Mulethi Side Effects: अक्सर बदलते मौसम में गले में खराश हो जाती है और लोग तुरंत मुलेठी चबाना शुरू कर देते हैं। इसका सेवन करने से गले को आराम मिलता है, लेकिन इसे बार-बार या ज्यादा मात्रा में खाने से सेहत को नुकसान हो सकता है। ज्यादा मुलेठी खाने से शरीर में ग्लाइसीराइजिन पॉइजनिंग हो जाती है, जो शरीर में नमक, पानी और हार्मोन का पूरा बैलेंस बिगाड़ देती है। इससे आपको हेल्थ से जुड़ी कई दिक्कतें हो सकती हैं, जैसे- हाई-बीपी, पोटेशियम कम होना और दिल की धड़कन का बिगड़ना।

ज्यादा मुलेठी खाने के 5 बड़े नुकसान

गले की खराश को दूर करने के लिए तो मुलेठी अच्छी है, लेकिन नेशनल सेंटर फॉर कॉम्प्लिमेंट्री एंड इंटीग्रेटिव हेल्थ के अनुसार, ज्यादा सेवन से ये नुकसान हो सकते हैं।

1. हाई ब्लड प्रेशर बढ़ता है

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मुलेठी में ग्लाइसीराइजिन होता है। इससे शरीर में सोडियम और पानी रूक जाता है और ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है।

2. पोटेशियम कम हो जाता है

ज्यादा मुलेठी खाने से शरीर से पोटेशियम बाहर निकल जाता है, जिससे थकान, मसल्स में ऐंठन और कमजोरी महसूस होती है।

3. प्रेग्नेंसी में न खाएं मुलेठी

प्रेग्नेंसी के दौरान मुलेठी खाना सेफ नहीं है। इससे समय से पहले डिलीवरी का जोखिम बढ़ सकता है। इसलिए गर्भावस्था के दौरान इसके सेवन से बचें।

4. दिल की धड़कन बिगड़ सकती है

पोटेशियम की कमी और हाई बीपी की वजह से दिल की धड़कन बिगड़ सकती है और कार्डियक अरेस्ट तक का खतरा रहता है।

5. हार्मोन पर हो सकता है असर

मुलेठी का सेवन कोर्टिसोल हार्मोन को ठीक से टूटने नहीं देता, जिससे सिरदर्द, चक्कर आना और महिलाओं में पीरियड्स गड़बड़ होने की समस्या हो सकती है।

image credit- magnific

गले की खराश में मुलेठी क्यों फायदेमंद है?

अपोलो 24/7 की रिपोर्ट के मुताबिक, मुलेठी एक नेचुरल एक्सपेक्टोरेंट है, यानी यह कफ को कम करने और खांसी से राहत दिलाने में मदद करती है। इसमें सूजन-रोधी गुण भी होते हैं जो गले की जलन को कम करते हैं।

image credit-magnific

गले की खराश से कैसे बचें?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, बदलते मौसम और फ्लू जैसे वायरल इंफेक्शन अक्सर गले में खराश का कारण बनते हैं। आप इन आम संक्रमणों से बचकर गले में खराश की संभावना को कम कर सकती हैं।

  • फ्लू के टीके समय पर लगवाएं।
  • साबुन-पानी या सैनिटाइजर से बार-बार हाथ धोएं।
  • खाना, पीने की चीजें या बर्तन शेयर न करें।
  • सर्दी-जुकाम वाले लोगों से दूरी बनाए रखें।
  • खुद बीमार हों तो दूसरों के संपर्क में आने से बचें ताकि संक्रमण न फैले।

इन बातों का रखें ध्यान

मुलेठी का सेवन करने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। अगर आपको भी ये दिक्कतें हैं, तो इसे खाने से बचें।

  • क्या आपको ब्लड प्रेशर की समस्या है?
  • अगर ब्लड प्रेशर की दिक्कत है, तो कौन सी दवा लेती हैं।
  • किडनी या दिल की तो कोई बीमारी नहीं है।

इनमें से कोई बात लागू होती है, तो नियमित सेवन से पहले डॉक्टर से सलाह लें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।