आलू एक ऐसी सब्जी है, जाे सभी के साथ इस्तेमाल हो जाती है। चाहे परवल बनाना हाे या फिर बैंगन, मटर, शिमला मिर्च, गोभी ही क्यों न हो, आलू का स्वाद इन सभी के साथ बहुत अच्छा लगता है। सब्जियों के अलावा आलू से कई तरह के स्नैक्स भी बनाए जाते हैं। हालांकि, बाजार से आप भी अलग-अलग तरह के आलू खरीदकर लाती होंगी। लाल, पीला या सफेद, कई तरह के आलू बाजार में मिलते हैं।
ऐसे में अक्सर समझ नहीं आता है कि किस डिश के लिए कौन सा आलू लेना सही रहेगा? खासकर अगर घर पर फ्रेंच फ्राइज बनाने की बात हो, तो आलू का सही चुनाव जरूरी होता है, तभी ये क्रिस्पी एकदम रेस्टोरेंट वाले बन पाते हैं। इसलिए हम आपको आज अपने इस लेख में बता रहे हैं कि सब्जी और फ्रेंच फ्राइज के लिए कौन सा आलू लेना बेहतर रहेगा? आइए जानते हैं-
सफेद आलू से क्या अच्छा बनाया जा सकता है?
सफेद रंग के आलू एक जैसे नहीं होते हैं। कुछ में स्टार्च ज्यादा होता है, जबकि कुछ में कम। ज्यादा स्टार्च वाले सफेद आलू फ्राई करने के लिए सही रहते हैं। इनसे चिप्स और फ्राइज बनाया जाता है। ऐसे में अगर आपको घर पर फ्रेंच फ्राइज बनाने हैं, तो सफेद आलू को काटकर चेक करें कि यह काटने पर थोड़ा सूखा सा लगता है या नहीं। यही आलू फ्राई होने के बाद क्रिस्पी टेक्सचर देते हैं।
पीले आलू का इस्तेमाल किस व्यंजन के लिए बेस्ट है?
पीले आलू की कुछ किस्में मीडियम स्टार्च वाली होती हैं। इनमें सफेद आलू जितना बहुत ज्यादा स्टार्च भी नहीं होता और न ही लाल आलू जैसा ज्यादा चिपचिपापन होता है। अगर आप ऐसा आलू चाहती हैं जो हर तरह की रेसिपी में काम आए तो पीला आलू सही रहेगा। इसे आप उबालने, मैश करने, रोस्ट करने और यहां तक कि फ्राई करने के लिए भी यूज कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें- Tips: आलू खरीदते वक्त रखें 3 बातों का ध्यान
लाल आलू किस चीज के लिए सही है?
लाल आलू में स्टार्च काफी कम और नमी (पानी) ज्यादा होती है। इनका टेक्सचर थोड़ा चिपचिपा भी होता है, जिसकी वजह से ये पकाने के बाद भी अपना शेप बनाए रखते हैं और आसानी से नहीं टूटते हैं। यही वजह है कि लाल आलू को उबालने, सूप, स्टू, सलाद या रोस्टेड डिश बनाने के लिए लोग यूज करते हैं। मैं अपनी बात करूं तो इसका इस्तेमाल आलू के पराठे बनाने में करती हूं। इसकी फिलिंग बिल्कुल भी बाहर नहीं आती है, लेकिन अगर आप एकदम क्रिस्पी फ्रेंच फ्राइज बनाना चाहती हैं, तो इस आलू का इस्तेमाल न करें क्योंकि पानी ज्यादा होने के कारण फ्राइज क्रिस्पी बनने के बजाय सॉफ्ट हो जाएंगे।
फ्रेंच फ्राइज के लिए कैसा आलू चुनें?
फ्राइज बनाने के लिए ज्यादा स्टार्च और कम पानी वाले आलू परफेक्ट होते हैं। यही वजह है कि रसेट जैसी हाई-स्टार्च वाली आलू क्रिस्पी फ्रेंच फ्राइज के लिए बेस्ट हैं। अगर आपको यह आसानी से न मिले, तो बाजार से ज्यादा स्टार्च वाला सफेद या पीला आलू ले सकती हैं।
सब्जी बनाने के लिए कौन सा आलू लें?
अगर आप रोज की सूखी या ग्रेवी वाली सब्जी बना रही हैं, तो अपनी जरूरत के हिसाब से आलू ले सकती हैं। लाल आलू कम स्टार्च वाला होता है, इसलिए पकाते वक्त इसके टुकड़े टूटते नहीं और शेप बनी रहती है। वहीं पीले आलू हर तरह की सब्जी और कुकिंग के लिए बेस्ट हैं। इन्हें आप बिना किसी टेंशन के लगभग हर डिश में इस्तेमाल कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें- बिना मशीन और कटर के काटें फ्रेंच फ्राइज के लिए परफेक्ट आलू, आसान हैं ये तरीके
आसान भाषा में याद रखें
अगर आपको इसे समझने में दिक्कत हो रही है तो ये तरीका याद कर सकती हैं। जैसे-
- फ्रेंच फ्राइज के लिए ज्यादा स्टार्च वाला आलू लें।
- उबालने वाली डिश के लिए कम स्टार्च वाला लाल या वैक्सी आलू अच्छा रहेगा।
- रोज की अलग-अलग डिश बनाने के लिए पीला या सफेद आलू ले सकती हैं।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik
-1787026987799_m.webp)