अमरूद विटामिन C, पोटैशियम, कैल्‍शियम प्रोटीन, डाइटरी फाइबर, मैग्नीशियम, मैंगनीज, आयरन और सोडियम जैसे पोषक तत्‍वों से भरपूर होता है। इसे खाने से इम्‍यूनिटी मजबूत होती है, वजन कंट्रोल में रहता है और डाइजेशन से जुड़ी समस्‍याओं से राहत मिलती है। अगर आपको अमरूद खाना पसंद नहीं है तो आप इससे एक से बढ़कर एक स्‍वादिष्‍ट व्‍यंजन तैयार कर सकती हैं। आज इस आर्टिकल में डॉक्टर सुषमा के.के. अमरूद से बनने वाली आसान रेस‍िपीज जैसे अमरूद नाचोज सैलेड, अमरूद की लौंजी और अमरूद बाइट के बारे में बता रही हैं।

 

अमरूद नाचोज सैलेड

अगर आप कुछ हेल्‍दी, टेस्‍टी और थोड़ा हटकर ट्राई करना चाहती हैं, तो अमरूद नाचोज सैलेड बेस्‍ट ऑप्‍शन है। अमरूद की ताजगी, क्रिस्‍पी नाचोज और चटपटे फ्लेवर का यह कॉम्बिनेशन स्‍वाद के साथ-साथ आपको बहुत अच्‍छा स्नैकिंग एक्सपीरियंस भी देगा।

सामग्री: 1 कप नाचोज, 1 अमरूद, 1 छोटी गाजर, 1 छोटा खीरा, 1 टमाटर, 1 टेबलस्पून तिल, 1 टेबलस्पून मूंगफली, स्वादानुसार सफेद और काला नमक, 1 टीस्पून चिली फ्लेक्स, 1 टीस्पून चीनी, 1 टीस्पून सोया सॉस, 1 टीस्पून सिरका, 1 टीस्पून सैलेड ऑयल

विधि

अमरूद नाचोज सैलेड को बनाना बेहद ही आसान है। इसके लिए आपको कुछ स्‍टेप्‍स को फॉलो करना होगा।

  • अमरूद छोटे टुकड़ों में काट लें।
  • गाजर, खीरा और टमाटर 1/2 इंच के पतले लंबे टुकड़ों में काट लें।
  • तिल भून लें और मूंगफली छीलकर दरदरी कर लें।
  • अब तेल में सारे मसाले मिलाएं और अमरूद, गाजर, खीरा, टमाटर मिला दें। फिर एक प्लेट में नाचोज सजाकर इस पर मसाला मिला सैलेड रखें।
  • ऊपर से तिल व दरदरी मूंगफली बुरक दें।
  • आपका हेल्‍दी और टेस्‍टी अमरूद नाचोज सैलेड तैयार है।

अमरूद की लौंजी

अगर आपको खाने के साथ कुछ चटपटा, मीठा या खट्टा पसंद है, तो अमरूद की लौंजी आपके लिए परफेक्‍ट है। अमरूद से बनने वाली यह रेसिपी जितनी स्‍वादिष्‍ट है, बनाने में उतनी ही आसान भी है। इसमें अमरूद के साथ मसालों और गुड़ का इस्‍तेमाल किया जाता है, जो इसके स्‍वाद को और भी खास बना देता है।

सामग्री: 250 ग्राम अमरूद, 1 टीस्पून लाल मिर्च, 1 चुटकी हल्दी, 1 टीस्पून धनिया, 1/4 टीस्पून गरम मसाला, 1/2 टीस्पून अमचूर, स्वादानुसार सफेद और काला नमक, 1 टीस्पून गुड़, 1 टीस्पून पंचफोरन, 2 टेबलस्पून सरसों का तेल, अनार के दाने, ताजी धनिया

विधि

दाल-चावल, रोटी या पराठे के साथ परोसी गई अमरूद की लौंजी खाने का स्‍वाद दोगुना कर देती है।

  • अमरूद को छोटे टुकड़ों में काट लें।
  • तेल गर्म करके पंचफोरन (मेथी दाना, सौंफ, कलौंजी, जीरा, राई या पीली/काली सरसों) का छौंक देकर कटे अमरूद मिलाएं।
  • जल्दी-जल्दी चलाकर एकसार करके 1/2 कप पानी डाल दें।
  • अमरूद गलने पर अमचूर छोड़कर बाकी मसाले मिलाने के बाद कद्दूकस किया गुड़ मिलाएं।
  • जब लौंजी गाढ़ी होने लगे तब अमचूर मिला दें।
  • आखिर में अनार के दाने और ताजी धनिया से सजाएं।

अमरूद बाइट

अमरूद बाइट चटपटी और स्‍वादिष्‍ट रेसिपी है, जिसे आप घर पर बिना किसी झंझट के आसानी से बना सकती हैं। जब अमरूद के खट्टे-मीठे स्‍वाद में चटपटे मसालों को तड़का लगता है, तब इसका जायका और भी बढ़ जाता है। यह झटपट तैयार होने वाली रेसिपी शाम की हल्‍दी भूख, बच्चों के स्नैक या घर आए मेहमानों को कुछ अलग और स्वादिष्ट खिलाने के लिए बेस्‍ट ऑप्‍शन है।

सामग्री: 1 अधपका अमरूद, 4 ब्रेड स्लाइस, 2 टेबलस्पून हरी चटनी, 4 टेबलस्पून भुजिया, 2 टीस्पून चिली फ्लेक्स, 1 टेबलस्पून लाल मिर्च, 1 टीस्पून काली मिर्च, 1 टीस्पून नमक

विधि

अगर आप अमरूद को खाने का कोई नया और मजेदार तरीका तलाश रही हैं, तो अमरूद बाइट की यह रेसिपी जरूर ट्राई करें।

  • ब्रेड स्लाइस को कटर से गोल काट लें।
  • अमरूद के भी गोल टुकड़े कर लें।
  • अब हर ब्रेड स्लाइस पर चटनी फैलाकर नमक-मिर्च बुरक दें।
  • उन पर अमरूद के स्लाइस लगाएं।
  • इस पर नमक लाल मिर्च बुरकने के बाद भुजिया फैलाकर चिली फ्लेक्स बुरक दें।
  • धनिया पत्ती से सजा कर सर्व करें।

अमरूद की इन 3 हेल्‍दी और टेस्‍टी रेसिपीज को आप घर पर आसानी से बना सकती हैं। अपनी पसंद की किसी भी रेसिपी को बनाएं और अमरूद के स्‍वाद को पूरा मजा लें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: Shutterstock Sakhi & magnific.com