सावन के महीने में ज्यादातर घरों में कुछ न कुछ मीठा बनता ही रहता है। आमतौर पर लोग घेवर और फीणी ही बनाते हैं, लेकिन आप अगर कुछ अलग बनाना चाहती हैं, तो मिनी मावा जलेबी बना सकती हैं। जलेबी का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मुंह में पानी आ जाता है। बाहर मिलने वाली गरमा-गरम जलेबी तो सभी को पसंद होती है, लेकिन कई बार घर पर जलेबी बनाना थोड़ा मुश्किल लगता है। कभी जलेबी का बैटर सही नहीं लगता है तो कभी जलेबी का शेप सही नहीं बन पाता है।

ऐसे में आप अप्पे पैन में घर पर ही छोटी-छोटी मावा जलेबी बना सकती हैं। इसमें जलेबी को ज्यादा घी में तलने की जरूरत नहीं पड़ती है। मावा डालने से इसका स्वाद भी थोड़ा रिच और स्वादिष्ट हो जाता है। सावन में पूजा या घर में मेहमान आने पर आप इसे आसानी से बना सकती हैं। आइए जानते हैं, अप्पे पैन में मिनी मावा जलेबी बनाने की आसान रेसिपी-

Mini Mawa Jalebi Recipe Recipe Card

अप्पे पैन में मिनी मावा जलेबी बनाने की आसान विधि
Her ZindagiHer ZindagiHer ZindagiHer ZindagiHer Zindagi
  • Total Time :50min
  • Preparation Time : 30min
  • Cooking Time : 20
  • Servings : 4
  • Cooking Level : Medium
  • Course: Desserts
  • Calories: 350
  • Cuisine: Indian
  • Author: Vrinda Srivastava

सामग्री

  • मैदा- 1 कप
  • मावा/खोया- 100 ग्राम
  • दही- 2 बड़े चम्मच
  • चीनी- 1 कप
  • पानी- जरूरत के अनुसार
  • घी या तेल- अप्पे पैन के लिए
  • इलायची पाउडर- 1/4 छोटा चम्मच
  • केसर- थोड़ी सी (ऑप्शनल)
  • पिस्ता या बादाम- गार्निश करने के लिए

विधि

  • Step 1 :

    एक बाउल में मैदा, मावा और दही डालें।

  • Step 2 :

    थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर जलेबी का बैटर तैयार करें। बैटर न बहुत पतला हो और न बहुत गाढ़ा।

  • Step 3 :

    बैटर को ढककर करीब 20 से 30 मिनट के लिए रख दें।

  • Step 4 :

    एक पैन में चीनी और पानी डालकर चाशनी तैयार करें।

  • Step 5 :

    चाशनी में इलायची पाउडर और केसर डालें। चाशनी को बहुत ज्यादा गाढ़ा न करें।

  • Step 6 :

    जलेबी के बैटर को सॉस बोतल, पाइपिंग बैग या छेद किए हुए साफ कपड़े में भरें।

  • Step 7 :

    अप्पे पैन को गर्म करके हर खाने में थोड़ा सा घी या तेल लगाएं।

  • Step 8 :

    बैटर को अप्पे पैन में गोल-गोल घुमाते हुए छोटी जलेबी का शेप दें।

  • Step 9 :

    धीमी से मीडियम आंच पर जलेबी को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं।

  • Step 10 :

    तैयार जलेबी को 30 सेकंड से 1 मिनट तक चाशनी में डालें और फिर निकालकर पिस्ता या बादाम से गार्निश करके सर्व करें।

मिनी मावा जलेबी बनाने की आसान रेसिपी

  • सबसे पहले एक बाउल में मैदा, मावा और दही डालें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए अच्छी तरह से मिला लें। ध्यान रखें कि बैटर न बहुत पतला हो और न ही बहुत ज्यादा गाढ़ा। इसे अच्छी तरह फेंट लें ताकि इसमें कोई गांठ न रह जाए।
  • अब बैटर को करीब 20 से 30 मिनट के लिए ढककर रख दें। अगर बैटर रखने के बाद बहुत गाढ़ा लग रहा है तो इसमें एक से दो चम्मच पानी डालकर इसे फिर से अच्छी तरह मिला लें।
  • इसके बाद इसकी चाशनी तैयार कर लें। इसके लिए एक पैन में चीनी और पानी डालकर गैस पर रखें। चीनी पूरी तरह घुलने के बाद इसे कुछ मिनट तक पकाएं। इसमें इलायची पाउडर और केसर डाल सकती हैं। बस ध्यान रखें कि चाशनी को बहुत ज्यादा गाढ़ा करने की जरूरत नहीं है। इसे हल्का चिपचिपा रहने दें और गैस बंद कर दें।
  • अब जलेबी बनाने के लिए जो आपने बैटर बनाया है, उसे एक सॉस बॉटल, पाइपिंग बैग या साफ कपड़े में भर लें। अगर कपड़े का इस्तेमाल कर रही हैं तो उसके कोने में छोटा सा छेद कर लें। इससे बैटर को अप्पे पैन में डालना आसान रहेगा।
  • इतना करने के बाद अप्पे पैन को गैस पर रखें और हर खाने में थोड़ा सा घी या तेल लगाकर गर्म करें। पैन बहुत ज्यादा गर्म न हो, वरना जलेबी बाहर से जल्दी पक जाएगी और अंदर से कच्ची रह सकती है।
  • इसके बाद बैटर को अप्पे पैन के हर खाने में थोड़ा-थोड़ा डालें। ध्यान रहे बैटर को बहुत ज्यादा भरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि पकते समय इसका साइज बढ़ सकता है। छोटी जलेबी का शेप देने के लिए बैटर को गोल-गोल घुमाते हुए डालें।
  • अब जलेबी को लो टू मीडियम फ्लेम पर पकने दें। जब नीचे की तरफ हल्का सुनहरा रंग आने लगे तो इसे सावधानी से पलट दें। दोनों तरफ से जलेबी अच्छी तरह पक जाए तो इसे पैन से निकाल लें।
  • अब गरमा-गरम जलेबी को तैयार चाशनी में डाल दें। इसे करीब 30 सेकेंड से एक मिनट तक चाशनी में रखें ताकि जलेबी के अंदर तक मिठास अच्छी तरह घुल जाए। इसके बाद जलेबी को चाशनी से निकाल लें।
  • इसी तरह बाकी बैटर से भी छोटी-छोटी जलेबियां बना लें। मिनी मावा जलेबी को आप ऊपर से थोड़े कटे हुए पिस्ता या बादाम डालकर गार्निश कर सकती हैं। घर पर बनी आपकी गरमा-गरम मिनी मावा जलेबी तैयार है।
 

कैसे करें सर्व?

मिनी मावा जलेबी को आप गरमा-गरम ही सर्व कर सकती हैं। इसका स्वाद दूध, रबड़ी या दही के साथ और भी अच्छा लगता है। अगर घर में पूजा या कोई छोटा फंक्शन है तो इसे मिठाई की तरह भी सर्व कर सकती हैं। ऊपर से थोड़ा पिस्ता या बादाम डाल देंगी तो जलेबी देखने में भी सुंदर लगेगी।

तो अगर आप भी इस सावन घर पर जलेबी बनाना चाहती हैं तो मिनी मावा जलेबी ट्राई कर सकती हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik/AI