मीठा खाना लगभग हर किसी को पसंद होता है। कोई खास मौका हो, त्योहार हो या फिर खुशी का कोई पल, इसके बिना सब अधूरा है। कुछ लोग बाजार से डेजर्ट खरीदकर लाते हैं, तो कुछ लोग घर पर बनाते हैं। इसमें अलग-अलग वैरायटी काजू-कतली, बर्फी, पेड़ा, रसमलाई, छेना जैसी तमाम मिठाइयां शामिल हैं। मगर क्या आपने कभी चावल की बर्फी का स्वाद चखा है? इसका टेस्ट इतना लाजवाब होता है कि आपको मावा-रसमलाई भी फीकी लगने लगेगी। यह जितनी स्वादिष्ट होती है उतनी ही आसान इसकी रेसिपी है। आज के इस लेख में हम आपको चावल की इस मिठाई को बनाने की विधि के बारे में बताने जा रहे हैं।

चावल की मिठाई कैसे बनाएं?

  • इस मिठाई को बनाने के लिए सबसे पहले चावल को अच्छे से साफ कर लें और उसे 3-4 बार पानी से अच्छी तरह धोकर एक सूती कपड़े पर फैला दें। लगभग 15-20 मिनट बाद जब चावल का पानी पूरी तरह सूख जाए, तो इसे एक बर्तन में निकाल लें।
  • अब गैस पर कड़ाही चढ़ाएं और उसमें 2 चम्मच घी डालकर गर्म होने दें। फिर इसमें सूखे हुए चावल डालें और लगातार चलाते हुए हल्का रंग बदलने तक अच्छे से भून लें। जब चावल भून जाएं, तो इन्हें एक थाली में निकालें और ठंडा होने के लिए छोड़ दें। थोड़ी देर बाद मिक्सर जार में डालकर एकदम बारीक पीस लें।

  • अब पिसे हुए आटे को स्टील वाली बारीक छन्नी से छान लें ताकि इसका महीन हिस्सा अलग हो जाए। इसी तरह, आधा कप काजू को भी मिक्सर में पल्स मोड पर चलाते हुए बारीक पाउडर बना लें। इन दोनों सामग्रियों को एक तरफ रख दें।

इसे भी पढ़ें- इस बार घर पर बनाएं तिखूर की बर्फी, स्वाद और सेहत दोनों में बेमिसाल

  • अब बिना गैस जलाए एक गहरे पैन में 1.5 लीटर दूध निकालें। फिर इसमें 200 ग्राम मिल्क पाउडर मिलाएं और दोनों को अच्छी तरह आपस में मिक्स कर लें। जब दूध में मिल्क पाउडर अच्छी तरह घुल जाए, तब इसमें 2 चम्मच घी डालें। इसे एक बार चलाकर मिक्स करें और फिर गैस की आंच चालू कर दें।
  •  अब इसे गाढ़ा होने तक लगातार चलाते हुए पकाएं। जैसे ही दूध में उबाल आ जाए, आंच को धीमी कर दें और कलछी को पैन के निचले हिस्से से सटाकर चलाते रहें। 3-4 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं, लेकिन ध्यान रहे कि दूध बहुत ज्यादा गाढ़ा न होने पाए। 

  • इसके बाद इसमें 1.5 कप चीनी डालें और इसे तब तक अच्छे से मिलाएं जब तक कि चीनी पूरी तरह घुल न जाए। अब गैस बंद कर दें और पैन को कुछ देर के लिए छोड़ दें। इसी बीच, एक थाली में थोड़ा सा घी लगाकर उसे चिकना कर लें।
  • अब दूध के इस गुनगुने घोल में पिसा हुआ चावल, काजू का पाउडर और इलायची पाउडर डालकर सभी को अच्छी तरह एकसार कर लें। इसके बाद दोबारा गैस ऑन करें और बेहद धीमी आंच पर इस मिश्रण को गाढ़ा होने तक लगभग 10 मिनट तक लगातार चलाते हुए पकाएं।
  • इसके बाद इसमें 2 चम्मच घी और डालें और अच्छी तरह मिला लें। जब यह मिश्रण कड़ाही को छोड़ने लगे और एक नरम डो की तरह दिखने लगे, तो गैस बंद कर दें और इस तैयार बैटर को घी लगी थाली में पलटकर सेट होने के लिए छोड़ दें।
  • अगले दिन इसे चाकू की मदद से अपने मनपसंद आकार में काट लें। बर्फी को थाली से आसानी से बाहर निकालने के लिए, थाली के निचले हिस्से को 1-2 मिनट के लिए हल्की आंच पर रखें। 

  • इससे नीचे जमा हुआ घी पिघल जाएगा और मिठाई बिना टूटे बहुत ही आसानी से बाहर आ जाएगी। अब इस चावल की मिठाई को सर्व करें।

इसे भी पढ़ें- मालपुआ और डोनट भी लगेंगे फीके, जब घर पर बनाएंगी नेपाली स्टाइल 'सेल रोटी'

अगर आप कुछ स्पेशल मिठाई बनाना चाहती हैं, तो एक बार चावल की बर्फी बनाकर खाएं। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Shutterstock