सुबह उठते ही सबसे पहला सवाल हर महिला के दिमाग में यही आता है कि आज क्या बनाया जाए? घर में हर किसी की अलग-अलग पसंद होती है। कोई हल्का और हेल्दी नाश्ता चाहता है, तो किसी को नाश्ते में तला-भुना और भारी खाना चाहिए होता है। ऐसे में हर दिन सबकी पसंद का नाश्ता बनाना हर महिला के लिए आसान नहीं होता, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। क्योंकि, आप भारत के अलग-अलग राज्यों में खाए जाने वाले अलग-अलग नाश्ता घर पर तैयार कर सकती हैं। आज के इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि भारत में नाश्ते में कहां क्या खास खाया जाता है।
महाराष्ट्र में ब्रेकफास्ट में क्या खाया जाता है?
महाराष्ट्र में लोग सुबह झटपट बनने वाला नाश्ता करते हैं। ऐसा नाश्ता जो पेट भी भरे और जिसे बनाना भी आसान हो। यहां ज्यादातर लोग चूड़े को हल्का भूनकर उसमें प्याज, मूंगफली और करी पत्ता डालकर चाय के साथ नाश्ता करते हैं। इसके अलावा कांदा पोहा, मिसल पाव और वड़ा पाव भी यहां काफी पसंद किया जाता है। यहां उपमा भी लोग बड़े चाव से खाते हैं।
उत्तर प्रदेश में क्या खाया जाता है?
यहां नाश्ता ज्यादातर लोग भारी करते हैं। लोग ब्रेकफास्ट में पूरी-सब्जी बड़े चाव से खाते हैं। इसके अलावा आलू पराठा और बाटी चोखा भी लोग बड़े चाव से खाते हैं। यहां लोग सुबह के नाश्ते के साथ चाय जरूर लेते हैं। यहां का नाश्ता भारी, देसी और स्वाद से भरपूर होता है। ब्रेकफास्ट में लोग बाहर के खाने की बजाय घर पर ही कुछ अच्छा बनाकर खाते हैं।
पंजाब में क्या खाया जाता है?
पंजाब का नाश्ता ज्यादातर लोग जानते हैं। यहां का नाश्ता एनर्जी से भरपूर माना जाता है। पराठे के साथ दही, मक्खन या लस्सी पीना, नाश्ता का सबसे जरूरी पार्ट होता है। इसके अलावा यहां ब्रेकफास्ट में छोले भटूरे और कुल्चे भी बहुत ज्यादा पसंद किए जाते हैं। खाना भले ही भारी होता है, लेकिन यहां के लोग मेहनती भी बहुत होते हैं। भारी खाना उन्हें पूरे दिन ताकत देता है।
तमिलनाडु (Tamil Nadu)
यहां का नाश्ता हल्का और हेल्दी होता है। इसे आप साउथ इंडियन स्टाइल फूड समझ सकते हैं। ज्यादातर लोग इडली और डोसा खाते हैं। इडली स्टीम्ड और बहुत हल्की होती है, जबकि डोसा क्रिस्पी और मसालेदार होता है। यहां लोग लो-ऑयल और आसानी से पचने वाला खाना खाते हैं। ब्रेकफास्ट में ज्यादातर घरों में और बाहर भी आपको यही चीजें खाने को मिलेंगी।
इसे भी पढ़ें- सोडा वॉटर पीने की हैं शौकीन, जानें इसे किसने और कैसे बनाया था?
गुजरात (Gujarat)
गुजरात का नाश्ता मीठा और नमकीन मिलाकर होता है। असली गुजराती लोग नाश्ते में ढोकला, थेपला या खांडवी खाना पसंद करते हैं। हालांकि, कई लोगों को जलेबी फाफड़ा भी पसंद होता है, लेकिन ऐसा नाश्ता वह कभी-कभी ही करते हैं। ज्यादातर घरों में लोगों को थेपला और खांडवी खाना ही पसंद होता है।
इसे भी पढे़ं- रसगुल्ला और माछ-भात ही नहीं, बंगाल की इन 'सीक्रेट डिशेज' को चखे बिना अधूरी है फूड जर्नी
इन जगहों के अलावा राजस्थान में मसालेदार खाना लोग खाते हैं। मिर्ची बड़ा और दाल बाटी यहां की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली ब्रेकफास्ट रेसिपी है। वहीं केरल में लोग अप्पम और इडियप्पम खाना पसंद करते हैं। ये डिशेज बनाना आसान है, इसलिए आप अलग-अलग दिन यहां से रेसिपी आइडिया लेकर नाश्ता बना सकती हैं।
आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।
image credit- magnific
