बारिश का मौसम आते ही पहाड़ों और झरनों की खूबसूरती और भी ज्यादा बढ़ जाती है। यही वजह है कि मानसून में बड़ी संख्या में लोग ऐसी जगहों पर घूमने का प्लान बनाते हैं, जहां उन्हें झरनों का खूबसूरत नजारा देखने को मिले। हालांकि, बारिश के मौसम में इन जगहों पर घूमना कई बार खतरे से खाली नहीं होता, क्योंकि ज्यादा बारिश होने की वजह से झरनों का बहाव तेज हो जाता है। ऐसे में खूबसूरत नजर आने वाले झरने कुछ ही समय में डरावने लगते हैं। आप भी अगर इस बार मानसून में झरने देखने का प्लान कर रही हैं, तो एक बार इन लोकेशन के बारे में जान लें। ये झरने बारिश के मौसम में अपने तेज बहाव और रौद्र रूप के लिए जाने जाते हैं।

1- जोग फॉल्स, कर्नाटक

यह कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में शरावती नदी पर स्थित है। यह 253 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिरता है। इसे कर्नाटक के सबस खूबसूरत झरनों में से एक माना जाता है, क्योंकि झरना चार अलग-अलग भाग में नीचे गिरता है। देखने में आपको ऐसा लगेगा, जैसे 4 झरने एक साथ नीचे गिर रहे हैं। झरने के चार अलग-अलग धाराओं को राजा, रानी, रोरर और रॉकेट के नाम से जाना जाता है।

क्यों खतरनाक हो जाता है?

  • बारिश के समय शरावती नदी का जलस्तर बढ़ने की वजह से झरने का बहाव भी तेज हो जाता है।
  • तेज बहाव के कारण झरने के आसपास की चट्टानें भी फिसलन भरी हो जाती है
  • दूर से ही झरना रौद्र रूप में नजर आता है, पानी का शोर भी आपको बहुत तेज सुनाई देगा।
  • ऐसे में आपको पानी के करीब जाकर फोटो लेना, चट्टानों पर उतरना या तेज बहाव हिस्से में जाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।

2- हुंडरू फॉल्स, झारखंड

झारखंड के रांची जिले में स्थित इस झरने का नजारा मानसून में भले ही बहुत सुंदर लगता हो, लेकिन भारी बारिश होने से पानी का प्रवाह भी बहुत बढ़ जाता है। यहां पानी लगभग 320 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरता है। मानसून में झरने की खूबसूरती देखने के लिए हजारों लोग आते हैं, लेकिन तेज बहाव और फिसलन के कारण झरने के करीब जाना जोखिम भरा हो सकता है।

इसे भी पढ़ें- बादलों के बीच मनाएं आजादी का जश्न, दिल्ली से 400 KM दूर ये खूबसूरत जगहें

ध्यान रखें

  • चट्टानों पर खड़े होकर फोटो लेने या पानी में उतरने से बचना चाहिए।
  • मौसम खराब होने या तेज बारिश के समय यहां जाने से बचना चाहिए।
  • स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करना भी जरूरी है।
  • हुंडरू फॉल्स रांची शहर से करीब 45 किलोमीटर की दूरी पर है, इसलिए शाम के समय यहां यात्रा करने से बचना चाहिए।
  • झरने के बहुत पास न जाए और न ही बारिश के दौरान इसमें नहाने की कोशिस करें।

3- अथिरापल्ली फॉल्स, केरल

यह केरल के सबसे बड़े वॉटरफॉल्स में से एक है। यह झरना लगभग 80 फीट ऊंचाई से गिरता है। यह केरल के त्रिशूर जिले में स्थित है और यहां के सबसे खूबसूरत झरनों में से एक भी माना जाता है। यह चालाकुडी शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर है। अगर आपको झरने के साथ घने जंगल, हरियाली और पहाड़ी नजारे पसंद हैं, तो मानसून में यहां आने का प्लान कर सकती हैं, लेकिन तेज बारिश में झरने के पास जाने से बचना चाहिए।

इसे भी पढ़ें- मानसून में हैदराबाद की ये 3 जगहें हो जाती हैं खूबसूरत, दोस्तों के साथ आप भी जाएं घूमने

क्यों खतरनाक हो जाता है?

  • मानसून के दौरान चालाकुडी नदी में पानी का स्तर ज्यादा होने से, इस झरने का बहाव तेज हो जाता है।
  • झरने का बहाव तेज होने से कई बार पानी बाहर भी आने लगता है।
  • पानी बाहर आने से झरने के आस-पास चलना मुश्किल हो जाता है, इससे आप पानी में गिर सकते हैं।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- magnific, kerala tourism