गणेश उत्सव के दिनों में घर पर बप्पा के लिए कुछ खास बनाने का मन करता है। पहले दिन मोदक का भोग लगाने के बाद अगर दूसरे दिन कुछ अलग बनाना चाहती हैं, तो पूरन पोली एक अच्छा ऑप्शन रहेगा। मीठी पूरन पोली बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है, लेकिन इसे बनाने में सबसे ज्यादा समय चना दाल को भिगोने और फिर पकाने में ही लग जाता है।

ऐसे में अगर आप पहले से दाल भिगोना भूल गई हैं, तो भी आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप चना दाल को बिना भिगोए प्रेशर कुकर में अच्छी तरह पका सकती हैं और फिर इससे पूरन तैयार कर सकती हैं। इस तरह थोड़े कम समय में घर पर स्वादिष्ट पूरन पोली बन जाएगी। आज हम आपको इसकी आसान रेस‍िपी बता रहे हैं। इसे आप आज गणेश उत्‍सव के दूसरे द‍िन बप्‍पा को भोग लगा सकती हैं। आइए जानते हैं-

Instant Puran Poli Recipe Card

घर पर बिना दाल भिगोए इंस्टेंट पूरन पोली बनाने की आसान विधि
Her ZindagiHer ZindagiHer ZindagiHer ZindagiHer Zindagi
  • Total Time :60min
  • Preparation Time : 15min
  • Cooking Time : 45
  • Servings : 4
  • Cooking Level : Medium
  • Course: Desserts
  • Calories: 250
  • Cuisine: Indian
  • Author: Vrinda Srivastava

सामग्री

  • पूरन के लिए चना दाल- 1 कप
  • गुड़ या चीनी- 1 से 1 चौथाई कप
  • इलायची पाउडर- आधा छोटा चम्मच
  • जायफल पाउडर- 1 चुटकी
  • आटे के लिए गेहूं का आटा- 2 कप
  • नमक- 1 चुटकी
  • पानी- जरूरत के अनुसार
  • तेल या घी- 1 से 2 बड़े चम्मच
  • सेंकने के लिए घी- जरूरत के अनुसार

विधि

  • Step 1 :

    सबसे पहले चना दाल को 2 से 3 बार पानी से अच्छी तरह धो लें। यहां दाल को पहले से भिगोना नहीं है, इसलिए इसे सीधे प्रेशर कुकर में पकाना होगा। दाल में जरूरत के अनुसार पानी डालें और कुकर का ढक्कन बंद कर दें। इसे अच्छी तरह गलने तक पकाएं। दाल नरम हो जानी चाहिए, लेकिन उसमें बहुत ज्यादा पानी नहीं रहना चाहिए।

  • Step 2 :

    अब पकी हुई दाल को छान लें। बचा हुआ पानी फेंकने की जरूरत नहीं है। इसे अलग रख सकती हैं और जरूरत पड़ने पर आटा गूंथने या किसी दूसरी चीज में इस्तेमाल कर सकती हैं।

  • Step 3 :

    इसके बाद पकी हुई चना दाल को एक कड़ाही में डालें। इसमें गुड़ या चीनी डालकर धीमी से मीडियम फ्लेम पर पकाएं। इसे लगातार चलाती रहें ताकि दाल नीचे से चिपके नहीं। जब दाल का पानी सूखने लगे और मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो इसमें इलायची पाउडर और जायफल पाउडर डाल दें।

  • Step 4 :

    अब इस मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक यह इतना गाढ़ा न हो जाए कि आसानी से पोली के अंदर भरा जा सके। इसके बाद गैस बंद कर दें और पूरन को थोड़ा ठंडा होने दें। पूरी तरह जब यह ठंडा हो जाए तो इसे अच्छी तरह मैश कर लें या पूरन को छान लें।

  • Step 5 :

    अब आटा तैयार करें। इसके ल‍िए गेहूं के आटे में थोड़ा सा नमक और जरूरत के अनुसार पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें। इसमें थोड़ा तेल या घी लगाकर आटे को कुछ देर के लिए ढककर रख दें। इससे आटा बेलने में आसानी होगी।

  • Step 6 :

    अब आटे की छोटी लोई लें और उसे थोड़ा सा फैलाएं। बीच में तैयार पूरन रखें और आटे को चारों तरफ से बंद कर दें। इसे हल्के हाथ से दबाकर थोड़ा बड़ा करें और सूखे आटा लगाकर इसे बेल लें।

  • Step 7 :

    अब तवा गर्म करें और उस पर तैयार पूरन पोली डाल दें। दोनों तरफ से अच्छी तरह घी लगाकर सेंक लें। ध्यान रहे यह दोनों तरफ से करारी हो जानी चाह‍िए। इसी तरह

  • Step 8 :

    आपकी आसान इंस्टेंट पूरन पोली तैयार है। इसे बप्पा को भोग में अर्पित करने के बाद परिवार के साथ प्रसाद के रूप में खा सकती हैं।

कैसे करें सर्व?

पूरन पोली को गरमा गरम सर्व करने पर इसका स्वाद और भी अच्छा लगता है। इसे ऊपर से थोड़ा घी डालकर सर्व कर सकती हैं। अगर आप इसे भोग के लिए बना रही हैं, तो पहले भगवान गणेश को अर्पित करें और उसके बाद परिवार के साथ प्रसाद के रूप में लें।

Image Credit- Magnific

पूरन पोली बनाते समय काम आएंगे ये टिप्स

अगर आप इंस्‍टेंट पूरन पोली बना रही हैं, ताे कुछ बातों का ध्‍यान रखना हाेगा। जैसे-

  • दाल को अच्छी तरह गला लें। क्योंकि दाल पहले से भिगोई नहीं जा रही है, इसलिए उसे कुकर में इतना पकाएं कि वह आसानी से मैश हो जाए।
  • दाल में ज्यादा पानी न रखें। क्‍याेंकि‍ अगर पूरन बनाते समय दाल का मिश्रण बहुत पतला होगा तो पोली में भरना मुश्किल होगा। इसलिए पकने के बाद एक्स्ट्रा पानी छान लें।
  • पूरन को अच्छी तरह ठंडा जरूर करें। क्‍योंक‍ि गर्म पूरन आटे में भरने पर लोई संभालना मुश्किल हो जाएगा।
  • अगर दाल के दाने महसूस हो रहे हैं तो पूरन को अच्छी तरह मैश करें या छान लें। इससे पोली का अंदर का मिश्रण ज्यादा अच्छा लगेगा।
  • ध्‍यान रखें पोली को बहुत पतली न बेलें। बहुत ज्यादा पतली बेलने पर पूरन बाहर निकल सकता है। इसलिए इसे हल्के हाथ से मध्यम मोटाई में बेलें।
  • तवा को भी बहुत ज्यादा गर्म न रखें। जब आप मीड‍ियम आंच पर सेंकेंगी तो पोली अंदर तक अच्छी तरह पक जाएगी।
  • पोली दोनों तरफ से सिक जाने के बाद ऊपर से घी लगाएं। इससे इसका स्वाद और अच्छा लगेगा।
  • भोग के लिए मीठा अपने हिसाब से रखें। गुड़ या चीनी की मात्रा आप अपने स्वाद के अनुसार थोड़ी कम-ज्यादा कर सकती हैं।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik