Karwa Chauth 2026 Doodh Wali Pheni Recipe: करवा चौथ पर कुछ मीठा और पारंपरिक बनाने का मन है, तो दूध फेनी एक बढ़िया ऑप्शन हो सकती है। कुरकुरी फेनी को केसर, इलायची और मेवों वाले गर्म दूध में भिगोकर तैयार की जाने वाली यह मिठाई स्वाद में बहुत अच्छी होती है। उत्तर भारत में इसे करवा चौथ के मौके पर घरों में ज्यादा बनाया जाता है। दूध, बादाम और फेनी जैसी कुछ चीजों से यह मिठाई आसानी से बन जाती है। आइए जानते हैं दूध फेनी बनाने की आसान रेसिपी।

दूध फेनी बनाने के लिए सामग्री (Doodh Wali Pheni Ingredients)

दूध फेनी का स्वाद इसकी सामग्री और दूध के गाढ़ेपन पर निर्भर करता है। इसे बनाने के लिए आपको इन चीजों की जरूरत पड़ेगी।

  • सूखी फेनी – जरूरत के अनुसार
  • फुल क्रीम दूध – 2 कप
  • मिल्क पाउडर – 2 बड़े चम्मच
  • बादाम – 10-12
  • काजू – 10-12
  • पिस्ता – 5-6
  • चीनी – 3 बड़े चम्मच
  • केसर – 12-15 धागे
  • इलायची पाउडर – 1 छोटा चम्मच
  • केसर भिगोने के लिए दूध
  • पानी – मेवे भिगोने के लिए
  • सूखी गुलाब की पंखुड़ियां – सजावट के लिए

image credit-magnific

दूध फेनी बनाने का आसान तरीका (How To Make Doodh Wali Pheni)

करवा चौथ के मौके पर दूध वाली फेनी जरूर बनाएं। इसे बनाना काफी आसान है और यह जल्दी बन जाती है।

  • सबसे पहले 10-12 बादाम और 10-12 काजू को अलग-अलग एक चौथाई कप पानी में रातभर के लिए भिगो दें। साथ ही केसर के 12-15 धागों को भी एक बड़े चम्मच दूध में भिगोकर फ्रिज में रख दें। इससे केसर का रंग और खुशबू दूध में घुल जाएगी।
  • फिर भीगे हुए बादाम को पानी से निकालकर छिलका उतार लें। इससे बादाम का पेस्ट ज्यादा मुलायम बनेगा और दूध में इसका स्वाद भी मिल जाएगा।
  • अब मिक्सर में छिले हुए बादाम, भीगे हुए काजू और पानी डालें। इसमें 3 बड़े चम्मच चीनी मिलाकर बारीक पेस्ट बना लें। ध्यान रखें कि पेस्ट में मेवों के बड़े टुकड़े न रहें, ताकि दूध की बनावट अच्छी बने।
  • एक पैन में 2 कप फुल क्रीम दूध लें और इसमें 2 बड़े चम्मच मिल्क पाउडर और केसर मिलाएं। अब इसे मध्यम आंच पर उबाल आने तक गर्म करें। बीच-बीच में चलाते रहें, जिससे दूध तली में चिपके नहीं।
  • दूध में उबाल आने पर तैयार मेवों की पेस्ट डाल दें। इसे 10-12 मिनट तक मध्यम आंच पर पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें। फिर एक छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 5-6 कटे हुए बादाम और 5-6 कटे हुए पिस्ता डालें। एक मिनट और पकाने के बाद गैस बंद कर दें।
  • एक प्लेट में सूखी फेनी को सही से रखें। इसके ऊपर अच्छी तरह गर्म किया हुआ दूध डालें। फेनी को लगभग 5 मिनट तक ऐसे ही रहने दें, ताकि वह दूध में नरम हो जाए और उसके रेशे मुलायम बन जाएं।
  • आखिर में दूध फेनी के ऊपर कटे हुए बादाम, पिस्ता और सूखी गुलाब की पंखुड़ियां डालें। इसे गर्मागर्म परोसें।

image credit- shutterstock

दूध फेनी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

दूध फेनी का असली स्वाद उसकी मुलायम बनावट में छिपा होता है। इसलिए इसे बनाते समय कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

  • फेनी को बहुत देर तक दूध में न छोड़ें। ज्यादा देर रखने से वह जरूरत से ज्यादा नरम हो सकती है।
  • फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें। ऐसा करमे से दूध का स्वाद ज्यादा मलाईदार और समृद्ध बनता है।
  • दूध को लगातार चलाते रहें। इससे दूध तली में चिपकने से बचेगा।
  • परोसने से ठीक पहले दूध डालें। ऐसा करने से फेनी की बनावट बेहतर बनी रहती है और मिठाई खाने में ज्यादा स्वादिष्ट लगती है।

ऊपर दी गई बातों को ध्यान में रखकर आप शानदार और स्वादिष्ट दूध वाली फेनी बना सकती हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

main image credit- shutterstock