बनारस की बात हो और वहां की विश्व प्रसिद्ध कुल्हड़ लस्सी का जिक्र न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। अक्सर लोग काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए जाते हैं, तो वहां की लस्सी जरूर ट्राई करते हैं। मिट्टी के कुल्हड़ में मिलने वाली इस लस्सी की सोंधी खुशबू इसके स्वाद को दोगुना कर देती है। गुलाब जल और केसर की पत्ती के साथ बानी यह लस्सी हर कोई घर पर बनाने की कोशिश करता है। ऐसे में कुछ लोग घर में ऐसी लस्सी बनाते तो हैं, लेकिन उनकी लस्सी या तो पतली हो जाती है या फिर उसमें वह असली बनारसी स्वाद नहीं आ पाता। ऐसे में अगर आप भी अपने घर पर बनारसी लस्सी का मजा लेना चाहती हैं, तो कुछ छोटी-छोटी सीक्रेट ट्रिक्स और सही तरीका अपनाकर मिनटों में मलाईदार कुल्हड़ लस्सी बना सकती हैं।

घर पर बनारसी लस्सी बनाने के 4 आसान और सीक्रेट ट्रिक्स

बनारसी लस्सी का स्वाद घर पर पाने के लिए आप कुछ आसान सीक्रेट ट्रिक्स को फॉलो कर सकती हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में -

1. सही और गाढ़ा दही चुनना

बनारसी लस्सी बनाने का सबसे बड़ा सीक्रेट है - गाढ़ा और मीठा दही। अगर आप घर पर बनारस जैसी लस्सी बनाने की सोच रही हैं, तो खट्टा या पानी वाला दही आपके स्वाद को बिगाड़ सकता है। ऐसे में आप हमेशा फुल क्रीम दूध से जमाया हुआ ताजा दही ही इस्तेमाल करें। दही जमाने के बाद इसे थोड़ी देर फ्रिज में रख दें, ताकि वह थोड़ा कड़क और गाढ़ा हो जाए।  

2. मिक्सी की जगह मथानी या मधानी का इस्तेमाल

जब भी आप बनारसी लस्सी बनाएं, तो दही को इलेक्ट्रिक मिक्सी या ब्लेंडर में फेंटने के बजाय लकड़ी की मथानी या हैंड मथानी का प्रयोग करें। ठंडे दही में स्वाद अनुसार पिसी हुई चीनी मिलाएं और मथानी से केवल तब तक मथें जब तक चीनी घुल न जाए और दही स्मूथ हो जाए। मिक्सी में चलाने से दही पानी छोड़ देता है और लस्सी एकदम पतली हो जाती है।

3. गुलाब जल और इलायची का जादुई तड़का

बनारस की प्रसिद्ध लस्सी इसलिए भी खास और स्वादिष्ट लगती है, क्योंकि इसमें दही मथते समय थोड़ी सी इलायची का पाउडर और कुछ बूंदें गुलाब जल या केवड़ा जल की मिलाई जाती हैं। आप भी घर पर बनारसी लस्सी बनाते समय इन सीक्रेट चीजों को शामिल करके लस्सी का स्वाद कई गुना बढ़ा सकती हैं। 

यह भी पढ़ें- Sattu Ki Lassi: चिलचिलाती गर्मी में पेट रहेगा ठंडा, नोट कर लें सत्तू लस्सी की ये आसान रेसिपी

4. मिट्टी के कुल्हड़ को तैयार करने का तरीका

बिना कुल्हड़ के बनारसी लस्सी का स्वाद अधूरा माना जाता है। अगर आप घर पर इस लस्सी को बनाने के लिए कांच या स्टील के बर्तन का इस्तेमाल करने की सोच रही हैं, तो इसकी जगह बाजार से लाए कुल्हड़ का इस्तेमाल करें। ध्यान रहे, कुल्हड़ को सीधे इस्तेमाल करने के बजाय आधे घंटे पहले साफ पानी में डुबोकर रखें, फिर सुखाकर 10 मिनट के लिए फ्रीजर में रख दें। ठंडे कुल्हड़ में जब आप ठंडी लस्सी सर्व करेंगी, तो इससे सोंधापन और स्वाद गजब का मिलेगा।

बनारसी मलाईदार कुल्हड़ लस्सी बनाने की आसान रेसिपी

बनारसी लस्सी को आप आसानी से घर पर तैयार कर सकती हैं। इसे बनाने के लिए नीचे बताए गए स्टेप्स फॉलो करें:

  • सबसे पहले एक बड़े बर्तन में एक ग्लास गाढ़ा और मलाईदार दही लें।
  • इसमें 4 बड़े चम्मच पिसी हुई चीनी और 2 चम्मच रबड़ी या ताजी मलाई मिलाएं।
  • अब इसमें कुछ बूंदें गुलाब जल या केवड़ा जल की डालें।
  • थोड़ा सा इलायची पाउडर डालकर पारंपरिक लकड़ी की मथानी से इसे अच्छी तरह फेंट लें।
  • अब तैयार किए हुए ठंडे कुल्हड़ में लस्सी डालें और सर्व करें।

सीक्रेट गार्निशिंग ट्रिक: कुल्हड़ वाली इस बनारसी लस्सी के ऊपर आप थोड़ी और रबड़ी या मलाई डाल सकती हैं। इसके ऊपर बारीक कटे हुए काजू-पिस्ता और बादाम लस्सी का स्वाद बढ़ा देंगे। इसके अलावा कुछ बूंदें गुलाब के शरबत की या 1-2 धागे केसर के भी डाल सकती हैं। 

यह भी पढ़ें- मेहमानों के स्वागत के लिए बेस्ट है यह 5-मिनट पुदीना लस्सी, ऐसे बनाएं 'Mint Ice Cube' जो चलेगी पूरे महीने

आप भी इन सिंपल स्टेप्स के साथ घर पर आसानी से बनारसी स्टाइल कुल्हड़ लस्सी तैयार कर सकती हैं। इसे बनाने से पहले ऊपर बताई गई कुछ जरूरी और छोटी-छोटी बातों का खास ध्यान रखें। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।   

Image Credit: magnific