सावन के पवित्र महीने की शुरुआत होने वाली है और इस इसी के साथ त्योहारों एवं व्रत-उपवासों का दौर शुरू हो जाता है। ऐसे में घर पर बनी मिठाइयों का आनंद ही कुछ और होता है। बाजार में मिलने वाली मिठाइयों में अक्सर मिलावट का डर रहता है, खासकर त्योहारों के मौसम में मावा या खोया अशुद्ध मिलने की संभावना बढ़ जाती है। अगर आप सावन के मौके पर शुद्ध मिठाइयां बनाना चाहती हैं, तो बाजार से लाने के बजाय घर पर ही केवल 2 लीटर दूध से शुद्ध खोया तैयार कर सकती हैं। नीचे लेख में जानें तरीका।

मावा बनाने के लिए आवश्यक सामग्री

घर पर शुद्ध खोया बनाने के लिए आपको बहुत अधिक चीजों की आवश्यकता नहीं होती है। यह रसोई में मौजूद सामान से ही आसानी से बन जाता है। 

  • दूध-2 लीटर
  • भारी तले की कड़ाही- लोहे, पीतल या नॉन-स्टिक कड़ाही
  • चमचा या कलछी- दूध को लगातार चलाने के लिए फ्लैट बॉटम वाला चमचा

घर पर खोया बनाने की आसान विधि

  • सबसे पहले एक भारी तले की बड़ी कड़ाही या पैन लें। इसमें 2 लीटर दूध डालकर गैस ऑन कर दें। शुरुआत में आंच को तेज रख सकते हैं। जैसे ही दूध में उबाल आ जाए, गैस की आंच को मध्यम से धीमा कर दें। अब दूध को लगातार चलाते हुए पकाना शुरू करें।
  • ध्यान रखें कि कड़ाही के किनारों पर जो मलाई जमेगी, उसे खुरच-खुरचकर वापस दूध में मिलाते जाना है। खोया बनाने की प्रक्रिया में सबसे जरूरी बात यह है कि दूध नीचे तले से जलना नहीं चाहिए।

  • अगर दूध थोड़ा सा भी जल गया, तो पूरे खोये में जलने की बदबू आने लगेगी। इसलिए फ्लैट चमचे से कढ़ाई के तले तक ले जाते हुए दूध को लगातार चलाते रहें।
  • जैसे-जैसे पानी सूखता जाएगा, दूध गाढ़ा होता जाएगा और रबड़ी जैसा बन जाएगा। जब दूध पकते-पकते बिल्कुल गाढ़ा पेस्ट बन जाए और कड़ाही के किनारे को छोड़ने लगे, तो समझ लीजिए कि आपका खोया तैयार होने की स्थिति में आ गया है। इस स्टेज पर आपको हाथ तेजी से चलाना होगा।
  • जब मिश्रण पूरी तरह से सूखकर इकट्ठा होने लगे और उसका रंग हल्का सुनहरा या सफेद हो जाए, तो गैस बंद कर दें। अब इसे एक बर्तन में निकाल कर ठंडा होने के लिए रख दें।

परफेक्ट खोया बनाने के कुछ जरूरी टिप्स

खोया बनाने के लिए कुछ बातों का ध्यान देना बहुत जरूरी है। वरना मावा या खोया क्वालिटी में अच्छा नहीं बनेगा। नीचे जानें जरूरी टिप्स

  • हमेशा फुल क्रीम दूध का ही इस्तेमाल करें क्योंकि इसमें मलाई की मात्रा अधिक होती है जिससे खोया अधिक मात्रा में और दानेदार बनता है।
  • हमेशा भारी तले की कढ़ाई का ही प्रयोग करें। हल्की कढ़ाई में दूध बहुत जल्दी जल जाता है।
  • खोया बनाने में लगभग 45 से 60 मिनट का समय लग सकता है, इसलिए इसे जल्दबाजी में तेज आंच पर न पकाएं।
  • धीमी आंच पर पकाने से खोया अच्छा ही नहीं प्रीमीयम क्वालिटी का बनता है।

अगर आप भी त्योहार के लिए बाजार के बजाय घर पर खोया बनाने का सोच रही हैं, तो यह तरीका काम आ सकता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।

Image Credit- Shutterstock