आज गणेश उत्सव का छठां द‍िन है। ऐसे में आज अगर आप बप्‍पा को कुछ स्‍पेशल भोग लगाना चाहती हैं तो पनीर का मोदक बना सकती हैं। चावल के आटे वाले मोदक तो आपने कई बार बनाए होंगे, लेकिन पनीर से बने मोदक भी घर पर आसानी से तैयार किए जा सकते हैं। इनमें पनीर के साथ मिल्क पाउडर, चीनी और इलायची का इस्तेमाल किया जाता है।

इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको मोदक का आटा गूंथने या अलग से स्टफिंग तैयार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बस पनीर के मिश्रण को सही तरह से पकाकर मोदक के सांचे में भरना होता है। आज हम आपको अपने इस लेख में बता रहे हैं क‍ि आप घर पर कैसे पनीर का मोदक बना सकती हैं। आइए जानते हैं-

Paneer Modak Recipe Card

घर पर बप्पा के लिए पनीर मोदक बनाने की आसान विधि
Her ZindagiHer ZindagiHer ZindagiHer ZindagiHer Zindagi
  • Total Time :30min
  • Preparation Time : 10min
  • Cooking Time : 20
  • Servings : 4
  • Cooking Level : Low
  • Course: Desserts
  • Calories: 150
  • Cuisine: Indian
  • Author: Vrinda Srivastava

सामग्री

  • पनीर- 250 ग्राम
  • मिल्क पाउडर- 1/2 कप
  • पिसी हुई चीनी- 1/2 कप
  • दूध- 2 से 3 बड़े चम्मच
  • इलायची पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
  • घी- सांचे को ग्रीस करने के लिए
  • केसर- थोड़ी सी
  • ऑप्शनल
  • पिस्ता या बादाम- गार्निश करने के लिए

विधि

  • Step 1 :

    बप्‍पा के ल‍िए पनीर मोद‍क बना रही हैं तो सबसे पहले पनीर को अच्छी तरह क्रम्बल या कद्दूकस कर लें। ध्यान रखें कि पनीर के बड़े टुकड़े न रहें। इससे मोदक का मिश्रण ज्यादा आसानी से एकसाथ हो जाएगा।

  • Step 2 :

    अब एक भारी तले वाली कड़ाही या पैन लें और उसमें पनीर डाल दें। साथ ही इसमें मिल्क पाउडर, पिसी हुई चीनी और थोड़ा दूध डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। गैस धीमी से मीडियम आंच पर रखें और मिश्रण को लगातार चलाती रहें।

  • Step 3 :

    मिश्रण को पकाते समय ध्यान रखें कि वह पैन के नीचे चिपके नहीं। जैसे-जैसे पनीर का पानी कम होगा, आप देखेंगी क‍ि मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा। बस इसे तब तक पकाना है जब तक यह इतना गाढ़ा न हो जाए कि पैन के किनारे छोड़ने लगे।

  • Step 4 :

    पनीर मोदक की रेसिपी में इसी तरह पनीर और मिल्क पाउडर के मिश्रण को पकाकर मोदक का बेस तैयार करना होगा। अब आप इसमें इलायची पाउडर डालें और अच्छी तरह मिला दें।

  • Step 5 :

    अगर आप चाहें तो स्वाद और खुशबू के लिए थोड़ी केसर भी डाल सकती हैं, लेकिन ये पूरी तरह से ऑप्‍शनल है। जब मिश्रण अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें। इसे एक प्लेट में निकालकर कुछ देर ठंडा होने दें।

  • Step 6 :

    ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत गर्म न हो, क्योंकि इसे हाथ से मोदक के सांचे में भरना होगा। अब मोदक का सांचा लें और उसमें घी लगा दें। इससे तैयार मोदक सांचे से आसानी से बाहर निकल आएगा।

  • Step 7 :

    अब मिश्रण का एक हिस्सा लेकर सांचे में अच्छी तरह भरें और हल्के हाथ से दबा दें। सांचा बंद करके जो मिश्रण बाहर आए हैं, उन्‍हें किनारे से हटा दें।

  • Step 8 :

    इसके बाद सांचा खोलें और मोदक को धीरे से प्लेट में निकाल लें। इसी तरह बाकी मिश्रण से भी मोदक तैयार कर लें। आखिर में ऊपर से थोड़े कटे हुए पिस्ता या बादाम लगाकर इन्हें गार्निश भी कर सकती हैं।

कैसे करें सर्व?

पनीर मोदक तैयार होने के बाद इन्हें साफ प्लेट में रखें। पूजा की तैयारी के बाद बप्पा को अपनी परंपरा के अनुसार इसका भोग लगाएं। भोग लगाने के बाद परिवार के साथ प्रसाद के रूप में इसे खा सकती हैं। अगर मोदक को थोड़ा और सुंदर दिखाना चाहती हैं तो ऊपर से कटे हुए पिस्ता, बादाम या केसर की कुछ धागे भी लगा सकती हैं।

Image Credit- Magnific

पनीर मोदक बनाने के आसान ट‍िप्‍स

अगर आप घर पर पनीर मोदक बना रही हैं, तो यह ट‍िप्‍स आपके काम आ सकते हैं-

  • पनीर में पानी ज्यादा हो तो मिश्रण गीला रह जाएगा, इसलिए ताजा पनीर इस्तेमाल करें और इसमें नमी न रहने दें।
  • मिश्रण को तेज आंच पर न पकाएं। धीमी या मीडियम आंच पर लगातार चलाना बेहतर रहेगा।
  • मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक वह पैन न छोड़ने लगे।
  • बहुत ज्यादा पनीर को ड्राई न करें।
  • मोदक बनाने से पहले मिश्रण को थोड़ा ठंडा जरूर करें।
  • सांचे में थोड़ा सा घी लगाने से मोदक आसानी से बाहर निकलेगा।
  • अगर मिश्रण सांचे में चिपक रहा है, तो उसे थोड़ा और ठंडा होने दें।
  • ऊपर से पिस्ता, बादाम या केसर डालकर मोदक को गार्निश कर सकती हैं।
  • भोग के लिए मोदक बनाते समय साफ हाथ, बर्तन और सांचे का इस्तेमाल करें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI