क्‍या आपको दुनिया की सबसे महंगी सब्जियों के बारे में पता है? इन सब्जियों की कीमत लाखों रुपये में होती है। इनके दाम सुनकर ही आम आदमी का सिर घूम जाएगा। हॉप शूट्स दुनिया की सबसे महंगी सब्जी है। इसकी कीमत 85 हजार रुपये से लेकर 1 लाख प्रति किलोग्राम है। यह सब्जी इसलिए इतनी महंगी बिकती है, क्योंकि इसकी खेती काफी महंगी पड़ती है। हॉप्स के फूलों का इस्तेमाल बियर बनाने में भी किया जाता है। आइए जानें हॉप्स शूट्स के अलावा कुछ ऐसी सब्जियों के बारे में जिन्‍हें दाम आपको हैरान कर देंगे।

कहां इस्‍तेमाल होता है हॉप्‍स शूट्स?

हॉप्स शूट्स को एक हर्बल दवा माना जाता है, जिसमें इसेंशियल ऑयल, विटामिनऔर खनिज पदार्थ मौजूद होते हैं। विटामिन-ई, विटामिन-बी6 और विटामिन-सी में एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो इम्यून सिस्टम को एक्टिव बनाते हैं, जिससे आप बीमारियों से बचते हैं। इसमें नैचुरल ऑयल और खनिज पदार्थ मौजूद होते हैं, जो त्वचा पर एंटी-इंफ्लेमेटरी प्रभाव डालते हैं। हॉप्स स्किन से रेडनेस और इरिटेशन को खत्म करता है।

Image Credit: magnific.com

हॉप शूट्स कि खेती यूरोप, अमेरिका, कनाडा, चीन, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे देशों में बड़े पैमाने पर की जाती है। इस सब्जी के फूल को हॉप कोन्स कहते हैं। इसकी मांग बीयर बनाने वाली कंपनियों में सबसे ज्यादा रहती है। इसकी नरम टहनियों को सलाद, अचार और सब्जी बनाने में भी इस्तेमाल होती हैं।

30 हजार से 50 हजार रुपये प्रतिकिलो बिकता है 'गुच्‍छी मशरूम'

Image Credit: Shutterstock

दुनिया की महंगी सब्जियों की लिस्‍ट में शुमार है गुच्छी मशरूम। भारत में इसकी कीमत करीब 30 हजार से 50 हजार रुपये प्रतिकिलो तक है। यह भारत में हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की पहाड़ियों में प्राकृतिक रूप से उगता है। पहाड़ों में रहने वाले लोग इसे तोड़ने के लिए अपनी जान की बाजी लगाकर ऊंची-ऊंची पहाड़ियों पर जाते हैं। इसे पूरी दुनिया में लग्जरी फूड के रूप में जाना जाता है। भारत के अलावा अमेरिका, यूरोप, इटली सहित कई देशों में इसकी बहुत डिमांड रहती है।

गुलाबी पत्तागोभी की कीमत सबसे ज्‍यादा

Image Credit: Shutterstock 

पत्‍तागोभी की तरह दिखने वाली यह सब्‍जी सबसे अधिक खूबसूरत लगती है। इसमें पाए जाने वाले पोषक तत्व सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद माने जाते हैं। यह दुनिया की महंगी सब्जियों में से एक है। पारंपरिक रूप से इटली और दक्षिणी फ्रांस के वेरोना क्षेत्र में इसकी खेती की जाती है। इसकी कीमत लगभग $ 10 प्रति पाउंड है।

मत्सुटेक मशरूम- 75 हजार रुपये से डेढ़ लाख रुपये है कीमत

Image Credit: magnific.com

जापान में उगने वाला ये मत्सुटेक मशरूम काफी दुर्लभ है। इस एक किलो मत्सुटेक मशरूम की कीमत 75 हजार रुपये से डेढ़ लाख रुपये तक होती है। इसकी काफी डिमांड रहती है। इस सब्‍जी की खासियत इसमें मौजूद पोषक तत्‍व और स्‍वाद है। इसे सब्‍जी के अलावा सलाद एवं दवा के तौर पर भी इस्‍तेमाल में लाया जाता है

यूरोपियन व्हाइट ट्रफल- लाखों रुपये में है कीमत

यूरोपियन व्हाइट ट्रफल एक तरह का मशरूम ही है। इसकी कीमत लाखों रुपये में आंकी गई है। यह पेड़ों पर खुद ही उग जाता है। इसके दाम करीब 5 लाख रुपये प्रति किलो तक हैं। इसे दुनिया का सबसे महंगा मशरूम माना जाता है। इसे खोजने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। दूर से आलू की तरह दिखने वाली यह सब्‍जी काफी डिमांड में रहती है।

हमने आपको दुनिया की उन सब्जियों के बारे में जानकारी देने की कोशिश की जिनकी कीमत बेहद महंगी है। इनमें मौजूद पोषक तत्‍वों की भरमार और अन्‍य उत्‍पादों को बनाने में भी इनका इस्‍तेमाल होता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

 Image Credit: magnific.com