गोवर्धन पूजा के दिन भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग लगाने की पुरानी परंपरा है। इस दिन मंदिरों और घरों में तरह-तरह के पकवान बनते हैं, जिनमें सबसे खास होती है अन्नकूट की मिक्स सब्जी। कई जगहों पर इसमें 108 तरह की सब्जियां डाली जाती हैं, तो कई घरों में मौसम में मिलने वाली 10 से 12 सब्जियों से ही यह प्रसाद तैयार कर लिया जाता है। अन्नकूट की मिक्स सब्जी के साथ नए चावल की खीर भी बनती है।
अगर आप भी घर पर गोवर्धन पूजा का भोग बनाना चाहती हैं, तो अन्नकूट की सब्जी और खीर की यह आसान रेसिपी आपके बहुत काम आएगी। हम आपको विस्तार से बता रहे हैं।
अन्नकूट की सब्जी बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
अन्नकूट की सब्जी में कई तरह की मौसमी सब्जियां एक साथ डाली जाती हैं। इसमें प्याज और लहसुन का इस्तेमाल नहीं किया जाता। आप ये चीजें रख सकती हैं-
- आलू- 2 से 4
- बैंगन- 1 बड़ा
- फूलगोभी- थोड़ी सी
- गाजर- 2
- मूली- 1
- कद्दू और लौकी- थोड़ी-थोड़ी
- मटर और सेम- जरूरत के हिसाब से
- पालक, मेथी और मूली के पत्ते
- टमाटर- 2 से 3
- अदरक और हरी मिर्च
- जीरा, हींग, हल्दी और तेजपत्ता
- धनिया पाउडर, लाल मिर्च और गरम मसाला
- अमचूर, नमक और हरा धनिया
- घी या सरसों का तेल
सब्जियों की मात्रा आप घर में खाने वालों की संख्या के हिसाब से रख सकती हैं।
image credit- ai
अन्नकूट की सब्जी कैसे बनाएं?
सबसे पहले सभी सब्जियों को अच्छी तरह धो लें। आलू, गाजर, मूली, लौकी और कद्दू को छीलकर बड़े टुकड़ों में काट लें। बैंगन, फूलगोभी और बाकी सब्जियों को भी काटकर रख लें। इसके अलावा हरी पत्तियों को भी साफ कर लें। अब एक बड़े कुकर में कटी हुई सब्जियां डालें। इसमें हल्दी, नमक और थोड़ा पानी मिलाकर दो सीटी आने तक पका लें। सब्जियों को पकाने के बाद थोड़ा सा मैश भी कर लें। बस ध्यान रहे कि इसे पूरी तरह से पेस्ट नहीं बनाना है। इसके बाद एक कड़ाही में सरसों का तेल या घी गर्म करें। इसमें जीरा, तेजपत्ता, हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक डाल दें। थोड़ा भुनने पर कटे हुए टमाटर डाल दें।
यह भी पढ़ें- Govardhan Prasad Recipe: गोवर्धन के दिन घर पर बनाएं स्वादिष्ट अन्नकूट, जानें सिंपल रेसिपी
अब धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च और हींग मिलाकर मसाले को अच्छी तरह से पकने दें जब तक इससे तेल न बाहर आ जाए। अब इसमें उबली हुई सब्जियां डालकर अच्छी तरह मिला लें। आखिर में गरम मसाला, अमचूर और कसूरी मेथी डालें। सब्जी को 15 से 20 मिनट तक और पकाएं और बीच-बीच में चलाती रहें। ऊपर से थोड़ा घी और हरा धनिया डाल दें। आपकी अन्नकूट की सब्जी तैयार है। इसे गर्मागर्म पूड़ी या रोटी के साथ सर्व कर सकती हैं।
नए चावल की खीर के लिए चाहिए ये चीजें
अन्नकूट के साथ मीठे में चावल की खीर बनाई जा सकती है। अगर आपके पास नई फसल के चावल हैं, तो उनसे भी खीर तैयार कर सकती हैं। इसके लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी।
- दूध- 1 लीटर
- नए चावल- 50 ग्राम
- चीनी- स्वाद के हिसाब से
- इलायची पाउडर- आधा छोटा चम्मच
- कटे हुए बादाम और काजू
- किशमिश
- केसर (ऑप्शनल)
चावल की खीर में दूध, चावल और चीनी मेन चीजें हैं। इलायची और मेवे डालने से इसका स्वाद और अच्छा हो जाएगा।
कैसे बनाएं दूध वाली चावल की खीर?
इसे बनाने के लिए सबसे पहले चावल को दो-तीन बार पानी से धो लें। इसके बाद इन्हें करीब 20 से 30 मिनट के लिए भिगोकर रख दें। अब एक भारी तले वाले बर्तन में दूध डालकर गर्म करें। दूध में उबाल आने लगे तो इसमें भीगे हुए चावल डाल दें। गैस की फ्लेम को धीमा ही रखना है और खीर को पकने दें। बीच-बीच में इसे चलाती रहें, ताकि चावल नीचे से जले नहीं। जब चावल अच्छी तरह गल जाएं और दूध गाढ़ा होने लगे, तब इसमें चीनी डालकर मिला दें।
image credit- magnific
अब इलायची पाउडर, कटे हुए बादाम, काजू और किशमिश डालें। इसे कुछ देर और पकाएं ताकि चीनी अच्छी तरह घुल जाए और खीर का स्वाद भी अच्छे से मिल जाए। इसके बाद गैस बंद कर दें। आपकी खीर तैयार है। इसे गर्म या ठंडा, दोनों तरह से परोस सकती हैं।
भोग की थाली में ऐसे सजाएं पकवान
गोवर्धन पूजा पर अन्नकूट की सब्जी और खीर के साथ दूसरी चीजें भी भोग में रखी जाती हैं। अलग-अलग घरों और मंदिरों में भोग की थाली अपनी परंपरा के हिसाब से सजाई जाती है। आप अपनी सुविधा के अनुसार इसमें ये चीजें रख सकती हैं-
- अन्नकूट की मिक्स सब्जी
- पूड़ी या रोटी
- चावल और कढ़ी
- खीर और हलवा
- मौसमी फल और सूखे मेवे
इस तरह घर पर ही गोवर्धन पूजा के लिए सात्विक खाना तैयार हो जाएगा। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- ai
