सावन के महीने में कई लोग प्याज और लहसुन खाना छोड़ देते हैं। ऐसे में सबसे बड़ी परेशानी यही होती है कि रोज-रोज क्या बनाया जाए? कई बार एक जैसी सब्जियां खा-खाकर मन भर जाता है, लेकिन अगर सही मसालों और कुछ स्पेशल इंग्रीडिएंट्स का इस्तेमाल किया जाए तो बिना प्याज-लहसुन के भी घर पर होटल वाला स्वाद मिल सकता है।

सावन में ब‍िना प्‍याज लहसुन के बनने वाली रेस‍िपी

अगर आप इस सावन कुछ स्पेशल और स्वादिष्ट बनाना चाहती हैं तो हम आपको अपनी कुछ स्पेशल रेसिपी बता रहे हैं। इन्हें बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगेगी और घर पर भी लोग बार-बार बनाने की फरमाइश करेंगे। इनमें कच्‍चे केले के शाही कोफ्ते, मखाना पनीर मलाई करी से लेकर दही वाली भरवां श‍िमला तक शाम‍िल हैं। आइए जानते हैं-

1. कच्चे केले का शाही कोफ्ता

वैसे तो सभी घरों में कच्चे केले के कोफ्ते बनाए जाते हैं, लेकिन आप सावन में शाही कोफ्ता बना सकती हैं, वो भी बिना प्याज-लहसुन के। यह रेसिपी बहुत कम घरों में बनती है, लेकिन स्वाद के मामले में किसी भी रेस्टोरेंट के डिश से कम नहीं होती है। इसे बनाने के लिए आपको इन सामग्रियों की जरूरत पड़ेगी-

  • 4 कच्चे केले
  • 2 उबले आलू
  • 2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर
  • 2 टमाटर की प्यूरी
  • 10 से 12 काजू
  • 2 बड़े चम्मच दही
  • 1 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट
  • आधा छोटा चम्मच जीरा
  • आधा छोटा चम्मच हल्दी
  • 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
  • आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च
  • आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
  • आधा छोटा चम्मच कसूरी मेथी
  • देसी घी या तेल
  • स्वादानुसार नमक
  • हरा धनिया

कच्चे केले का शाही कोफ्ता कैसे बनाएं?

कच्‍चे केले का कोफ्ता बनाने के लिए कच्चे केले को उबालकर छील लें और उबले आलू के साथ उसे अच्छी तरह से मैश कर लें। अब इसमें नमक और कॉर्नफ्लोर मिलाकर छोटे-छोटे कोफ्ते बना लें और हल्का गोल्डन होने तक तल लें। अब भीगे हुए काजू को पीस लें। इसके बाद कड़ाही में तेल या घी गर्म करें और जीरा डाल दें। इसके बाद अदरक का पेस्ट, टमाटर की प्यूरी और ऊपर बताए गए सभी मसालों को ऐड करें।

अब इन्हें अच्छी तरह से तब तक धीमी आंच पर भूनें जब तक मसाला तेल न छोड़ दे। इसके बाद दही और काजू का पेस्ट मिलाकर कुछ देर धीमी आंच पर ही पकाएं। अब जरूरत के हिसाब से पानी डालकर ग्रेवी बना लें। आखिरी में कसूरी मेथी डालें और सर्व करने से पहले कोफ्ते डाल दें। साथ ही ऊपर से कटे हुए हरा धनिया से सजा दें।

2. मखाना पनीर मलाई करी

मखाना पनीर तो सभी ने खाया होगा, लेकिन अगर आपने यह डिश अभी तक नहीं खाई है, तो इस सावन जरूर ट्राई करें। इसका फ्लेवर बहुत ही रिच होता है और यह खाने में भी बहुत टेस्टी लगती है। इसे बनाने के लिए आपको ये चीजें चाहिए होंगी-

  • 200 ग्राम पनीर
  • 2 कप मखाने
  • 2 टमाटर
  • 15 से 20 काजू
  • 2 बड़े चम्मच ताजा दही
  • 1 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट
  • आधा छोटा चम्मच जीरा
  • आधा छोटा चम्मच हल्दी
  • 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
  • आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
  • आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
  • 2 बड़े चम्मच फ्रेश मलाई
  • घी
  • नमक
  • हरा धनिया

मखाना पनीर मलाई करी बनाने का तरीका

पनीर की यह डिश बनाने के लिए सबसे पहले मखानों को थोड़े से घी में भून लें। इसके बाद भीगे हुए काजू और टमाटर को पीसकर पेस्ट बना लें। इसके बाद कड़ाही में घी गर्म करें। अब जीरा डालें और फिर अदरक का पेस्ट डालकर थोड़ा सा भून लें। इतना करने के बाद टमाटर-काजू का पेस्ट डालें और सभी मसाले डालकर अच्छी तरह से धीमी आंच पर पकने दें। इसके बाद दही और मलाई मिलाएं। जब मसाला तेल छोड़ दें तो जरूरत के अनुसार पानी डाल दें। आखिर में अपनी पसंद के शेप में कटे हुए पनीर और मखाने को डालकर 5 से 7 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। जब ये करी बन जाए तो ऊपर से हरा धनिया डालकर सर्व करें।

यह भी पढ़ें- शिमला मिर्च को फ्राई करके झटपट तैयार करें 3 मजेदार सब्जियां, स्वाद ऐसा कि बच्चे बोलेंगे 'मजा आ गया’

3. दही वाली भरवां शिमला मिर्च

आमतौर पर लोगों ने भरवां शिमला मिर्च खाया होगा, लेकिन आप चाहें तो इस बार सावन में दही वाली भरवां शिमला मिर्च ट्राई कर सकती हैं। यह रेसिपी देखने में भी खूबसूरत लगती है और खाने में भी बहुत स्वादिष्ट होती है। इसे बनाने के लिए इन सामग्रियों की जरूरत पड़ेगी-

  • 4 बड़ी शिमला मिर्च
  • 200 ग्राम पनीर
  • 2 उबले हुए आलू
  • 3 बड़ा चम्मच गाढ़ा दही (Hung Curd)
  • 2 बड़ा चम्मच भुना हुआ बेसन
  • 1 बड़ा चम्मच काजू के टुकड़े
  • 1 बड़ा चम्मच किशमिश
  • 1 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट
  • आधा छोटा चम्मच जीरा
  • 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
  • आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
  • आधा छोटा चम्मच अमचूर
  • घी
  • नमक
  • हरा धनिया

दही वाली भरवां शिमला मिर्च कैसे बनाएं?

इसे बनाने के लिए शिमला मिर्च का ऊपर वाला हिस्सा काटकर अंदर के सारे बीज निकाल दें। अब एक बाउल में पनीर, उबले हुए आलू, भुना बेसन, दही, काजू, किशमिश और सभी मसाले मिलाकर स्टफिंग तैयार करें। अब इसी स्टफिंग को शिमला मिर्च में भर दें। इसके बाद एक पैन में थोड़ा घी गर्म करें और धीमी आंच पर ढककर 15 से 20 मिनट तक पका लें। बीच-बीच में पलटते रहें ताकि शिमला मिर्च चारों तरफ से अच्छी तरह पक जाए। चाहें तो इसे ओवन में भी बेक कर सकती हैं। आपकी दही वाली भरवां शिमला मिर्च तैयार है।

यह भी पढ़ें- घर पर ऐसे बनाएं 'मसाला पनीर कलेजी', नॉनवेज जैसा म‍िलेगा स्‍वाद; पढ़ें रेस‍िपी

रेसिपी को और स्वादिष्ट बनाने के आसान टिप्स

बिना प्याज लहसुन के खाने को स्वादिष्ट बनाना है, तो आपको कुछ बातों का खास ध्यान रखना चाहिए। जैसे-

  • प्याज-लहसुन की कमी पूरी करने के लिए काजू, दही और मलाई का इस्तेमाल करें।
  • सरसों के तेल के बजाय देसी घी में तड़का लगा सकती हैं, इससे स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं।
  • ताजी कसूरी मेथी और हरा धनिया आखिर में डालें, इससे स्वाद और बेहतर हो सकता है।
  • इन तीनों रेसिपी को आप तंदूरी रोटी, फुल्का, नान, पराठा या जीरा राइस के साथ सर्व कर सकती हैं।

तो अगर आप भी सावन में प्याज और लहसुन नहीं खाती हैं तो यह तीन रेसिपी ट्राई कर सकती हैं। यकीन मानिए इसका स्वाद जबरदस्त होता है। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik