रेस्टोरेंट की सब्जी का टेक्सचर इतना क्रीमी होता है कि इसे देखते ही खाने का मन हो जाता है। सब्जी में आपको मसाले अलग नजर नहीं आते और ऊपर से हल्की-सी चमक भी दिखाई देती है। हालांकि, घर पर जब भी रेस्टोरेंट जैसी सब्जी बनाने की कोशिश करते है, ग्रेवी का टेक्सचर उतना चिकना नहीं लगता। ऐसे में महिलाओं को लगता है कि तेल कम डालने की वजह से शायद यह रेस्टोरेंट जैसी नहीं बनी है, लेकिन इसका कारण केवल तेल नहीं है। आज के इस आर्टिकल में हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बताएंगे, जिससे आप समझ पाएंगी कि रेस्टोरेंट की ग्रेवी इतनी क्रीमी क्यों होती है?

1. मलाई का यूज करें

रेस्टोरेंट की सब्जी में तेल ज्यादा डाला जाता है, लेकिन इसमें क्रीमी टेक्सचर सिर्फ तेल की वजह से नहीं होता। इसका एक कारण क्रीम भी हो सकता है। आप क्रीम को सब्जी तैयार होने के बाद आखिर में ऊपर से डाल सकती हैं या फिर जब टमाटर अच्छी तरह पक जाएं, तब थोड़ी-सी क्रीम डालकर उसे कुछ देर पका सकती हैं।

  • इसके लिए दूध के ऊपर जमने वाली मलाई को निकालकर एक कटोरी में इकट्ठा कर लें।
  • मलाई को सीधे सब्जी में डालने के बजाय पहले मिक्सी में डालकर 2-3 चम्मच ठंडे दूध के साथ अच्छी तरह पीस लें, ताकि उसमें कोई गांठ न रहे और यह क्रीमी हो जाए।
  • जब सब्जी लगभग तैयार हो जाए, तब गैस धीमी कर दें और मलाई को चम्मच की मदद से ऊपर डालें।

2. मक्खन भी बदलता है सब्जी का टेक्सचर

रेस्टोरेंट जैसी ग्रेवी बनाने के लिए आखिर में थोड़ा-सा मक्खन भी डाला जाता है। इससे ग्रेवी का स्वाद बढ़ने के साथ-साथ उसका टेक्सचर भी मुलायम और चमकदार हो जाता है। कई लोग मक्खन को शुरुआत में ही डाल देते हैं, लेकिन अगर आप रेस्टोरेंट जैसा स्वाद और फिनिश चाहती हैं, तो ग्रेवी तैयार होने के बाद आखिर में मक्खन डालकर अच्छी तरह मिलाएं।

इसे भी पढ़ें- गांव का असली स्वाद अब आपके किचन में, बिना ओवन के बनाएं ये 5 लजीज मिठाइयां

  • इसके लिए आपको ग्रेवी पकने का इंतजार करना होगा। इसके पकने के बाद थोड़ा मक्खन डालें।
  • बहुत ज्यादा मक्खन डालने की जरूरत नहीं।
  • थोड़े से मक्खन से ही सब्जी पर हल्की चमक और टेक्सचर नजर आ जाएगा।

3. भुने हुए टमाटर डालें

अगर आपको भी सब्जी में रेस्टोरेंट जैसा चिकना और क्रीमी टेक्सचर चाहिए, तो टमाटर को पहले हल्का-सा भून लें और फिर मिक्सी में अच्छी तरह पीस लें। इसके बाद पिसे हुए टमाटर को अच्छी तरह पकाना भी बहुत जरूरी है। टमाटर जितनी अच्छी तरह पकेंगे, ग्रेवी का टेक्सचर उतना ही स्मूद और स्वादिष्ट बनेगा।

  • आप टमाटर को उबालकर भी पीस सकती हैं। 
  • पेस्ट को तभी कढ़ाई में डालें, जब प्याज को अच्छे से भून लिया हो।
  • इसके बाद पेस्ट को तब तक पकाएं जब तक टमाटर की कच्ची महक खत्म न हो ।

निष्कर्ष- ध्यान रखें कि हर रेस्टोरेंट की ग्रेवी को क्रीमी बनाने के लिए काजू, क्रीम या मक्खन ही जरूरी नहीं होता। चिकनी ग्रेवी का सबसे बड़ा राज बारीक पेस्ट भी होता है।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- magnific