हमारे यहां भारतीय घरों में म‍िठाई स‍िर्फ खाना खत्‍म करने के बाद खाई जाने वाली स्‍वीट ड‍िश नहीं है। यहां मिठाइयों का रिश्ता फेस्‍ट‍िवल्‍स, शादी-ब्याह, पूजा-पाठ, परिवार की खुशियों और मेहमानों की खातिरदारी से भी जुड़ा है। घर में कोई खुशी का मौका हो तो मिठाई आ जाती है और किसी खास मौके पर किसी को बधाई देनी हो तो भी मिठाई का डिब्बा पहुंच जाता है। यही वजह है कि अलग-अलग तरह की भारतीय मिठाइयां लोगों के दिल में अपनी खास जगह रखती हैं।

लड्डू, गुलाब जामुन, जलेबी या फिर काजू कतली, हर मिठाई का अपना अलग स्वाद है। विदेश में रहने वाले भारतीयों के लिए भी ये मिठाइयां घर और बचपन की यादों से जुड़ी होती हैं। ऐसे में आज हम आपको अपने इस लेख में भारत की 10 ऐसी मिठाइयों के बारे में बताने जा रहे हैं जो लोगों को खूब पसंद आती हैं। आइए जानते हैं-

1. गुलाब जामुन

गुलाब जामुन भारतीय मिठाइयों में सबसे पसंद की जाती है। शादी-ब्‍याह, फेस्‍ट‍िवल्स में यह म‍िठाई खासतौर से देखने को म‍िलती है। गरमा-गरम एकदम जूसी गुलाब जामुन खाकर मजा ही आ जाता है। आजकल लोग गुलाब जामुन के साथ आइसक्रीम या रबड़ी खाना भी पसंद करते हैं।

2. बेसन के लड्डू

बेसन के लड्डू का नाम सुनते ही कई लोगों को घर की बनी मिठाई की याद आ जाती है। बेसन से बनने वाले ये लड्डू खास मौकों और त्योहारों पर खूब पसंद किए जाते हैं। इसे तो कुछ लोग घर पर भी बनाते हैं। इसका स्वाद इतना अच्‍छा होता है क‍ि एक खाने से मन ही नहीं भरता है। घर में बनाए जाएं या मिठाई की दुकान से लाए जाएं, बेसन के लड्डू की अपनी अलग पहचान है।

3. खीर

खीर भी भारतीय घरों की खास मिठाइयों में से एक है। इसे हम जब चाहे तब बना लेते हैं। बर्थडे हो या कोई पूजा-पाठ का मौका, खीर आसानी से बन जाती है। मलाईदार और मीठी खीर खाने में काफी स्वादिष्ट लगती है। कुछ लोग गरमा-गरम खीर खाना पसंद करते हैं, ताे कुछ लोगों को ठंडी खीर अच्‍छी लगती ह‍ै। आजकल खीर भी कई फ्लेवर में बनाई जाती है।

4. जलेबी

टेढ़ी-मेढ़ी और मीठी चाशनी से भरी जलेबी का नाम सुनते ही ज्‍यादातर लोगों के मुंह में पानी आ जाता है। यह उन मिठाइयों में से है, जिसे लोग अलग-अलग मौकों पर खाना पसंद करते हैं। जलेबी की खासियत इसका मीठा स्वाद और कुरकुरापन है। जलेबी की दुकानें तो लगभग हर नुक्‍कड़ पर देखने को म‍िल जाती है। सुबह-सुबह इन दुकानों पर भीड़ लगी होती है।

5. रसगुल्ला

रसगुल्ला भी भारत की मशहूर मिठाइयों में से एक है। नरम और रस से भरा रसगुल्ला मिठाई पसंद करने वालों को खूब पसंद आता है। यही वजह है कि भारत की आइकॉनिक मिठाइयों की बात हो तो रसगुल्ले का नाम जरूर आता है। यह म‍िठाई ठंडी-ठंडी ही अच्‍छी लगती है।

6. गाजर का हलवा

गाजर का हलवा तो हम भारतीयाें की जान है। सर्दियां शुरू होते ही लोगों के घरों, होटल और रेस्‍टोरेंट्स में गाजर का हलवा बनने लगता है। लोग इसे बड़े चाव से खाते हैं। खास बात तो यह है क‍ि गाजर का हलवा व‍िदेशी लोग भी खूब पसंद करते हैं।

7. काजू कतली

काजू कतली का नाम आते ही मिठाई की दुकान पर मिलने वाली पतली, सुंदर और स्वादिष्ट मिठाई याद आती है। इसे खास मौकों पर लोगों को देने के लिए भी पसंद किया जाता है। काजू के स्वाद वाली यह मिठाई थोड़ी महंगी जरूर होती है लेकि‍न इसका स्‍वाद इतना अच्‍छा होता है क‍ि लोग पैसाें की परवाह नहीं करते हैं। 

8. मैसूर पाक

मैसूर पाक भी भारत की पसंदीदा मिठाइयों में से एक है। इसका नाम बाकी मिठाइयों से थोड़ा अलग जरूर है, लेकिन मिठाई पसंद करने वालों के बीच इसकी अपनी जगह है। यह मैसूर की फेमस म‍िठाई है ज‍िसे बेसन और घी से बनाया जाता है।

9. पेड़ा

पेड़ा भारत की उन मिठाइयों में है, जिसे छोटे साइज में आसानी से खाया जा सकता है। इसका स्वाद काफी पसंद किया जाता है और घर पर आने वाले मेहमान भी इसे जरूर लेकर आते ह‍ैं। किसी खुशी के मौके पर मिठाई बांटनी हो या परिवार के लिए कुछ मीठा लाना हो, पेड़ा सबसे अच्‍छा ऑप्शन रहता है।

10. मोतीचूर के लड्डू

मोतीचूर के लड्डू भी भारत की मशहूर मिठाइयों में शामिल हैं। छोटे-छोटे दानों से बने ये लड्डू देखने में भी काफी सुंदर लगते हैं। हालांक‍ि, इसका नाम लेते ही 15 अगस्‍त या 26 जनवरी की याद आ जाती है जब स्‍कूलों में ये लड्डू बांटे जाते थे। अब तो यह त्‍योहार या शादी-ब्‍याह में भी लोगों को ड‍िब्‍बे में पैक करके द‍िए जाते हैं।

सिर्फ स्वाद नहीं, यादों से भी जुड़ी है मिठाई

भारत में मिठाइयों की खासियत सिर्फ उनका मीठा स्वाद नहीं है। इनका रिश्ता परिवार और खुशियों से भी है। त्योहारों पर मिठाई बांटना हो, शादी में मेहमानों को खिलाना हो या किसी खुशी की खबर पर घर में मीठा लाना हो, मिठाइयां हर मौके को थोड़ा और खास बना देती हैं। विदेश में रहने वाले भारतीयों के लिए भी इन मिठाइयों की अपनी खास जगह है।

यह भी पढ़ें- राजस्थानी स्वाद के साथ सजाएं थाली, नोट करें ये बेस्ट फूड आइडियाज

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

यह भी पढ़ें- राजशाही स्वाद से लेकर देसी जायके तक: ये हैं 10 आइकोनिक इंड‍ियन थालियां, जानें खासियत

Image Credit- AI/magnific