शरीर में खून की कमी होने का सीधा असर हमारे शरीर के अंगों और उनके काम करने की क्षमता पर होता है। शरीर में हीमोग्लोबिन (Hb) की कमी होने से एनीमिया यानी खून की कमी हो जाती है, जिससे अंगों और टिश्यूज तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती है। इसकी वजह से सांस फूलना, चक्कर आना, दिल की धड़कन तेज होना, थकान और कमजोरी महसूस होना जैसे लक्षण नजर आने लगते हैं। खाने में न्यूट्रिएंट्स की कमी, कई बीमारियों और पीरियड्स में ज्यादा ब्लड लॉस होने पर हीमोग्लोबिन का लेवल कम हो जाता है। डाइट और लाइफस्टाइल में कुछ खास बदलाव करके इसका लेवल बढ़ सकता है और खून की कमी दूर होती है। ऐसे ही 10 बदलावों के बारे में हार्मोन और गट हेल्थ कोच डाइटिशियन मनप्रीत कालरा जानकारी दे रही हैं। वह रीबूट गट हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली की फाउंडर और डायरेक्‍टर हैं।

Haemoglobin Level बढ़ाने के लिए फॉलो करें ये 10 टिप्स

1. आयरन से भरपूर चीजें खाएं

हीमोग्लोबिन लेवल बढ़ाने के लिए आयरन से भरपूर फूड्स को डाइट में शामिल करें। दाल, बीन्स, हरी पत्तेदार सब्जियां, गुड़, खजूर, तिल के बीज और हलीम सीड्स खाने से शरीर में आयरन बढ़ता है।

2. आयरन को विटामिन-सी के साथ खाएं

आयरन रिच फूड्स को हमेशा विटामिन-सी से भरपूर चीजों के साथ खाएं। इससे शरीर में आयरन का अब्जॉर्बशन अच्छे से होता है। आंवला, संतरा, कीवी, नींबू और शिमला मिर्च को डाइट में शामिल करें।

3. विटामिन-बी12 और फोलेट रिच फूड्स लें

विटामिन बी12 और फोलेट की कमी होने पर भी हीमोग्लोबिन लेवल पर असर पड़ सकता है। डेयरी प्रोडक्ट्स जैसे दूध, दही और पनीर जरूर खाएं। आप डॉक्टर की सलाह पर विटामिन-बी12 और फोलेट के सप्लीमेंट्स भी ले सकते हैं।

4. खाने के साथ चाय और कॉफी न लें

खाने के साथ चाय और कॉफी न लें। इसमें मौजूद टैनिन शरीर में आयरन के अब्जॉर्बशन को कम कर सकता है। चाय-कॉफी और मील्स के बीच कम से कम 2 घंटे का अंतर रखें।

5. आयरन के बर्तन में खाना बनाएं

कास्ट आयरन की कड़ाही में खाना बनाएं। इससे मील्स में आयरन की मात्रा बढ़ जाती है।

6. डाइट में प्रोटीन जरूर लें

प्रोटीन की कमी होने पर भी शरीर में हीमोग्लोबिन बनना कम हो सकता है। ऐसे में प्रोटीन से भरपूर चीजें खाएं। इससे हीमोग्लोबिन और रेड ब्लड सेल्स का प्रोडक्शन बढ़ता है।

7. आयरन की कमी का कारण समझें

शरीर में आयरन और हीमोग्लोबिन का लेवल बढ़ाने के लिए यह जानना भी जरूरी है कि इसके पीछे की वजह क्या है। खराब गट हेल्थ, हैवी पीरियड्स, अल्सर और कई बीमारियों की वजह से हीमोग्लोबिन कम हो सकता है। इस पर ध्यान दें।

8. आयरन सप्लीमेंट शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह लें

आयरन की कमी और अधिकता दोनों की नुकसानदेह होती है। ऐसे में आयरन सप्लीमेंट शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

9. गट हेल्थ पर ध्यान दें

गट हेल्थ सही होने पर शरीर में आयरन, विटामिन और मिनरल्स अच्छे से अब्जॉर्ब होते हैं। ऐसे में गट हेल्थ पर ध्यान दें। हेल्दी डाइट लें और प्रोबायोटिक्स से भरपूर चीजें खाएं।

10. आयरन और कैल्शियम साथ न लें

आयरन और कैल्शियम को साथ में लेने से ये एक-दूसरे के अब्जॉर्बशन में बाधा डालते हैं। ऐसे में इन दोनों को कभी साथ न लें।


हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit:Magnific, Shutterstock