त्योहार का मौका हो या घर में कुछ खास और मीठा खाने का मन, मालपुआ हमेशा से हम सबका पसंदीदा रहा है। उत्तर भारत से लेकर देश के अन्य हिस्सों तक, शादियों और त्योहारों की थाली मालपुए के बिना अधूरी मानी जाती है। इसकी खास खुशबू और मुंह में घुल जाने वाला स्वाद हर किसी खूब पसंद आता है। इसे आप घर में मौजूद सामान्य चीजों से झटपट तैयार कर सकती हैं। आज के इस आर्टिकल में हम आपको मालपुआ बनाने के 3 तरीके बताने जा रहे हैं, जिन्हें आप अपनी पसंद के हिसाब से बना सकती हैं।

स्वादिष्ट मालपुआ बनाने की 3 रेसिपी

पारंपरिक और स्वादिष्ट मालपुआ भारत की एक बेहद लोकप्रिय मिठाई है, जिसे त्योहारों और खास अवसरों पर बड़े चाव से बनाया जाता है। नीचे जानें आसान और स्वादिष्ट मालपुआ रेसिपी

1. सादा पारंपरिक मालपुआ (Traditional Malpua)

अगर आप बिना ज्यादा तामझाम के मालपुआ बनाना चाहती हैं, तो पारंपरिक तरीके वाला मालपुआ बना सकती हैं। यह बहुत समय में तैयार हो जाएगा। नीचे पढ़ें सामग्री और विधि।

जरूरी सामग्री

  • 1 कप- मैदा
  • आधा कप- पिसी हुई चीनी
  • 1 कप- गुनगुना दूध (आवश्यकतानुसार)
  • 1 छोटा चम्मच- सौंफ (दरदरी कुटी हुई)
  • थोड़ा सा- इलायची पाउडर
  • तलने के लिए- शुद्ध देसी घी या रिफाइंड तेल

बनाने की विधि

  • सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा और पिसी हुई चीनी को अच्छी तरह मिला लें।
  • अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके गुनगुना दूध डालें और एक चिकना व गाढ़ा घोल तैयार कर लें। ध्यान रखें कि घोल में कोई गांठ न रहे।
  • इस घोल में कुटी हुई सौंफ और इलायची पाउडर डालकर अच्छे से फेंट लें। अब इसे ढंककर 20 से 30 मिनट के लिए सेट होने के लिए रख दें।
  • इसके बाद एक कड़ाही में घी गर्म करें। आंच को मध्यम रखें।
  • एक कलछी में घोल भरकर कड़ाही के बीच में डालें। यह अपने आप फैलकर गोल आकार ले लेगा।
  • इसे दोनों तरफ से सुनहरा और हल्का कुरकुरा होने तक तल लें। आपका सादा स्वादिष्ट मालपुआ तैयार है।

2. खोया मालपुआ (Mawa Malpua)

अगर आप त्योहारों पर कुछ खास और शाही मिष्ठान बनाना चाहती हैं, तो मावे का मालपुआ सबसे बेहतरीन विकल्प है।

जरूरी सामग्री

अगर किसी खास मौके पर कुछ स्पेशल मीठा बनाने का सोच रही हैं, तो खोया मालपुआ बना सकती हैं। इसका स्वाद खास होता है। पढ़ें तरीका-

  • 1 कप- ताजा मावा (खोया)
  • आधा कप- मैदा
  • आधा कप- दूध
  • 2 चम्मच- बारीक कटे हुए ड्राई फ्रूट्स (बादाम, पिस्ता)
  • चाशनी के लिए- 1 कप चीनी और 1 कप पानी

बनाने की विधि

  • सबसे पहले एक बर्तन में चीनी और पानी उबालकर एक तार की चाशनी तैयार कर लें।
  • इसते बाद इसमें थोड़ा इलायची पाउडर मिला दें।
  • अब एक थाली में मावे को अच्छी तरह से हथेली की मदद से मसल लें ताकि वह एकदम चिकना हो जाए।
  • मैश किए हुए मावे में मैदा और दूध मिलाएं और गाढ़ा घोल तैयार कर लें।
  • कड़ाही में घी गर्म करें और इस मावे के घोल से छोटे-छोटे मालपुए मध्यम आंच पर तल लें।
  • तले हुए गर्म मालपुए को तुरंत तैयार हल्की गर्म चाशनी में 2 मिनट के लिए डुबोकर रखें, ताकि चाशनी अंदर तक चली जाए।
  • इसके बाद इन्हें बाहर निकालकर ड्राई फ्रूट्स से सजाकर सर्व करें।

3. हेल्दी और स्वादिष्ट केले का मालपुआ (Banana Malpua)

फलों का इस्तेमाल करके बनने वाला यह मालपुआ बेहद सॉफ्ट और बच्चों को बहुत पसंद आता है। नीचे जानें जरूरी चीजें और विधि-

जरूरी सामग्री

अगर आपकी रसोई में पके हुए केले रखे हुए हैं, तो केला मालपुआ बना सकती हैं। इसे बनाने बहुत आसान है। 

  • 1- पका हुआ केला
  • 1 कप- गेहूं का आटा या मैदा
  • आधा कप- चीनी या गुड़ का पाउडर
  • 1 कप- दूध
  • तलने के लिए- घी

बनाने की विधि

  • सबसे पहले एक बाउल में पके हुए केले को अच्छी तरह से मैश कर लें ताकि उसका पेस्ट बन जाए।
  • अब इस मैश किए हुए केले में आटा, चीनी और दूध डालकर एक गाढ़ा बैटर तैयार कर लें। आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा सौंफ पाउडर भी मिला सकते हैं।
  • कड़ाही में घी गर्म करें। तैयार घोल को करछी से कड़ाही में डालें।
  • इसे मध्यम आंच पर दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन होने तक सेक लें। केले की वजह से यह अंदर से बहुत ही सॉफ्ट और स्पंजी बनता है।

इसे भी पढ़ें- पूड़ी तलते ही फूल जाती है, रोटी क्यों नहीं? वजह जानकर समझ जाएंगे पूरा साइंस

अब जब आप इन तीनों तरीकों को जान चुके हैं, तो इस बार अपने परिवार के लिए कौन सा मालपुआ बनाना पसंद करेंगे? अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

 Image Credit- AI