रेस्टोरेंट में जब खाना खाने बैठते हैं, ज्यादातर लोग कढ़ाई पनीर ऑर्डर करते हैं। कड़ाही पनीर के टेस्ट की सबसे बड़ी खासियत इसकी मसालेदार ग्रेवी है। इसकी वजह से ही सब्जी का असली स्वाद आता है। हालांकि, जब यही कड़ाही पनीर घर पर बनाने की कोशिश की जाती है, तो अक्सर बाहर जैसा स्वाद नहीं आ पाता। आप भी अगर बाजार जैसी सब्जी नहीं बना पा रही हैं, तो हो सकता है कि इसे बनाते समय आप कुछ गलतियां कर रही हों। आज के इस आर्टिकल में हम आपको उन गलतियों के बारे में बताएंगे, जिसे अगर आप ध्यान रखेंगी, तो सब्जी का स्वाद बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा लगेगा।
पानी और मसाला साथ में डाल देना
कई लोग धनिया, जीरा, काली मिर्च जैसे मसालों को पहले भूनते नहीं। मसाला और पानी साथ में डाल देते हैं, जिससे स्वाद खराब हो जाता है। इससे मसालों की खुशबू अच्छी तरह सब्जी में नहीं मिक्स हो पाती।
क्या करें?
- सब्जी का स्वाद अच्छा चाहिए, तो साबुत धनिया, जीरा, सूखी लाल मिर्च और मसाले प्याज और टमाटर पकने के बाद डालें।
- मसाले जलने न दें। उसे धीमी आंच पर पकने दें।
- जब मसाले पक जाएंगे, तो तेल अलग से नजर आने लगेगा।
- इसका मतलब है कि ग्रेवी में मसालों की खुशबू और स्वाद दोनों मिक्स हो गए हैं।
टमाटर की ग्रेवी सही से नहीं बनाते
सब्जी का असली स्वाद टमाटर की ग्रेवी पर ही निर्भर करता है। जल्दी में कई लोग टमाटर की प्यूरी डालकर दो-चार मिनट पकाते हैं और फिर इसमें पानी मिला देते हैं। इससे ग्रेवी में कच्चे टमाटर का स्वाद रह जाता है और मसाले भी अच्छी तरह नहीं मिलते।
इसे भी पढ़ें- सावन सोमवार के लिए 4 आसान और स्वादिष्ट फलाहारी रेसिपी
क्या करें?
- इसके लिए टमाटर को पीसकर अच्छे से पकने दें।
- टमाटर और मसाले साथ में डाल दें, इससे मसालों को पकने का समय मिल जाता है।
- मसाले डालने के बाद टमाटर के पेस्ट को तब तक पकाना है, जब तक गाढ़ी ग्रेवी नजर न आए।
- इसके बाद ही पानी डालें और सब्जी को पकने दें।
शिमला मिर्च और प्याज को पूरी तरह गला देना
सब्जी का स्वाद शिमला मिर्च और प्याज पर भी निर्भर करता है। अगर इसे बहुत ज्यादा पका देंगी, तो आपको ढाबे जैसा स्वाद नहीं मिलेगा। इनमें हल्का क्रंच रहने से सब्जी का स्वाद और टेक्सचर बेहतर लगता है।
इसे भी पढे़ं- बारिश में ट्राई करें एक बैटर से बनने वाले 3 तरह के कुरकुरे पकौड़े, हर बाइट होगी सुपर क्रिस्पी
क्या करें?
- इसके लिए आपको सब्जी बनाने से पहले ही प्याज और शिमला मिर्च को तेज आंच पर थोड़े तेल में भून लेना चाहिए।
- भूनते समय इसे पूरी तरह से नरम न होने दें।
- इसके बाद जब आप सब्जी का मसाला तैयार कर लेती हैं, तो पानी डालने से पहले शिमला मिर्च और प्याज डालें।
- अब पानी डालकर तेज आंच पर सब्जी पकाएं और लास्ट में पनीर डाल दें।
- इससे सब्जी में हल्का क्रंच आएगा और भुने हुए स्वाद से सब्जी टेस्टी लगेगी।
अगर ढाबे जैसा हल्का क्रीमी टेक्सचर चाहती हैं, तो इसमें आप लास्ट में क्रीम डाल सकती हैं। गैस बंद करने से ठीक पहले थोड़ी-सी फ्रेश क्रीम डालें। इससे ग्रेवी का स्वाद बैलेंस रहेगा और कढ़ाई पनीर ज्यादा सॉफ्ट लगेगी।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- magnific
