हमारे यहां भारत में घूमने फ‍िरने की एक से एक जगहें मौजूद हैं। इसके अलावा कुछ ऐसे गांव में भी हैं ज‍िनकी खूबसूरती देखने लायक होती है, लेक‍िन एक ऐसा गांव भी है जो खूबसूरत होने के साथ-साथ एश‍िया का सबसे साफ सुथरा गांव है। हम मेघालय के मावल‍िननोंग (Mawlynnong) गांव की बात कर रहे हैं। ये ईस्‍ट खासी ह‍िल्‍स में बसा हुआ है। हर साल यहां बड़ी संख्‍या में लोग घूमने के ल‍िए आते हैं।

आसपास के लोग तो वीकेंड पर ही जाते हैं, लेक‍िन इस समय अब यहां जाना आसान नहीं है। दरअसल, इस गांव में रव‍िवार को टूर‍िस्‍ट्स की नो एंट्री रहती है। ये सुनने में आपको अजीब लगता होगा, लेक‍िन इसके पीछे एक खास वजह है। आइए इसके बारे में जानते हैं-

जनवरी 2026 से लागू हुआ नया नियम

मावलिननोंग गांव की परिषद, जिसे डोरबार श्नोंग कहा जाता है, ने जनवरी 2026 से एक नया नियम लागू कर द‍िया था। इस न‍ियम के तहत रविवार को यहां पर्यटकों की एंट्री बंद कर दी गई। हालांकि, जो लोग गांव के होमस्टे में पहले से ठहरे हुए हैं, वो वहां रह सकते हैं। ये नियम केवल डे-ट्रिप के लिए आने वाले पर्यटकों पर लागू होता है। इसलिए अगर आप मावलिननोंग घूमने जाना चाहती हैं, तो रव‍िवार छेाड़कर कभी भी जा सकती हैं।

आखिर क्यों लिया गया ये फैसला?

आपको बता दें क‍ि मावलिननोंग में जो लोग रहते हैं, उनके लिए रविवार सिर्फ छुट्टी का दिन नहीं होता है। ये दिन परिवार, समुदाय और धार्मिक गतिविधियों के लिए खास माना जाता है। गांव के ज्‍यादातर लोग इस दिन चर्च जाते हैं और अपने परिवार के साथ समय बिताते हैं, लेक‍िन पिछले कुछ सालों में गांव में पर्यटकों की संख्या काफी बढ़ गई थी।

ग्रामवास‍ियों की रूटीन पर पड़ने लगा था असर

इससे कई बार चर्च की एक्‍ट‍िव‍िटीज और लोगों की रूटीन पर भी असर पड़ने लगा था। इसी को देखते हुए गांव की परिषद ने तय किया कि रविवार को गांव केवल यहां के लोगों के लिए ही रहेगा।

सिर्फ सफाई ही नहीं, लाइफस्‍टाइल भी है खास

मावलिननोंग को सिर्फ साफ-सुथरे गांव के ल‍िए नहीं जाना जाताहै। यहां के लोग मिलकर पूरे गांव की सफाई करते हैं। कचरे को अलग-अलग इकट्ठा किया जाता है और आए द‍िन यहां पर सफाई अभियान चलाए जाते हैं। अगर आप यहां गईं होंगी तो आपने जगह-जगह पर बांस से बने डस्टबिन, सुंदर बगीचे और साफ रास्ते जरूर देखे होंगे।

यहां क्या-क्या देख सकती हैं?

अगर आप मावलिननोंग घूमने जा रही हैं, तो सिर्फ गांव ही नहीं बल्कि आसपास की कई जगहों काे भी एक्‍सप्‍लोर कर सकती हैं। जैसे-

  • स्काई व्यू प्वाइंट
  • रिवाई लिविंग रूट ब्रिज
  • खासी घर और बगीचे
  • खासी व्यंजनों का स्वाद

कब जाएं मावलिननोंग?

मावलिननोंग घूमने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से अप्रैल के बीच का होता है। इस दौरान मौसम यहां का बहुत ही सुहावना रहता है और घूमने में भी आसानी होती है। वहीं मानसून में यहां की हरियाली अपने चरम पर होती है, हालांकि भारी बारिश के कारण आपको द‍िक्‍कतें हो सकती हैं।

तो अगर आप यहां जाने का प्लान बना रही हैं, तो इस बात का ध्यान रखें कि रविवार को डे-ट्रिप की परम‍िशन आपको नहीं म‍िलेगी। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Incredible india