आज के समय में रागी के आटे का इस्तेमाल ज्यादातर घरों में हो रहा है। इससे रोटी, डोसा, इडली, हलवा जैसी कई चीजें बनाई जा रही हैं। आमतौर पर लोग रागी का आटा बाजार से ही खरीद लेते हैं, लेकिन अगर आपके पास रागी के दाने हैं तो आप इसे घर पर भी पीस सकती हैं। इसके लिए बहुत ज्यादा मेहनत करने की जरूरत भी नहीं है। बस रागी के दानों को अच्छी तरह साफ करके सही तरीके से सुखाना और फिर पीसना जरूरी है।
अगर दानों में नमी रह गई तो आटा जल्दी खराब हो जाएगा। वहीं, सही तरह से सूखे दानों को पीसकर आप जरूरत के हिसाब से ताजा आटा तैयार कर सकती हैं। घर पर रागी का आटा बनाने का तरीका भी काफी आसान है। आज हम आपको अपने इस लेख में बता रहे हैं कि आप घर पर कैसे रागी का आटा बना सकती हैं? आइए जानते हैं-
घर पर रागी का आटा बनाने के लिए क्या चाहिए?
अगर आप घर पर रागी का आटा बना रही हैं तो इसके लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होगी। आप ये चीजें ले सकती हैं-
- रागी के दाने- 500 ग्राम
- साफ पानी- जरूरत के अनुसार
- मिक्सर या आटा पीसने वाली मशीन
- साफ और सूखा कपड़ा
- छलनी
रागी को पीसकर आटा बनाने से पहले उसकी अच्छी तरह सफाई करना जरूरी है। मिलेट की प्रोसेसिंग में भी सफाई और ग्रेडिंग के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाती है।
यह भी पढ़ें- रागी के आटे से बनेंगी सॉफ्ट रोटियां, इन टिप्स को जरूर करें फॉलो
कैसे बनाएं रागी का आटा?
घर पर रागी का आटा बनाने के लिए आप ये सिंपल स्टेप्स फॉलो कर सकती हैं। जैसे-
- सबसे पहले रागी के दानों को एक प्लेट या बड़ी थाली में निकाल लें। इसमें अगर छोटे पत्थर, भूसी या कोई दूसरी गंदगी दिखाई दे तो उसे हाथ से अलग कर दें। इसके बाद रागी को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। धोने के बाद पानी को पूरी तरह से निकाल दें।
- अब धुले हुए रागी के दानों को एक साफ कपड़े या बड़ी थाली में धूप में फैला दें। इसके बाद इन्हें पूरी तरह से सूखने दें। यह स्टेप बहुत जरूरी है क्योंकि रागी के दानों में अगर नमी बची रह गई तो पीसते समय आटा चिपक जाएगा है और बाद में स्टोर करने पर ये खराब भी हो जाएगा।
- अगर आपको लग रहा है कि रागी के दानों में थोड़ी-बहुत नमी बची रह गई है तो आप रागी को पीसने से पहले थोड़ा सा भून भी सकती हैं। इसके लिए कड़ाही को गर्म करें और रागी के सूखे दानों को डालकर धीमी आंच पर कुछ देर चला लें।
- बस ध्यान रखें कि दाने को ज्यादा न भुनें। इसके बाद रागी को पूरी तरह से ठंडा होने दें। जब रागी के दाने पूरी तरह सूख जाएं और अगर आपने उन्हें भुना है तो ठंडे हो जाएं, तब उन्हें मिक्सर में डालें।
- एक साथ बहुत ज्यादा रागी डालने के बजाय थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ही पीसें। इससे ये आसानी से एकदम फाइन पाउडर वाले टेक्सचर में आ जाते हैं।
- अगर आपके पास घर की आटा चक्की है तो उस पर भी रागी पीस सकती हैं। इतना करने के बाद आटे को छलनी से छान लें। इससे अगर कुछ मोटे कण उसमें रह गए होंगे तो वो अलग ही रह जाएंगे।
- जो मोटा हिस्सा बच जाए, उसे दोबारा मिक्सर में डालकर पीस सकती हैं। फिर इसे भी छान लें। आपका रागी का आटा तैयार है।
घर के बने रागी के आटे को कैसे स्टोर करें?
रागी का आटा तैयार होने के बाद इसे किसी साफ और पूरी तरह सूखे एयरटाइट डिब्बे में रखा जा सकता है। बस ध्यान रहे कि डिब्बे में बिल्कुल भी नमी नहीं होनी चाहिए। बस कोशिश करें कि एक साथ बहुत ज्यादा आटा बनाकर लंबे समय तक रखने के बजाय जरूरत के हिसाब से ही बनाएं। खासकर अगर आप घर में रागी के दानों से आटा खुद तैयार कर रही हैं तो उतनी ही मात्रा पीसें जितनी आसानी से इस्तेमाल हो सके।
यह भी पढ़ें- बाजरा और रागी के आटे में कैसे अंतर करें? खुलने के कितने दिन तक कर सकते हैं यूज?
रागी के आटे से क्या-क्या बना सकती हैं?
घर पर तैयार रागी के आटे से आप कई तरह की चीजें बना सकती हैं। जैसे-
- रागी की रोटी
- रागी का डोसा
- रागी की इडली
- रागी का हलवा
- रागी के लड्डू
- रागी का चीला
- रागी का उपमा
- रागी की खीर
अगर आप भी अभी तक बाजार से रागी का आटा खरीद रही थीं, तो अब घर पर भी इसे बना सकती हैं। हमने आपको सबसे आसान तरीका बताया है। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit-Freepik
