सावन के महीने में व्रत के दौरान अक्सर यह उलझन रहती है कि आज क्या बनाया जाए? आमतौर पर लोग कुट्टू, सिंघाड़ा या साबूदाना से बनी चीजें ही खाते हैं। मगर पूरे महीने एक ही तरह का खाना खा-खाकर बोरियत होने लगती है। ऐसे में कुछ नया और अलग ट्राई करने का मन करता है। इस स्थिति में समा के चावल का क्रिस्पी डोसा बेस्ट ऑप्शन साबित हो सकता है। इसे बनाना बेहद आसान है। नीचे लेख में पढ़ें इसकी झटपट और आसान विधि।
समा के चावल का डोसा कैसे बनाएं?
समा के चावल और उबले आलू के मेल से बनने वाला यह डोसा बाहर से करारा और अंदर से नरम रहता है, जिसे आप व्रत वाली हरी चटनी या आलू की सब्जी के साथ मजे से खा सकती हैं। नीचे पढ़ें इसकी स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी।
घोल तैयार करें
- डोसा बनाने के लिए समा के चावल को 4-5 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें। समय पूरा होने के बाद चावल को पानी से निकालकर अच्छे से धोलें। अब इसे कुछ देर जाली वाली थाली में रखें ताकि बचा हुआ पानी निकल जाए।
- इसके बाद इन्हें मिक्सी के जार में डालें और थोड़ा सा पानी मिलाकर चिकना और गाढ़ा पेस्ट पीस लें। फिर इस बैटर को कटोरे या बर्तन में निकाल लें।
इसे भी पढ़ें- सावन व्रत में बनाएं कुछ नया, ट्राई करें साबूदाने की ये 5 टेस्टी डिशेज
बैटर में मसाले मिलाएं
इसके बाद पिसे हुए समा के चावल के घोल में स्वादानुसार सेंधा नमक (ऑप्शनल) और आधा चम्मच जीरा डालकर अच्छी तरह फेंट लें। बैटर की कंसिस्टेंसी सामान्य डोसे के बैटर जैसी होनी चाहिए। अब इसे 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें।
आलू की स्टफिंग बनाएं
बैटर बनाने के बाद दूसरी तरफ एक पैन में थोड़ा सा घी गर्म करें। फिर उसमें थोड़ा सा जीरा और बारीक कटी हरी मिर्च डालें। अब इसमें मैश किए हुए उबले आलू, सेंधा नमक और काली मिर्च पाउडर डालकर 2-3 मिनट तक अच्छे से भून लें। ऊपर से हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें।
बैटर डालें और सेकें
इसके बाद गैस जलाकर मीडियम फ्लेम पर गर्म करें और उस पर हल्का सा घी लगाएं। गर्म होने के बाद एक बड़ा चम्मच भरकर बैटर तवे के बीच में डालें और गोल-गोल फैलाएं। अब डोसे के किनारों और ऊपर हल्का सा घी या तेल लगाएं। आंच को मध्यम रखें और डोसे को नीचे से सुनहरा और क्रिस्पी होने दें।
स्टफिंग भरकर परोसें
डोसा जब क्रिस्पी हो जाए, तो उसके बीच में तैयार की गई आलू की स्टफिंग रखें और डोसे को रोल कर लें। आपका गरमा-गरम और क्रिस्पी समा के चावल का डोसा तैयार है। इसे व्रत वाली हरी धनिया-टमाटर की चटनी या दही के साथ मजे से खाएं।
इसे भी पढ़ें- सावन व्रत के लिए बनाएं रेस्टोरेंट स्टाइल राजगिरा चीला, खाते ही दिल हो जाएगा खुश
लेख में बताए गए तरीके से आप आसानी से समा का क्रिस्पी डोसा बनाकर तैयार कर सकती हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- AI, Herzindagi
