आज के समय में ज्‍यादातर घरों में नॉन-स्‍ट‍िक बर्तनों का यूज हाे रहा है। किचन में नॉनस्टिक पैन या तवे का इस्तेमाल करना काफी आसान हो गया है। इसमें खाना कम तेल में बन जाता है और सबसे अच्छी बात यह है कि खाना बर्तन में चिपकता भी नहीं है, लेक‍िन असली परेशानी ताे तब होती है जब इसकी सफाई करने की बारी आती है। कई बार पैन के किनारों पर तेल और चिकनाई की परत जम जाती है। इसे साफ करने के लिए जब हम स्क्रब पैड का इस्तेमाल करते हैं, तो पैन की कोटिंग निकलने लगती है।

कॉर्नस्‍टार्च और व‍िनेगर से करें नाॅन स्‍ट‍िक पैन की सफाई

ऐसे में बर्तन को साफ करना भी मुश्किल होता है और उसके खराब होने का डर भी रहता है। अगर आपके साथ भी ऐसा ही हो रहा है, तो हम आपको विनेगर और कॉर्नस्टार्च से नॉनस्‍ट‍िक पैन को साफ करने का तरीका बता रहे हैं। आइए जानते हैं इसे इस्तेमाल करने का आसान तरीका।

विनेगर से दूर करें नॉनस्‍टि‍क पैन के किनारों की चिकनाई

कई बार नॉनस्टिक पैन या तवे के किनारों पर ऐसी चिकनाई जम जाती है, जि‍से आसानी से साफ ही नहीं क‍िया जा सकता है। बार-बार साबुन और स्क्रब लगाने के बाद भी यह गंदगी पूरी तरह नहीं निकलती। ऐसे में विनेगर आपकी मदद कर सकता है। इसके लिए आपको ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी।

  • सबसे पहले एक कप पानी लें।
  • इसमें दो बड़े चम्मच विनेगर मिलाएं।
  • अब इस पानी को नॉनस्टिक पैन में डालकर गर्म करें।
  • जब पानी गर्म होकर उबलने लगे, तो गैस बंद कर दें।
  • इसके बाद पैन को साबुन से अच्छी तरह धो लें।

विनेगर मिला गर्म पानी पैन के किनारों पर जमी चिकनाई को साफ करेगा। आप देखेंगी क‍ि पैन की सारी च‍िकनाई दूर हाे गई है।

कॉर्नस्टार्च से साफ करें नॉनस्टिक पैन

अगर आपके नॉनस्टिक पैन पर तेल की वजह से चिपचिपापन आ गया है, तो उसे हटाने के लिए कड़े स्क्रब पैड का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। ऐसा करने से पैन की कोटिंग खराब हो जाती है। इसकी जगह आप कॉर्नस्टार्च का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसे इस्तेमाल करने का तरीका भी बहुत आसान है।

  • दो से तीन चम्मच कॉर्नस्टार्च एक कटोरी में लें।
  • इसमें पानी मि‍लाएं।
  • अब इसे मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें।
  • इस पेस्ट को पैन के चिकने हिस्सों पर लगाएं।
  • अब किसी मुलायम किचन कपड़े से इसे साफ कर लें।

कॉर्नस्टार्च चिकनाई को सोखने में मदद करता है। इससे पैन पर जमा चिपचिपापन कम होगा।

नॉनस्टिक पैन की कोटिंग बचाने के लिए अपनाएं ये तरीका

आपको बता दें क‍ि सिर्फ पैन को साफ करना ही काफी नहीं है बल्कि उसकी कोटिंग का ध्यान रखना भी जरूरी है। अगर आप चाहती हैं कि आपका नॉनस्टिक पैन जल्दी खराब न हो, तो हर बार सफाई के बाद एक छोटा सा काम जरूर करें।

  • सबसे पहले पैन को धोने के बाद अच्छी तरह पोंछ लें।
  • अब इसमें तेल की दो से चार बूंदें डालें।
  • एक पेपर टॉवल की मदद से तेल को पूरे पैन में फैला दें।
  • ध्यान रखें कि तेल की ज्यादा मात्रा इस्तेमाल न करें।

ऐसा करने से पैन पर तेल की एक परत लग जाती है। साथ ही पेपर टॉवल से पोंछने पर धोने के बाद बची नमी भी हट जाती है।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI