बोझ न डाले।

1. फाइबर से भरपूर चीजें

डाइट में सब्जियां, सलाद, साबुत अनाज और दालों को शामिल करें। ओट्स, दलिया, ब्राउन राइस, मल्टीग्रेन रोटी और दाल से शरीर को भरपूर मात्रा में फाइबर मिलता है और लंबे समय तक पेट भरा हुआ रहता है।

2. हरी सब्जियां और मौसमी फल

पालक, मेथी, लौकी, तोरई, भिंडी जैसी सब्जियों को नियमित डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है। फलों में सेब, अमरूद, संतरा, पपीता और बेरीज जैसे कम मात्रा में प्राकृतिक शुगर वाले विकल्प लिए जा सकते हैं। हालांकि, फलों का जूस पीने के बजाय पूरा फल खाना बेहतर विकल्प माना जाता है।

3. प्रोटीन पर दें ध्यान

दाल, चना, राजमा, लोबिया, पनीर की सीमित मात्रा, दही, अंडे और मछली जैसे प्रोटीन स्रोत डाइट में शामिल किए जा सकते हैं। प्रोटीन का सही चुनाव वजन को कम करने के लिए जरूरी है।

4. हेल्दी फैट चुनें

फैटी लिवर में हर तरह का फैट बंद करने की जरूरत नहीं होती है। नट्स और सीड्स जैसे बादाम, अखरोट, अलसी और चिया सीड्स को सीमित मात्रा में डाइट में शामिल किया जा सकता है। इससे शरीर को हेल्दी फैट मिलता है। खाना बनाने के लिए रिफाइंड ऑयल का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।

फैटी लिवर में किन चीजों से बचना चाहिए?

  • ज्यादा चीनी और मीठी चीजें जैसे मिठाई, केक, पेस्ट्री, कैंडी और मीठे पैकेज्ड फूड का सेवन कम करें।
  • सॉफ्ट ड्रिंक, एनर्जी ड्रिंक और ज्यादा शुगर वाले पैकेज्ड जूस लिवर की सेहत को खराब कर सकते हैं।
  • समोसा, पकौड़े, फ्रेंच फ्राइज और बहुत ज्यादा तेल में बना खाना कम खाएं या इसे पूरी तरह अवॉइड करें।
  • मैदा से बनी चीजें, सफेद ब्रेड और बहुत ज्यादा प्रोसेस्ड स्नैक्स का सेवन कम करना चाहिए।

यह भी पढ़ें- नानी मां की रसोई में छुपे हैं फैटी लिवर के लिए 4 देसी उपाय, जानें कैसे करें इस्तेमाल?

एक्सपर्ट का कहना है कि सेहतमंद रहने के लिए लिवर का हेल्दी होना बहुत जरूरी है और इसके लिए आप एक्सपर्ट की बताई डाइट को फॉलो कर सकती हैं। हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।