भारतीय घरों में रोटी रोज बनती है, लेकिन कई बार वह नरम की जगह पापड़ जैसी सख्त हो जाती है। तवे से उतरते ही फूल जाती है, फिर थोड़ी देर में ही अकड़ जाती है। खाने वाले को मजा नहीं आता और बनाने वाले का मन भी खराब हो जाता है।

कैसे बनाएं सॉफ्ट और फूली-फूली रोटी?

अच्छी रोटी के लिए बड़े-बड़े सामान की जरूरत नहीं होती है। सिर्फ आटा गूंथने का सही तरीका पता हो, तो हर बार रोटी नरम और फूली-फूली बनेगी। आइए जानते हैं कि किचन में रखी 3 चीजों से कैसे सॉफ्ट रोटी बनेगी?

नरम रोटी के लिए क्या चाहिए?

नरम रोटी बनाने के लिए आपको ज्यादा सामान नहीं चाहिए। घर में रखा सामान ही काफी है।

नोट करें सामग्री

गेहूं का आटा- 2 कप
नमक- स्वाद के अनुसार
गर्म पानी- आटा गूंथने के लिए
तेल या घी- 1 छोटा चम्मच

बस इतनी सी चीजों से आपकी रोटी होटल जैसी नरम बनेगी।

Photo Credit: Pinterest (Laura)

आटा गूंथने की सही ट्रिक

  • आटा गूंथना ही सबसे बड़ा काम है। आटे में पहले नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। नमक से रोटी में स्वाद आता है और आटा भी अच्छा बनता है।
  • अब थोड़ा-थोड़ा करके गर्म पानी डालें। एक साथ ज्यादा पानी न डालें। गर्म पानी से आटा जल्दी नरम होता है और उसमें अच्छी लोच आ जाती है।
  • आटे को थोड़ा नरम गूंथें। बहुत कड़ा आटा न रखें।
  • जब आटा गूंथ जाए तो उसमें 1 छोटा चम्मच तेल डालकर फिर से 2 मिनट तक गूंथें। तेल से आटा चिकना हो जाता है और रोटी देर तक नरम रहती है।

आटे को आराम देना क्यों जरूरी है?

आटा गूंथने के बाद उसे तुरंत इस्तेमाल न करें। उसे 15 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें। 15 मिनट में आटा फूल जाता है और एकदम बढ़िया हो जाता है। इससे रोटी बेलने में आसानी होती है और वह तवे पर अच्छे से फूलती है। अगर जल्दी है, तो कम से कम 10 मिनट तो जरूर रखें। जो लोग आटा फ्रिज में रखते हैं, वे रोटी बनाने से 20 मिनट पहले उसे बाहर निकाल लें। ठंडे आटे की रोटी कभी नरम नहीं बनती है।

Photo Credit: Pinterest

रोटी बेलने का सही तरीका

अगर सॉफ्ट रोटी खानी है, तो उसे बेलते समय कुछ बातों का ध्यान रखें।

  •  आटे की लोई ज्यादा बड़ी या ज्यादा छोटी न बनाएं। मीडियम साइज की लोई बनाएं। लोई को सूखे आटे में लपेटकर हल्के हाथ से बेलें।
  •  बहुत जोर लगाकर न बेलें। अगर एक जगह से ज्यादा पतला हो जाएगा, तो रोटी वहां से फट जाएगी और फूलेगी नहीं।
  • रोटी को चारों तरफ से बराबर बेलें। मोटी रोटी सख्त बनती है और बहुत पतली रोटी सूख जाती है।

Photo Credit: Pinterest (Masala & Chai)

रोटी सेकने की सही ट्रिक

  • तवा अच्छे से गर्म हो, तब ही रोटी डालें। ठंडे तवे पर रोटी डालने से वह सूख जाती है।
  • रोटी को मीडियम आंच पर सेकें। पहले एक तरफ से हल्का सेकें, फिर पलट दें। दूसरी तरफ से सेकें और फिर से पलटकर फुलाएं।
  • रोटी को ज्यादा देर तक तवे पर न रखें। बार-बार पलटने से भी रोटी सख्त हो जाती है। रोटी फूलते ही उसे उतार लें।
  • अगर गैस पर सीधे सेक रहे हैं, तो रोटी को चिमटे से पकड़कर हल्की आंच पर फुलाएं।

रोटी को नरम रखने के लिए क्या करें?

  • रोटी बनते ही उसे कपड़े में लपेटकर कैसरोल या हॉटपॉट में रखें। खुली हवा में रखने से रोटी जल्दी सूख जाती है।
  • रोटी के ऊपर हल्का सा घी या मक्खन लगा दें। इससे रोटी देर तक नरम रहती है और स्वाद भी बढ़ जाता है।
  • टिफिन के लिए रोटी बना रहे हैं, तो उसे ठंडी होने के बाद ही टिफिन में रखें और ऊपर से सूती कपड़ा रख दें।

Photo Credit: Pinterest

रोटी सख्त क्यों हो जाती है?

सबसे बड़ी वजह है आटा सख्त गूंथना। अगर आटा कड़ा होगा तो रोटी भी कड़ी बनेगी। दूसरी वजह है आटे को गूंथते ही तुरंत रोटी बनाना। आटे को आराम नहीं मिलेगा तो वह फूलेगा नहीं। तीसरी वजह है आंच का गलत होना। बहुत तेज आंच पर रोटी जल जाती है और बहुत धीमी आंच पर वह सूख जाती है। इसलिए आंच का सही होना बहुत जरूरी है।

नरम और फूली-फूली रोटी बनाना कोई मुश्किल काम नहीं है। बस एक आसान ट्रिक से आपकी रोटी हर बार नरम, फूली और स्वादिष्ट बनेगी। एक बार इस तरीके को अपना कर देखें, घर वाले भी आपकी तारीफ किए बिना नहीं रहेंगे।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।