आजकल लोग अपनी सेहत को लेकर बहुत सीरियस होते जा रहे हैं। बदलती लाइफस्टाइल की वजह से होने वाली बीमारियों से बचने के लिए अब लोग बाजरा, रागी और ज्वार जैसे मोटे अनाज अपनी डाइट में शामिल कर रहे हैं। वजन घटाने से लेकर डायबिटीज कंट्रोल करने तक ये सभी चीजें बहुत ही फायदेमंद मानी जाती हैं, लेकिन क्या आप जानती हैं कि जिस सेहतमंद अनाज को आप रोजाना खा रही हैं, अगर उसे पकाने का सही तरीका आपको नहीं पता है, तो वह आपको बीमार भी कर सकता है?

मिलेट्स को गलत तरीके से खाने के नुकसान

अक्सर लोग बिना सोचे-समझे बाजरा, रागी या ज्वार का आटा गूंथकर उसकी रोटियां बना लेते हैं या दलिया पका लेते हैं। ऐसा करने से पेट में भारीपन, गैस और एसिडिटी जैसी परेशानियां हो सकती हैं। बाजरा, रागी और ज्वार जैसे अनाजों की बाहरी परत में कुछ ऐसे प्राकृतिक तत्व पाए जाते हैं, जो हमारे शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।

पाचन तंत्र से जड़ी परेशानी

इन अनाजों में फाइटिक एसिड और टैनिन जैसे एंटी-न्यूट्रिएंट्स होते हैं, जो शरीर में आयरन, कैल्शियम और जिंक जैसे जरूरी मिनरल्स को मिलने से रोकते हैं। बिना भिगोए या जल्दबाजी में पकाए गए ये मिलेट्स आपको पेट से जुड़ी परेशानियां दे सकते हैं। इससे आपका पाचन तंत्र खराब हो सकता है, साथ ही पेट फूलना, गैस और सीने में जलन जैसी समस्या हो सकती है। मिलेट्स की तासीर थोड़ी गर्म होती है और इनमें फाइबर बहुत ज्यादा होता है, इसलिए अगर इन्हें सही तरीके से न खाया जाए तो यह आंतों पर दबाव डाल सकते हैं। 

मिलेट्स पकाने और खाने का सही तरीका

अगर आप मिलेट्स से पूरा पोषण पाना चाहती हैं और पेट की परेशानियों से बचना चाहती हैं, तो इन तरीकों को जरूर अपनाएं -

  • बाजरा और रागी जैसे मिलेट्स को पकाने से पहले कम से कम 6 से 8 घंटे या पूरी रात पानी में भिगोकर रखें।
  • ऐसा करने से इनमें मौजूद हानिकारक फाइटिक एसिड पानी में घुल जाता है।
  • भिगोने के बाद उस पानी को फेंक दें और अनाजों को साफ पानी से एक-दो बार अच्छी तरह धो लें।
  • अगर हो सके, तो बाजरा या रागी को भिगोने के बाद अंकुरित कर लें। इससे इनकी पौष्टिकता कई गुना बढ़ जाती है।
  • मिलेट्स को हमेशा धीमी आंच पर ही पकाएं। जल्दबाजी में तेज आंच पर पकाने से वे ठीक से नहीं पचते और पाचन तंत्र से जुड़ी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।  

निष्कर्ष:अगर आप भी सेहतमंद रहने के लिए मिलेट्स - बाजरा, रागी, ज्वार जैसी चीजें अपनी डाइट में शामिल कर रही हैं, तो इस लेख में बताए गए सही तरीकों को जरूर अपनाएं। ऐसा करने से आप बिना किसी परेशानी के इन अनाजों का पूरा फायदा उठा सकेंगी और आपकी सेहत भी तंदुरुस्त बनी रहेगी। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।  

image credit: freepik