Gud Nariyal Pitha Recipe: क्या आपने कभी नरम-नरम, मुंह में घुल जाने वाले पीठे खाए हैं, जिनके अंदर गुड़ और नारियल की मीठी फिलिंग भरी होती है? अगर आपने एक बार खा लिया, तो बार-बार खाने का मन करेगा। इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात यह है कि पीठे तले नहीं जाते, भाप में पकते हैं। इसलिए ये हल्के भी होते हैं और सेहत के लिए भी अच्छे होते हैं। आज हम आपको ऐसी रेसिपी बताएंगे जो सिर्फ 30 मिनट में बन जाएगी और घर में सबको बहुत पसंद आएगी।

पीठे बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए? (Gud Nariyal Pithe Ingredients)

पीठे बनाने के लिए सबसे पहले इन सामान को अलग कर लें।

  • चावल का आटा - 1 कप (अगर न हो तो बारीक सूजी भी ले सकते हैं)
  • दही - 1 चम्मच
  • गुनगुना पानी या गुनगुना दूध - 3/4 कप
  • नमक - 1 चुटकी
  • ताजा कद्दूकस किया हुआ नारियल - 1/2 कप
  • गुड़ - 1/2 कप (कद्दूकस किया हुआ)
  • घी - सांचे को चिकना करने के लिए

image credit- ai

स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी (Jaggery Coconut Pithe Recipe)

इस रेसिपी को बनाना काफी आसान है। अगर आपके बच्चों ने इसे एक बार खा लिया तो बार-बार खाने की जिद्द करेंगे। आइए जानते हैं रेसिपी-

  • एक कड़ाही को धीमी आंच पर रखें। इसमें नारियल और गुड़ डाल दें। लगातार चलाते हुए 3 से 4 मिनट तक पकाएं। जब गुड़ पिघलकर नारियल में अच्छी तरह मिल जाए और मिश्रण थोड़ा चिपचिपा हो जाए, तो गैस बंद कर दें। इसे एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें।
  • एक बड़े बाउल में चावल का आटा, नमक और दही डाल दें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके गुनगुना पानी डालें और हल्के हाथ से गूंथें। आटा न ज्यादा सख्त हो, न ज्यादा पतला। थोड़ा नरम और हल्का चिपचिपा होना चाहिए। अब इसे ढककर 10 मिनट के लिए रख दें, ताकि आटा फूल जाए।
  • अब छोटे स्टील के कटोरे, इडली के सांचे या छोटी चाय की कप को घी से हल्का चिकना कर लें। हाथ पर थोड़ा पानी लगाकर आटे की छोटी लोई लें, उसे हथेली पर फैलाएं। बीच में 1 चम्मच गुड़-नारियल वाली फिलिंग रखें और ऊपर से थोड़ा आटा लगाकर अच्छी तरह बंद कर दें।
  • अगर आपको हाथ से शेप देना मुश्किल लगे, तो सांचे में पहले आटे की पतली परत बिछाएं, फिर फिलिंग भरें और ऊपर से फिर आटे की परत लगा दें। दोनों तरीका आसान है।
  • अब स्टीमर या बड़े बर्तन में पानी उबालें। अगर कुकर इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसकी सीटी निकाल दें। सांचे को अंदर रखें और ढक्कन लगाकर मीडियम आंच पर 15 से 20 मिनट तक भाप में पकाएं।
  • जब पीठे पक जाएं, तो गैस बंद करके 5 मिनट ऐसे ही छोड़ दें। फिर हल्के हाथ से सांचे से निकालें। गरम-गरम पीठे तैयार हैं।

image credit- pinterest (Ujjal Mallik)

पीठे नरम बनाने के 3 सीक्रेट टिप्स

अगर आपके पीठे टाइट हो जाते हैं तो उन्हें नरम बनाने के लिए नीचे दिए गए टिप्स को जरूर फॉलो करें।

  • पानी हमेशा गुनगुना लें: ठंडे पानी से आटा गूंथने पर पीठे सख्त हो जाते हैं। गुनगुने दूध से गूंथेंगे तो और भी ज्यादा सॉफ्ट बनेंगे।
  • आटे को रेस्ट जरूर दें: 10 मिनट का रेस्ट पीठों को फूलने और नरम होने में बहुत मदद करता है। इसे स्किप न करें।
  • आंच का ध्यान रखें: पीठों को तेज आंच पर न पकाएं। मीडियम आंच पर ही भाप में पकाएं, वरना ऊपर से पक जाएंगे और अंदर से कच्चे रह जाएंगे।

पीठे बनाते वक्त ध्यान रखने वाली बातें

घर में पीठे बनाते वक्त नीचे बताई गई बातों का जरूर ध्यान रखें, वरना नुकसान हो सकता है।

  • गुड़ को पहले ही कद्दूकस करके रखें, बड़े टुकड़े डालने से फिलिंग अच्छे से नहीं पकेगी।
  • फिलिंग को ज्यादा देर तक न पकाएं, वरना गुड़ सख्त हो जाएगा और पीठे के अंदर जम जाएगा।
  • पीठों को सांचे से निकालने की जल्दबाजी न करें। थोड़ा ठंडा होने के बाद ही निकालें, वरना टूट सकते हैं।
  • बचे हुए पीठों को फ्रिज में रखें और खाने से पहले 2 मिनट भाप में गर्म कर लें, फिर से नरम हो जाएंगे।

गुड़-नारियल के सॉफ्ट पीठे बनाना काफी आसान है। न बाजार जाना, न महंगी मिठाई लाना। घर की ही चीजों से सिर्फ 30 मिनट में इतनी स्वादिष्ट मिठाई तैयार हो जाती है। इस बार सर्दियों में यही पीठे बनाकर देखें, घर वाले बाजार की मिठाई भूल जाएंगे।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

 main image credit- ai