हमारे यहां भारत में जब भी घूमने फ‍िरने की बात होती है तो लोगों के मन में सबसे पहले साउथ इंड‍िया का ही ख्‍याल आता है। साउथ इंड‍िया की सभी जगहें बहुत ही खूबसूरत हैं। उन्‍हीं में से एक राज्‍य तमिलनाडु है। त‍म‍िलनाडु का नाम लेते ही हम खूबसूरत मंदि‍र, स्‍वाद‍िष्ट साउथ इंड‍ियन खाना और शानदार बीच के बारे में सोच लेते हैं। हर साल लाखों लोग यहां घूमने के ल‍िए आते हैं, लेक‍िन क्‍या आप जानती हैं क‍ि तम‍िलनाडु स‍िर्फ ए‍क टूर‍िस्‍ट प्‍लेस नहीं बल्‍क‍ि कई र‍िकॉर्ड्स का भी घर है?

इस राज्‍य में ऐसी कई जगहें हैं जो अपने इति‍हास, बनावट और खास‍ियतों की वजह से पूरी दुन‍िया में फेमस हैं। ताे अगर आप तमि‍लनाडु घूमने का प्‍लान बना रही हैं तो आपको इन जगहों के बारे में जरूर जान लेना चाह‍िए। इससे घूमने का मजा दोगुना हो जाता है। आइए जानते हैं-

रामेश्वरम में है दुनिया का सबसे लंबा मंदिर कॉरिडोर

तम‍िलनाडु का रामेश्वरम अपने धार्मिक महत्‍व के लि‍ए जाना जाता है। यहां के रामनाथस्‍वामी मंद‍िर की सबसे बड़ी खास‍ियत इसका बड़ा सा कॉर‍िडोर है। आपको बता दें क‍ि इस मंद‍िर में दुन‍िया का सबसे लंबा कॉर‍िडोर है। अगर आप यहां गईं हैं तो आपने देखा होगा क‍ि अंदर चलने पर दूर-दूर तक एक लाइन में बने खूबसूरत खंभे द‍िखाई देते हैं। इन खंभों पर जो नक्‍काशी की गई है, वही इसकी खूबसूरती बढ़ाने का काम करती है।

ऊटी की टॉय ट्रेन का ट्रैक भी है खास

ऊटी को तम‍िलनाडु और साउथ इंड‍िया का सबसे खूबसूरत ह‍िल स्‍टेशन कहा जाता हे। यहां का नीलग‍िरी माउंटेन रेलवे, ज‍िसे लोग टाॅय ट्रेन के नाम से जानते हैं, टूर‍िस्‍ट को ये काफी पसंद आता है। इस रेलवे लाइन की खास बात ये है क‍ि इसे एशिया के सबसे सीधे और नीचे की तरफ झुके हुए रास्तों में से एक माना जाता है। पहाड़ों, जंगलों और चाय के बागानों के बीच से जब ये ट्रेन गुजरती है तो खूबसूरती देखने लायक होती है।

कोडाईकनाल की रहस्यमयी गुफा

अगर आप एडवेंचल लवर हैं तो कोडाईकनाल की गुना केव आपके लि‍ए बेस्‍ट रहेगी। इसे पहले डेव‍िल्‍स क‍िचन के नाम से जाना जाता था। घने जंगलों में बना ये केव बहुत ही रहस्‍यमयी है। गुफा की दरारें और चट्टाने देखकर आंखें खुली की खुली रह जाती है। जो भी कोडाईकनाल जाता है, वो यहां जाता ही जाता है।

कन्याकुमारी में मिलता है तीन सागरों का संगम

ये तो आप सभी जानती होंगी क‍ि कन्‍याकुमारी भारत के सबसे आख‍िरी कोने पर बसा हुआ है। ये बहुत ही खूबसूरत जगह है। यहां दुन‍िया के तीन बड़े समंदर जैसे बंगाल की खाड़ी (Bay Of Bengal), अरब सागर (Arabian Sea) और ह‍िंद महासागर (Indian Ocean) आपस में म‍िलते हैं। इसल‍िए इसे तीन सागरों का संगम कहा जाता है। यहां पर सनराइज और सनसेट दोनों ही देखने लायक होते हैं। इसके अलावा समंदर के बीचों बीच बना व‍िवेकानांद रॉक मेमोरि‍यल भी देखने लोग जरूर आते हैं।

यह भी पढ़ें- हिमालय में हैं 5 अलग-अलग कैलाश, यहां द‍िखेगा रंग बदलते शिवलिंग से लेकर मणि की चमक का नजारा

मदुरै का इतिहास है हजारों साल पुराना

त‍म‍िलनाडु का मदुरै शहर उन चुन‍िंदा जगहों में से एक है जहां हजारों सालों से लोग रहते आ रहे हैं। इस शहर का इत‍िहास भी बहुत पुराना है। मदुरै का फेमस मीनाक्षी अम्‍मन मंद‍िर अपनी खूबसूरती और ऊंचे, कलरफुल दरवाजों (गोपुरम) के ल‍िए पूरी दुन‍िया में जाना जाता है।

कोयंबटूर में है रिकॉर्ड बनाने वाली आदियोगी प्रतिमा

तमिलनाडु के कोयंबटूर में बनी आदियोगी शिव की प्रत‍िमा आज पूरे देश में बहुत ही ज्‍यादा फेमस है। ईशा फाउंडेशन के अंदर बनी ये बड़ी सी मूर्ति दुनिया में चेहरे और छाती तक के हिस्से वाली सबसे बड़ी मूर्ति है। खास बात तो ये है क‍ि इसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। इसमें भगवान शि‍व को ध्यान लगाकर बैठे हुए द‍िखाया गया है। आपको बता दें क‍ि अब बंगलुरु में इसी तरह भगवान शि‍व की मूर्ति बना दी गई है।

तो अब तो आप जान ही गई होंगी क‍ि तमिलनाडु सिर्फ मंदिरों, बीच और स्वादिष्ट खाने के लिए ही मशहूर नहीं है। यहां कई चीजें बहुत खास हैं ज‍िससे ये अपने आप में एक अलग पहचान रखती हैं। अगर आप अगली छुट्टियों में कहीं घूमने का प्लान बना रही हैं, तो तमिलनाडु की इन खास जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें।

यह भी पढ़ें- 4 दिनों में घूम लेंगी महाराष्ट्र के ये 3 बड़े शिव मंदिर, नोट करें लें यह आसान ट्रैवल गाइड

साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik