अगर आप भी शहर के शोर-शराबे, ट्रैफिक और भागदौड़ भरी लाइफ से थक चुकी हैं और कुछ दिन सुकून से बिताना चाहती हैं, तो इस बार पहाड़ों या बीच के बजाय कुछ नया ट्राई करें। क्या आपने कभी सोचा है कि छुट्टियां किसी आलीशान होटल में नहीं, बल्कि किसी हरियाली वाली जगह मनाई जाए? अगर हां, तो इस बार आप एग्रिटूरिज्म ट्राई करें। आप सोच रही होंगी यह क्या होता है? आइए जानते हैं क्या होता है एग्रिटूरिज्म और भारत में ऐसी कौन-कौन सी जगहें हैं, जहां आप अपनी अगली छुट्टियां प्लान कर सकती हैं? 

क्या होता है एग्रिटूरिज्म?

आसान शब्दों में कहें तो जब आप बड़े होटल या रिजॉर्ट में छुट्टी बिताने की बजाय किसी फार्म, ग्रामीण इलाके या बागवानी वाली जगहों पर समय बिताती हैं, तो उसे एग्रिटूरिज्म कहते हैं। यह ऐसी जगहें होती हैं जहां पर घूमने के अलावा, वहां के कल्चर को भी समझने का मौका मिलता है।

एग्रिटूरिज्म के लिए कहां जाएं?

भारत देश के हर राज्य की खेती, संस्कृति और खान-पान अलग है, जिस वजह से हर जगह का फार्म एक्सपीरियंस काफी यूनिक होता है। आइए भारत के ऐसे 4 राज्यों के बारे में जानते हैं, जहां आप बेस्ट एग्रिटूरिज्म का मजा ले सकती हैं। साथ ही वहां पहुंचने का तरीका भी जानते हैं।

1- महाराष्ट्र

महाराष्ट्र काफी बड़ा राज्य है और कहा जाता है कि यहीं से भारत में एग्रिटूरिज्म की शुरुआत हुई थी। आप यहां पर फार्म स्टे का मजा ले सकती हैं और साथ ही अंगूर के बागों की सैर कर सकती हैं।

कैसे पहुंचे: अगर आप दिल्ली से सफर कर रही हैं, तो मुंबई तक ट्रेन या फ्लाइट से आसानी से पहुंच सकती हैं, वहां से बारामती और नासिक जैसे फार्म लोकेशन के लिए लोकल बस या कैब बुक कर सकती हैं।

image credit- magnific

2- केरल

अगर आपको शांत और हरी-भरी जगह पसंद है, तो केरल आपके लिए परफेक्ट है। यहां आप धान के खेतों में काम करने, मसालों के बाग में घूमने का अनुभव ले सकती हैं।

कैसे पहुंचे: दिल्ली से केरल के लिए कोच्चि और तिरुवनंतपुरम तक डायरेक्ट फ्लाइट और ट्रेन मिल जाती हैं। वहां से वायनाड, मुन्नार और थेक्कड़ी जैसी जगहों पर एग्री-फार्म्स के लिए टैक्सी ले सकती हैं।

3. राजस्थान  

राजस्थान में एग्रिटूरिज्म का मतलब है रेगिस्तान। यहां आप ऊंट देख सकती हैं, गांव के मेलों में शामिल हो सकती हैं और राजस्थानी कल्चर को करीब से जान सकती हैं।

कैसे पहुंचे: दिल्ली से सफर करने वालों के लिए जयपुर, बीकानेर तक ट्रेन और फ्लाइट है। वहां से आप ग्रामीण इलाकों के लिए बस या प्राइवेट कैब ले सकती हैं।

image credit-magnific

4. पंजाब  

पंजाब का एग्रिटूरिज्म पूरी तरह से खेतों की मिट्टी और किसान के जीवन से जुड़ा हुआ है। यहां आकर आप न सिर्फ गेहूं की खेती देखेंगी, बल्कि खेतों में ट्रैक्टर की सवारी करने का भी असली देसी मजा ले सकती हैं।

कैसे पहुंचे: अमृतसर और लुधियाना तक ट्रेन और फ्लाइट से पहुंचना आसान है। वहां से आप आस-पास के गांवों जैसे होशियारपुर और पटियाला में मौजूद फार्म स्टे तक टैक्सी से जा सकती हैं। 

इस तरह आप कह सकती हैं कि एग्रिटूरिज्म सिर्फ घूमना नहीं, बल्कि प्रकृति, खेती और गांव की असली जिंदगी को करीब से जानने का एक शानदार तरीका है। अगली बार जब आप छुट्टियों का प्लान बनाएं, तो किसी फाइव-स्टार होटल की जगह इन फार्म स्टे को जरूर ट्राई करें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

main image credit- magnific