सर्दियों में सब्जी मंडी में हरी मटर की बहार आ जाती है। दाम भी कम होते हैं और स्वाद भी बढ़िया। लेकिन जैसे ही गर्मी आती है, मटर बाजार से गायब हो जाती है। जो फ्रोजन मटर बाजार में मिलती है, वो महंगी भी होती है और उसमें प्रिजर्वेटिव भी मिले होते हैं। इससे मटर का असली स्वाद खत्म हो जाता है। इसका सबसे आसान हल है, सर्दियों में ही मटर को घर पर स्टोर कर लिया जाए। थोड़ी सी मेहनत से मटर पूरे साल ताजी रहेगी।
मटर के लिए गर्मी में पैसे बर्बाद नहीं होंगे
मटर के बिना सर्दियों का खाना अधूरा लगता है। मटर-पनीर, मटर-पुलाव, आलू-मटर, गाजर-मटर, हर डिश में मटर जान डाल देती है, लेकिन गर्मी में जब मन करता है मटर-पनीर खाने का, तो बाजार वाली फ्रोजन मटर का स्वाद मन मार देता है। इसलिए समझदार गृहिणियां सर्दियों में ही मटर स्टोर करके रख लेती हैं। यहां जानिए 2 सबसे आसान तरीके।
मटर स्टोर करने के लिए कौन सी मटर चुनें?
पेंसिल मटर स्टोर करने के लिए सबसे अच्छी मानी जाती है। ये मटर खाने में मीठी होती है। पेंसिल मटर के दानों में स्टार्च कम होता है, इसलिए ये लंबे समय तक खराब नहीं होती। अगर आप साल भर के लिए मटर रखना चाहते हैं, तो हमेशा पेंसिल मटर ही चुनें। मोटी और हरी मटर लें। पीली या दाग वाली मटर न लें।
Photo Credit: Pinterest (BeCentsational)
बाजार वाली मटर से घर वाली मटर क्यों अच्छी है?
बाजार में मिलने वाली फ्रोजन मटर को लंबे समय तक रखने के लिए उसमें प्रिजर्वेटिव डाले जाते हैं। इससे मटर का रंग तो बना रहता है, लेकिन स्वाद बदल जाता है। घर पर स्टोर की हुई मटर में कोई भी बाहर का केमिकल नहीं होता। इससे उसका असली स्वाद, मिठास और हरापन बना रहता है। घर की मटर से बनी सब्जी हमेशा ज्यादा टेस्टी लगती है।
इन हैक्स से मटर को करें स्टोर
हैक 1
ये तरीका उन लोगों के लिए है, जो मटर को उबाले बिना रखना चाहते हैं।
- सबसे पहले मटर को छीलकर उसके दाने निकाल लें।
- अब मोटे और पतले दानों को अलग-अलग बर्तन में रख लें।
- ध्यान रखें, पतले दाने कच्चे होते हैं। इनके खराब होने का डर ज्यादा रहता है। इसलिए स्टोर करने के लिए हमेशा मोटे दाने ही चुनें।
- अब मोटे मटर के दानों पर 1 चम्मच सरसों का तेल डालें और अच्छे से मिला लें।
- तेल मिलाने के बाद मटर को पॉलीथीन में भरें।
- पॉलीथीन को रबर से कसकर बांध दें, ताकि हवा अंदर न जाए।
- अब इसे फ्रिजर में रख दें।
सरसों का तेल मटर को खराब होने से बचाता है। इस तरीके से मटर पूरे साल खराब नहीं होगी और उसका स्वाद भी वैसा ही रहेगा।
Photo Credit: Pinterest (Artem)
हैक 2
ये मटर को लंबे समय तक रखने का सबसे आसान और सबसे ज्यादा अपनाया जाने वाला तरीका है।
- सबसे पहले एक पैन में पानी गर्म करें।
- पानी में मटर के दाने डालकर सिर्फ 2 मिनट तक उबालें। ज्यादा देर तक न उबालें, नहीं तो मटर गल जाएगी।
- अब पानी को छानकर मटर को अलग कर लें।
- दूसरे पैन में बर्फ वाला ठंडा पानी लें और उबली हुई मटर को इसमें डाल दें। इससे मटर का पकना रुक जाएगा और उसका हरा रंग बना रहेगा।
- मटर ठंडी हो जाए, तो उसे साफ कपड़े पर फैला दें।
- मटर का सारा पानी सूखने तक इंतजार करें।
- पानी सूखने के बाद मटर को पॉलीथीन या एयर-टाइट डिब्बे में भरकर पैक कर लें।
- अब इसे फ्रिजर में रख दें।
इस तरीके से मटर 1 साल तक एकदम ताजी रहती है। जब भी जरूरत हो, फ्रिज से निकालें और सीधे सब्जी में डालें।
यह भी पढ़ें- Gud Nariyal Pitha Recipe: बाजार की मिठाई भूल जाएंगे! घर पर बनाएं गुड़-नारियल से भरे सॉफ्ट पीठे, बेहद सरल है रेसिपी
मटर स्टोर करते समय इन 4 गलतियों से बचें
- गीली मटर को पैक न करें: मटर में पानी रह गया, तो बर्फ जम जाएगी और मटर का स्वाद खराब हो जाएगा।
- ज्यादा देर तक न उबालें: मटर को सिर्फ 2 मिनट ही उबालें। ज्यादा उबालने से मटर नरम हो जाएगी और टूट जाएगी।
- एक साथ बड़ा पैकेट न बनाएं: मटर को छोटे-छोटे पैकेट में रखें। इससे जितनी जरूरत हो, उतनी ही मटर निकालनी पड़ेगी। बार-बार फ्रिज से निकालने और रखने से मटर खराब होती है।
- पतली और कच्ची मटर न रखें: पतली मटर जल्दी खराब हो जाती है। हमेशा मोटी और पकी हुई मटर ही स्टोर करें।
Photo Credit: Magnific
फ्रिज से निकली मटर को कैसे इस्तेमाल करें?
- फ्रिज से निकली मटर को पहले से भिगोने की जरूरत नहीं है। इसे सीधे कढ़ाई में डाल सकते हैं।
- अगर मटर में बर्फ जमी है, तो उसे 2 मिनट के लिए सामान्य पानी में डाल दें। फिर पानी निकालकर सब्जी में डालें। इससे मटर का स्वाद एकदम ताजा लगेगा।
बाजार से महंगी फ्रोजन मटर खरीदने की अब कोई जरूरत नहीं है। सर्दियों में जब मटर सस्ती और ताजी मिल रही है, तो उसी समय उसे घर पर स्टोर कर लीजिए। सरसों के तेल वाला तरीका हो या उबालकर रखने वाला तरीका, दोनों ही आसान हैं। एक बार मेहनत कर लीजिए, फिर पूरा साल मटर की टेंशन खत्म हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- Street Style Veg Biryani: घर की रसोई में बनेगी बाजार जैसी स्वादिष्ट वेज बिरयानी, पढ़ें रेसिपी
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
